खेतों की मिट्टी तैयार करने के लिए रासायनिक खाद का इस्तेमाल करता किसान; फोटो: आईस्टॉक 
पर्यावरण

खेतों के बीच पनपता अदृश्य खतरा, हवा-पानी से थाली तक पहुंच रहा अमोनिया का जहर: रिसर्च

रिसर्च से पता चला है कि दुनिया में इंसानी गतिविधियों से होने वाले अमोनिया के 80 से 90 फीसदी उत्सर्जन के लिए कृषि जिम्मेदार है, जबकि इसके प्रदूषक कण और यौगिक हवा, पानी और भोजन के जरिए मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं।

Lalit Maurya

  • खेती-किसानी से निकलने वाला अमोनिया अब खेतों की सीमाएं लांघकर हमारी सांसों, पानी और भोजन तक पहुंच रहा है।

  • एक ताजा वैज्ञानिक समीक्षा ने इस अदृश्य प्रदूषण के गंभीर खतरों को उजागर किया है। रिसर्च के मुताबिक, दुनिया में मानवीय गतिविधियों से होने वाले कुल अमोनिया उत्सर्जन का 80 से 90 फीसदी हिस्सा कृषि क्षेत्र से आता है।

  • पशुओं के मल-मूत्र और रासायनिक उर्वरकों से निकलने वाली यह गैस हवा में दूसरे प्रदूषकों के साथ मिलकर खतरनाक पीएम2.5 कण बनाती है। वहीं, मिट्टी और जल स्रोतों में पहुंचकर नाइट्रेट के रूप में सब्जियों और पीने के पानी को भी दूषित कर सकती है।

  • लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से सांस संबंधी बीमारियों, हृदय रोगों और पाचन तंत्र के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। शिशुओं में दूषित पानी से ब्लू बेबी सिंड्रोम जैसी जानलेवा स्थिति पैदा होने की आशंका भी है।

  • समीक्षा में भारत को भी अमोनिया उत्सर्जन के प्रमुख वैश्विक हॉटस्पॉट में शामिल किया गया है।

खेती को जीवन और पोषण का आधार माना जाता है, लेकिन खेतों से निकलने वाला रासायनिक प्रदूषण अब इसी जीवन के लिए खतरा बनता जा रहा है।

वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि फसलों में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक उर्वरकों और पशुओं के मल-मूत्र से निकलने वाली अमोनिया खेतों की सीमाएं पार कर हवा, पानी और यहां तक की हमारे भोजन तक में पैठ बना रहा है। यानी जिस जमीन से हमें अनाज और सब्जियां मिलती हैं, वहीं से निकलने वाला प्रदूषण हमारी सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

प्रतिष्ठित जर्नल 'द इनोवेशन रिव्यूज' में प्रकाशित ताजा समीक्षा के मुताबिक, खेती-किसानी से निकलने वाली अमोनिया गैस अब केवल खेतों तक सीमित नहीं रही। यह हवा में घुलकर, जमीन के पानी में उतरकर और सब्जियों के पत्तों में छिपकर हमारे शरीर के भीतर पहुंच रही है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक अमोनिया हवा में मौजूद दूसरे प्रदूषकों के साथ मिलकर बेहद महीन जहरीले कण बनाता है। बारिश के साथ मिट्टी से बहकर पानी के स्रोतों तक पहुंचता है और फसलों के जरिए हमारी थाली में भी जगह बना लेता है। समीक्षा में सामने आया है कि यह प्रदूषण सांस संबंधी बीमारियों से लेकर पाचन तंत्र से जुड़े कैंसर और लिवर को होने वाले नुकसान तक की वजह बन सकता है।

अपने इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने अमोनिया प्रदूषण के स्रोतों, मानव शरीर पर इसके प्रभावों और इससे निपटने में मददगार साबित हो सकने वाले बैक्टीरिया की भूमिका का विश्लेषण किया है। शोधकर्ताओं का कहना है कि अमोनिया को नियंत्रित करने के लिए प्रकृति में मौजूद कुछ खास बैक्टीरिया भविष्य में उपचार का नया रास्ता खोल सकते हैं। हालांकि, इस दिशा में अभी और शोध की जरूरत है।

