पश्चिमी घाट में वैज्ञानिकों ने एआरयू की सुनने की क्षमता जांची, जानने की कोशिश की कि मशीनें कितनी दूर तक आवाज पकड़ती हैं।
अध्ययन में छह किलोहर्ट्ज की आवाज 300 मीटर तक पकड़ी गई, जबकि एक किलोहर्ट्ज की आवाज सबसे जल्दी कमजोर पड़ी।
रिकॉर्डर की दिशा ने आवाज पकड़ने में सबसे अहम भूमिका निभाई, स्रोत की ओर मुंह होने पर पहचान की संभावना 81 प्रतिशत रही।
हवा में नमी बढ़ने से आवाज की पहचान बेहतर हुई, जबकि तापमान, हवा की गति और दिन के समय का खास असर नहीं दिखा।
वैज्ञानिकों ने बेहतर जैव विविधता निगरानी के लिए पांच चरणों का ढांचा सुझाया, ताकि रिकॉर्डर सही जगह और दिशा में लगाए जा सकें।
पक्षियों और दूसरे जीवों की आवाज रिकॉर्ड करने वाले उपकरणों की सुनने की क्षमता पर नया अध्ययन। पश्चिमी घाट में हुए शोध ने बताया कि आवाज की दूरी, उसकी आवृत्ति, नमी और रिकॉर्डर की दिशा तय करती है कि जंगल की कौन-सी आवाज हम तक पहुंचेगी और कौन-सी अनसुनी रह जाएगी। यह शोध प्लोस वन नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।
जंगल में सुबह होती है तो सिर्फ सूरज नहीं जागता, आवाजों की एक पूरी दुनिया भी करवट लेती है। कहीं चिड़िया चहकती है, कहीं कीट गुनगुनाते हैं, तो कहीं किसी अनजान जीव की पुकार पेड़ों के बीच गुम हो जाती है। इन आवाजों को दर्ज करने के लिए वैज्ञानिक अब ऐसे छोटे उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं, जो बिना किसी इंसानी मौजूदगी के घंटों जंगल की आवाज रिकॉर्ड करते रहते हैं। इन्हें ऑटोनॉमस रिकॉर्डिंग यूनिट (एआरयू) कहा जाता है।
लेकिन इन मशीनों के सामने एक बड़ा सवाल है। आखिर ये कितनी दूर तक सुन सकती हैं? क्या ये पूरे इलाके की आवाज पकड़ती हैं या आसपास के कुछ हिस्सों की ही कहानी रिकॉर्ड करती हैं? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए अशोका ट्रस्ट फॉर रिसर्च इन इकोलॉजी एंड द एनवायरनमेंट (अत्री) और भारतीय विज्ञान संस्थान (आईैआईैएससी), बेंगलुरु के शोधकर्ताओं ने पश्चिमी घाट के एक कृषि क्षेत्र में अध्ययन किया।
धान के खेत बने प्रयोगशाला
शोधकर्ताओं ने तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले में कलक्कड़-मुंडनथुराई टाइगर रिजर्व के पास पांच खाली पड़े, कटाई के बाद के धान के खेतों को चुना। यहां आठ लगातार दिनों तक सुबह और शाम के समय ध्वनियों को रिकॉर्ड किया गया।
इस दौरान एक से आठ किलोहर्ट्ज तक की आवृत्ति वाली आवाजों का परीक्षण हुआ। रिकॉर्ड की गई आवाजों को स्पेक्ट्रोग्राम की मदद से परखा गया। यह तकनीक बताती है कि किसी रिकॉर्डिंग में कौन-सी आवृत्ति की आवाज मौजूद है।
शोधकर्ताओं ने एक खास नियम भी रखा। किसी आवाज को तभी दर्ज माना गया, जब वह सुनाई भी दे और स्पेक्ट्रोग्राम में दिखाई भी दे। यानी सिर्फ मशीन में हल्की-सी लकीर दिखने से आवाज की मौजूदगी स्वीकार नहीं की गई।
छह किलोहर्ट्ज की आवाज सबसे दूर तक पहुंची
अध्ययन का नतीजा दिलचस्प था। दूरी बढ़ने के साथ आवाज पकड़ने की क्षमता तेजी से घटती गई, लेकिन हर आवृत्ति के साथ यह गिरावट एक जैसी नहीं थी।
