व्हाइट-टेल्ड ईगल के लिए खतरा बढ़ेगा। 2080 तक ब्रिटेन में उसके अनुकूल आवास में 97.2 फीसदी तक कमी आ सकती है। फोटो साभार: आईस्टॉक
जलवायु

जलवायु संकट: ब्रिटेन में 74% बढ़ सकता है पेरेग्रीन बाज का बसेरा, सफेद पूंछ वाले बाज पर संकट

ग्लोबल वार्मिंग से ब्रिटेन में पेरेग्रीन बाज का अनुकूल आवास 2080 तक 74 फीसदी बढ़ सकता है, जबकि कई शिकारी पक्षियों पर संकट गहराएगा।

Dayanidhi

  • जलवायु परिवर्तन से 2080 तक ब्रिटेन में पेरेग्रीन बाज के अनुकूल आवास में 73.5 फीसदी तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

  • हेन हैरियर के रहने योग्य क्षेत्र में भी 41 फीसदी विस्तार हो सकता है, जिससे इस प्रजाति को नए ठिकाने मिलेंगे।

  • व्हाइट-टेल्ड ईगल के लिए खतरा बढ़ेगा। 2080 तक ब्रिटेन में उसके अनुकूल आवास में 97.2 फीसदी तक कमी आ सकती है।

  • रेड काइट, मर्लिन और शॉर्ट-ईयर्ड आउल समेत कई शिकारी पक्षियों के प्राकृतिक आवास में गिरावट आने की आशंका है।

  • अवैध शिकार, जहर और बिजली लाइनों से टकराव रोकने के साथ प्राकृतिक आवास बचाना पक्षियों के संरक्षण के लिए बेहद जरूरी होगा।

जलवायु परिवर्तन को आमतौर पर बढ़ते तापमान, पिघलते ग्लेशियरों और समुद्र के बढ़ते जलस्तर से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन इसका असर आसमान में उड़ने वाले परिंदों पर भी पड़ रहा है। ब्रिटेन में हुए एक नए अध्ययन ने इस बदलाव की एक दिलचस्प तस्वीर पेश की है। इसके मुताबिक, आने वाले दशकों में कुछ शिकारी पक्षियों के लिए ब्रिटेन पहले से ज्यादा अनुकूल हो सकता है, जबकि कुछ दूसरी प्रजातियों के लिए यहां रहना मुश्किल होता जाएगा।

यह अध्ययन नॉटिंघम विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जियोग्राफी के शोधकर्ता की अगुवाई में किया गया है। यह शोध पत्रिका 'फ्रंटियर्स इन इकोलॉजी एंड इवोल्यूशन' में प्रकाशित हुआ है।

पेरेग्रीन बाज के लिए खुलेंगे नए आसमान

दुनिया का सबसे तेज उड़ने वाला पक्षी पेरेग्रीन बाज शिकार करते समय 300 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक की रफ्तार पकड़ सकता है। अब जलवायु परिवर्तन उसके लिए ब्रिटेन में नए ठिकाने खोल सकता है।

अध्ययन के मुताबिक, फिलहाल ब्रिटेन में पेरेग्रीन बाज के अनुकूल क्षेत्र करीब 1,10,257 वर्ग किलोमीटर है। मध्यम उत्सर्जन वाले जलवायु परिदृश्य में यह क्षेत्र 2060 तक बढ़कर 1,55,000 वर्ग किलोमीटर हो सकता है। वहीं, अगर दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन बहुत अधिक बना रहता है, तो 2080 तक इसका दायरा बढ़कर 1,91,319 वर्ग किलोमीटर पहुंच सकता है। यानी मौजूदा क्षेत्र के मुकाबले करीब 73.5 फीसदी की बढ़ोतरी।

हेन हैरियर नाम के शिकारी पक्षी के लिए भी अच्छी खबर है। उसके अनुकूल क्षेत्र में 2080 तक करीब 41 फीसदी विस्तार का अनुमान है। गोल्डन ईगल, लिटिल आउल, लॉन्ग-ईयर्ड आउल, बार्न आउल और वेस्टर्न मार्श हैरियर को भी कुछ हद तक फायदा हो सकता है।

किसी के लिए राहत, किसी के लिए आफत

लेकिन जलवायु परिवर्तन का यह सिक्का दूसरा पहलू भी रखता है। अध्ययन के मुताबिक, ब्रिटेन में शॉर्ट-ईयर्ड आउल, रेड काइट, मर्लिन और यूरेशियन गोशॉक के अनुकूल आवास में गिरावट आ सकती है।