खेती से निकलता है दुनिया का 80 से 90 फीसदी अमोनिया

वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानवीय गतिविधियों से दुनिया में उत्सर्जित होने वाले कुल अमोनिया का करीब 80 से 90 फीसदी हिस्सा अकेले कृषि क्षेत्र से आता है। इसमें पशुपालन, रासायनिक उर्वरकों का इस्तेमाल और मछली व अन्य जलीय जीवों का पालन शामिल है।

गौरतलब है कि पशुओं के मल-मूत्र के सड़ने और विघटित होने के दौरान बड़ी मात्रा में अमोनिया निकलता है। इसी तरह खेतों में फसलों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उर्वरक भी इसका एक बड़ा स्रोत हैं। इसके अलावा रासायनिक उद्योग, उर्वरक कारखाने, दवा निर्माण इकाइयां और तेल रिफाइनरियां भी अमोनिया प्रदूषण बढ़ाती हैं।

इसके साथ ही शहरों में सीवेज और कचरे का खराब प्रबंधन इसकी एक बड़ी वजह है। कुछ डीजल वाहन भी अपने एग्जॉस्ट सिस्टम से अमोनिया छोड़ते हैं, खासकर जब उनमें खराब गुणवत्ता वाले यूरिया का इस्तेमाल किया जाता है। इस तरह खेतों से निकलने वाला अमोनिया धीरे-धीरे हवा, पानी और खाद्य श्रृंखला का हिस्सा बन जाता है।

अध्ययन में यह भी सामने आया है कि, अमोनिया उत्सर्जन के मामले में चीन, भारत, अमेरिका और यूरोप दुनिया के प्रमुख हॉटस्पॉट हैं। यानी भारत भी उन क्षेत्रों में शामिल है, जहां खेती-किसानी और अन्य मानवीय गतिविधियों से निकलने वाला अमोनिया पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।

हवा में घुलकर बनाता है जानलेवा महीन कण

रिसर्च से पता चला है कि खेतों या औद्योगिक इकाइयों के आसपास रहने और काम करने वाले लोग सीधे तौर पर अमोनिया के संपर्क में आ सकते हैं। यह गैस आंखों और सांस के रास्तों में जलन पैदा करती है। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से नाक और श्वसन तंत्र की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंच सकता है।

हालांकि अमोनिया का खतरा यहीं तक सीमित नहीं। हवा में पहुंचने के बाद यह सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी गैसों के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया करता है। ये गैसें मुख्य रूप से कोयले और दूसरे जीवाश्म ईंधनों के जलने से निकलती हैं। इनके साथ प्रतिक्रिया के बाद अमोनिया अमोनियम लवण बनाता है, जो हवा में मौजूद प्रदूषण के बेहद महीन कणों पीएम2.5 का हिस्सा होते हैं।

बता दें कि पीएम2.5 प्रदूषण के इतने महीन कण हैं जो फेफड़ों के भीतर गहराई तक पहुंच सकते हैं। इनका संबंध अस्थमा, क्रोनिक ब्रोंकाइटिस, सीओपीडी और हृदय रोगों से भी है।

समीक्षा में 2015 के एक विश्लेषण का भी जिक्र किया है जिसके अनुसार वातावरण में मौजूद प्रदूषण के महीन कण दुनिया भर में असमय होने वाली करीब पांच फीसदी मौतों के लिए जिम्मेदार हैं। अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पशुओं पर किए प्रयोगों का भी जिक्र किया है। इनमें अमोनिया के संपर्क में आने से नाक और आंतों में मौजूद बैक्टीरिया में बदलाव देखा गया। हालांकि, मनुष्यों के स्वास्थ्य पर इन बदलावों का वास्तविक असर अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

बारिश के साथ पानी और भोजन में पहुंचता है जहर

अमोनिया का एक हिस्सा मिट्टी में पहुंचने के बाद सूक्ष्मजीवों की मदद से नाइट्रेट में बदल जाता है। बारिश और सिंचाई के पानी के साथ यह नाइट्रेट जमीन के भीतर रिसकर भूजल तक पहुंच सकता है। वहीं, खेतों से बहकर नदियों और झीलों में भी जमा हो सकता है। 