एक किलोहर्ट्ज की कम आवृत्ति वाली आवाज को पकड़ना सबसे मुश्किल साबित हुआ। दूरी बढ़ने पर इसकी पहचान की संभावना सबसे तेजी से गिरी। इसके मुकाबले चार से छह किलोहर्ट्ज की आवाजें ज्यादा दूर तक साफ पकड़ी गईं।
चार से छह किलोहर्ट्ज की आवाजों की पहचान 250 मीटर तक 50 प्रतिशत से अधिक रही। छह किलोहर्ट्ज की आवाज तो 300 मीटर तक भी पकड़ी गई। हालांकि आठ किलोहर्ट्ज की आवाज की पहचान एक किलोहर्ट्ज से बेहतर रही, लेकिन चार से छह किलोहर्ट्ज जैसी क्षमता नहीं दिखी। इसकी एक वजह ऊंची आवृत्ति वाली ध्वनि का दूरी के साथ अधिक कमजोर होना है।
रिकॉर्डर का मुंह किस ओर है, यह भी जरूरी
मौसम के असर को देखें तो हवा में नमी यानी सापेक्ष आर्द्रता बढ़ने से आवाज पकड़ने की क्षमता बेहतर हुई। हालांकि तापमान, हवा की गति और सुबह-शाम के समय का कोई खास प्रभाव नहीं मिला।
सबसे चौंकाने वाली बात रिकॉर्डर की दिशा को लेकर सामने आई। अगर रिकॉर्डर का मुंह आवाज के स्रोत की ओर था, तो आवाज पकड़ने की संभावना 81 प्रतिशत तक रही। यानी जंगल में सिर्फ रिकॉर्डर लगा देना काफी नहीं, उसे किस दिशा में लगाया गया है, यह भी मायने रखता है।
पांच कदमों में बेहतर निगरानी का रास्ता
शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन के आधार पर एआरयू लगाने के लिए पांच चरणों वाला एक ढांचा सुझाया है। पहले चरण में यह तय करना होगा कि किस तरह के आवास, जीवों और आवाजों का अध्ययन करना है। इससे रिकॉर्डिंग की जरूरी आवृत्ति सीमा तय होगी।
दूसरे चरण में उपकरण की क्षमता और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को समझना होगा। तीसरे चरण में उस जगह के हिसाब से रिकॉर्डर की जांच और जरूरी मानकों का निर्धारण किया जाएगा। चौथे चरण में यह नक्शा तैयार होगा कि रिकॉर्डर कितनी दूर तक आवाज पकड़ सकता है। आखिरी चरण में इन्हीं जानकारियों के आधार पर रिकॉर्डर लगाने की जगह और तरीका बेहतर बनाया जाएगा।
मशीन की सुनने की सीमा समझना जरूरी
इस अध्ययन की एक सीमा भी है। शोधकर्ताओं ने जानवरों की वास्तविक आवाजों के बजाय कृत्रिम शुद्ध स्वरों का इस्तेमाल किया। साथ ही उन्होंने यह नहीं मापा कि रिकॉर्डिंग में शोर के मुकाबले असली आवाज कितनी मजबूत थी या स्वचालित पहचान प्रणाली कितनी सफल रही।
शोधकर्ता के मुताबिक, जैव विविधता की निगरानी से लेकर संरक्षण की सफलता मापने तक एआरयू का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लेकिन इन उपकरणों को बिना सोचे-समझे लगाने से वे पड़ोसी आवासों की आवाजें रिकॉर्ड कर सकते हैं या पूरे अध्ययन क्षेत्र की सही तस्वीर नहीं दे सकते। इससे संरक्षण के नतीजे जरूरत से ज्यादा या कम आंके जा सकते हैं।
उनकी बात में एक अहम संदेश छिपा है। तकनीक जंगल की आवाजें रिकॉर्ड कर सकती है, लेकिन जंगल को समझने के लिए सिर्फ मशीन पर भरोसा करना काफी नहीं। आखिरकार, प्रकृति क्या कह रही है, यह जानने के लिए मैदान में उतरना और अपने कानों से सुनना भी जरूरी है।