सबसे चिंताजनक स्थिति सफेद पूंछ वाले बाज यानी व्हाइट-टेल्ड ईगल की है। फिलहाल ब्रिटेन में उसके अनुकूल क्षेत्र का विस्तार करीब 2,306 वर्ग किलोमीटर है। मध्यम उत्सर्जन वाले परिदृश्य में यह 2060 तक घटकर महज 444 वर्ग किलोमीटर रह सकता है। वहीं, अधिक उत्सर्जन की स्थिति में 2080 तक इसके केवल 65 वर्ग किलोमीटर रहने का अनुमान है। यह करीब 97.2 फीसदी की भारी गिरावट होगी।

दूसरी ओर, कॉमन बजर्ड, यूरोपियन स्पैरोहॉक और टैनी आउल के अनुकूल क्षेत्रों में बहुत बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं जताई गई है।

शिकारी पक्षी क्यों हैं जरूरी?

शिकारी पक्षी किसी भी पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण प्रहरी होते हैं। वे छोटे स्तनधारियों और दूसरे शिकार जीवों की संख्या नियंत्रित रखते हैं। इससे वनस्पतियों पर अत्यधिक चराई का दबाव कम होता है और प्राकृतिक संतुलन बना रहता है।

ब्रिटेन में आज पांच प्रजातियों के उल्लू और दिन में शिकार करने वाले 15 प्रकार के शिकारी पक्षी प्रजनन करते हैं। हालांकि, इनकी आबादी हमेशा इतनी अच्छी नहीं रही। बीसवीं सदी के मध्य में ऑर्गेनोक्लोरीन कीटनाशकों के व्यापक इस्तेमाल ने कई शिकारी पक्षियों की संख्या बुरी तरह घटा दी थी। इन जहरीले रसायनों का असर खाद्य श्रृंखला के जरिए इन पक्षियों तक पहुंचता था। बाद में इन रसायनों पर प्रतिबंध लगने से कई प्रजातियों की आबादी में सुधार हुआ।

इसके बावजूद पेरेग्रीन बाज भी चुनौतियों से घिरा है। ब्रिटिश ट्रस्ट फॉर ऑर्निथोलॉजी के अनुमान के अनुसार, 1995 से 2024 के बीच ब्रिटेन में उसके प्रजनन करने वाले जोड़ों की संख्या में 57 फीसदी गिरावट आई है। अवैध शिकार, भोजन की कमी और बर्ड फ्लू इसके प्रमुख कारण हैं। फिलहाल ब्रिटेन में पेरेग्रीन बाज के करीब 1,750 से 1,800 जोड़े हैं।

सिर्फ बदलता मौसम काफी नहीं

शोधकर्ता का कहना है कि अनुकूल जलवायु का मतलब यह नहीं कि पक्षियों की संख्या अपने आप बढ़ जाएगी। नए इलाकों में बसने और प्रजनन करने के लिए उन्हें सुरक्षित घोंसले, पर्याप्त भोजन और अनुकूल प्राकृतिक वातावरण भी चाहिए।

इसके लिए अवैध शिकार, जाल बिछाने और जहर देने जैसी गतिविधियों पर रोक जरूरी है। बिजली की लाइनों और पवन चक्कियों से होने वाली टक्करों को कम करना भी महत्वपूर्ण है। साथ ही, जंगलों और दूसरे प्राकृतिक आवासों को बचाने तथा उनके बीच संपर्क बनाए रखने की जरूरत है।

आम लोग भी इस मुहिम में योगदान दे सकते हैं। आईनेचुरलिस्ट जैसे नागरिक विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए पक्षियों और वन्यजीवों की तस्वीरें तथा उनकी मौजूदगी से जुड़ी जानकारी साझा की जा सकती है। इससे वैज्ञानिकों को बदलते पर्यावरण में प्रजातियों की स्थिति समझने में मदद मिलती है।

असली चुनौती प्रकृति का संतुलन बचाने की

इस अध्ययन का संदेश साफ है। जलवायु परिवर्तन किसी एक प्रजाति के लिए वरदान तो दूसरी के लिए अभिशाप बन सकता है। पेरेग्रीन बाज के लिए ब्रिटेन का आसमान भले ही ज्यादा खुला नजर आए, लेकिन सफेद पूंछ वाले बाज जैसे पक्षियों के सामने संकट गहराता दिख रहा है।

आखिरकार, सवाल सिर्फ यह नहीं है कि भविष्य में कौन-सा पक्षी कहां उड़ सकेगा। असली सवाल यह है कि क्या इंसान बदलती जलवायु के बीच प्रकृति की विविधता और उसका संतुलन बचा पाएगा?