ऐसे में पौधे मिट्टी से नाइट्रेट सोख लेते हैं। खासकर पालक और दूसरी पत्तेदार सब्जियों में इसकी मात्रा जमा हो सकती है। ऐसे में दूषित पानी पीने के साथ-साथ भोजन के जरिए भी नाइट्रेट मानव शरीर में पहुंच जाता है।

शरीर के भीतर नाइट्रेट का कुछ हिस्सा नाइट्राइट में बदल जाता है। यह रक्त में मौजूद हीमोग्लोबिन की ऑक्सीजन ले जाने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। इसका सबसे अधिक खतरा छोटे बच्चों और शिशुओं को होता है। गंभीर स्थिति में इससे 'ब्लू बेबी सिंड्रोम' हो सकता है, जो जानलेवा भी साबित हो सकता है।

इसी खतरे को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पीने के पानी में नाइट्रेट की मात्रा के लिए सुरक्षित सीमा निर्धारित की है।

इतना ही नहीं, पेट में नाइट्रेट और नाइट्राइट भोजन में मौजूद कुछ दूसरे यौगिकों के साथ प्रतिक्रिया करके कैंसर पैदा करने वाले पदार्थ बना सकते हैं। समीक्षा के मुताबिक, लंबे समय तक इनका अधिक सेवन पेट, भोजन नली और पाचन तंत्र के दूसरे हिस्सों के कैंसर के बढ़ते जोखिम से जुड़ा है।

दूसरी तरफ नदियों और झीलों में पहुंचने वाला नाइट्रेट शैवाल और दूसरे सूक्ष्म जलीय जीवों की भारी वृद्धि को भी बढ़ावा देता है। इससे पानी में शैवाल की बड़ी-बड़ी परतें बनने लगती हैं। इनमें से कुछ शैवाल जहरीले पदार्थ छोड़ते हैं, जो पानी को दूषित करने के साथ मछलियों और दूसरे जलीय जीवों में जमा हो सकते हैं। इनके सेवन से मानव शरीर, खासकर लिवर को नुकसान पहुंच सकता है।

लिवर कमजोर होने पर शरीर में बढ़ने लगता है अमोनिया

अमोनिया केवल पर्यावरण से ही हमारे शरीर में नहीं पहुंचता, बल्कि शरीर के भीतर भी प्राकृतिक रूप से बनता है। भोजन में मौजूद प्रोटीन के टूटने और आंतों में रहने वाले बैक्टीरिया की गतिविधियों से अमोनिया पैदा होता है।

सामान्य स्थिति में लिवर इस अमोनिया को यूरिया में बदल देता है, जिसे शरीर यूरीन के जरिए बाहर निकाल देता है। लेकिन जब लिवर गंभीर रूप से खराब हो जाता है, तो वह इस प्रक्रिया को ठीक से पूरा नहीं कर पाता। नतीजतन, खून में अमोनिया का स्तर बढ़ने लगता है।

इस स्थिति को हाइपर अमोनिमिया कहा जाता है। खून में अमोनिया की अधिकता दिमाग को प्रभावित कर सकती है। इससे व्यक्ति को भ्रम, सोचने-समझने में परेशानी और शरीर का संतुलन बनाने या चलने-फिरने में कठिनाई हो सकती है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, लिवर की बीमारी का असर आंतों में मौजूद सूक्ष्मजीवों पर भी पड़ता है। खासकर सिरोसिस यानी लिवर में लंबे समय तक क्षति के कारण होने वाली बीमारी में आंतों में अमोनिया बनाने वाले एंजाइम की सक्रियता बढ़ सकती है।

चूहों पर किए गए अध्ययनों में भी पाया गया है कि लंबे समय तक खून में अमोनिया का स्तर बढ़ा रहने से आंतों में मौजूद बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ सकता है। कुछ हानिकारक बैक्टीरिया बढ़ने लगते हैं, जबकि शरीर के लिए फायदेमंद बैक्टीरिया की संख्या घट जाती है।

अमोनिया कम करने के मौजूदा इलाज की भी हैं सीमाएं

फिलहाल लिवर की बीमारी से जुड़े अमोनिया के बढ़ते स्तर को नियंत्रित करने के लिए लैक्टुलोज और रिफैक्सिमिन जैसी दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। लैक्टुलोज आंतों में लाभकारी बैक्टीरिया को बढ़ावा देने में मदद करता है, जबकि रिफैक्सिमिन कुछ हानिकारक बैक्टीरिया की संख्या कम करता है।

हालांकि, इन दवाओं के अपने दुष्प्रभाव भी हैं। लैक्टुलोज का अधिक इस्तेमाल शरीर में पानी की कमी और दूसरी जटिलताएं पैदा कर सकता है। वहीं, कुछ मरीजों में रिफैक्सिमिन के कारण गंभीर दस्त की समस्या हो सकती है। गंभीर मामलों में डायलिसिस के जरिए खून से अमोनिया को बाहर निकालने की कोशिश की जाती है। लिवर के बहुत अधिक खराब हो जाने पर प्रत्यारोपण की जरूरत भी पड़ सकती है।

शोधकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा उपचारों की अपनी सीमाएं हैं। लंबे समय तक इलाज, अधिक खर्च और दवाओं के दुष्प्रभाव मरीजों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में अमोनिया को प्राकृतिक रूप से कम करने वाले बैक्टीरिया पर शोध एक नई उम्मीद जगाता है।

प्रकृति के पास ही छिपा है इस मर्ज का इलाज

प्रकृति में मिट्टी, नदियों और समुद्रों में ऐसे कई बैक्टीरिया मौजूद हैं, जो अमोनिया को तोड़ने या उसका इस्तेमाल करने में सक्षम हैं। इनमें से कुछ बैक्टीरिया अमोनियम को सीधे नाइट्रोजन गैस में बदल सकते हैं। इस प्रक्रिया में नाइट्रेट और नाइट्राइट जैसे प्रदूषक भी नहीं बनते।

समीक्षा में जोबेलेला ताइवानेंसिस (Zobellella taiwanensis) नामक बैक्टीरिया का उदाहरण दिया गया है, जो इस तरह की प्रक्रिया में मदद कर सकता है। वहीं, लैक्टोबैसिलस प्लांटारम (Lactobacillus plantarum) जैसे कुछ बैक्टीरिया अमोनिया को अमीनो एसिड में शामिल कर सकते हैं। अमीनो एसिड प्रोटीन के निर्माण की बुनियादी इकाइयां हैं। शोधकर्ताओं ने ऐसे प्रयोगों का भी उल्लेख किया है, जिनमें इस बैक्टीरिया से दिमाग में अमोनिया का स्तर कम होने के संकेत मिले हैं।

हालांकि, इन बैक्टीरिया का इस्तेमाल सीधे मानव शरीर में करना आसान नहीं होगा। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि क्या ये बैक्टीरिया आंतों के भीतर जीवित रह पाएंगे और वहां प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगे।

इस दिशा में शोधकर्ताओं ने चार संभावित रास्ते सुझाए हैं। पहला, प्रयोगशाला में तैयार बैक्टीरिया के बजाय ऐसे बैक्टीरिया का इस्तेमाल करना जो पहले से मानव आंतों में रहने के अनुकूल हों। दूसरा, जीवित बैक्टीरिया की जगह मृत बैक्टीरिया का इस्तेमाल करना, जिनके एंजाइम अब भी सक्रिय रह सकते हैं।

तीसरा, ऐसे एंजाइम या बैक्टीरिया को किसी खास माध्यम में स्थिर रखना, ताकि वे शरीर के भीतर या बाहर अमोनिया को कम कर सकें। चौथा, आंतों में मौजूद पूरे सूक्ष्मजीवी समुदाय को इस तरह बदलना कि वह अमोनिया को बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सके।

शोधकर्ताओं का मानना है कि इन तरीकों से भविष्य में अमोनिया की अधिकता से जूझ रहे मरीजों के इलाज के नए विकल्प विकसित हो सकते हैं।

हालांकि, यह रिसर्च अभी शुरुआती चरण में है और इंसानों पर इसके परीक्षण बाकी हैं, लेकिन इसने एक बात साफ कर दी है, हमें अपनी खेती के तौर-तरीकों और पर्यावरण को लेकर अब संभलना होगा, क्योंकि धरती को दिया गया जहर घूमकर हमारी ही थाली और सांसों में लौट रहा है।