ब्लू-डीईएफ: स्वच्छ हवा की ओर एक व्यावहारिक कदम
भारत इक्कीसवीं सदी में विकास और पर्यावरण के दोहरे दबाव के बीच खड़ा है। एक ओर देश को आर्थिक प्रगति, औद्योगीकरण और बेहतर परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता है, तो दूसरी ओर बढ़ता वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं।
विशेष रूप से डीजल से चलने वाले वाहन जैसे ट्रक, बसें, निर्माण मशीनें, रेल इंजन और कृषि उपकरण भारत की अर्थव्यवस्था के लिए अनिवार्य हैं, लेकिन तुलनात्मक रूप से अन्य ईंधनो के मुकाबले डीजल आधारित इंजन ज्यादा वायु प्रदूषण पैदा करते हैं।
ऐसे परिदृश्य में डीजल इंजन से वायु प्रदूषण को कम करने के लिए खास तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे डीजल एग्जॉस्ट फ्लुइड या ब्लू-डीईएफ, जिसे आम तौर पर तरल यूरिया कहा जाता है, प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी हस्तक्षेप के रूप में सामने आया है।
भारत के कई बड़े और यहां तक छोटे छोटे शहर भी अब वायू प्रदूषण के केंद्र बनते जा रहे है और अक्सर समाचारों में रहते हैं। इनमें से अधिकांश शहरों में नाइट्रोजन ऑक्साइड (नॉक्स) और खतरनाक धूलकण का स्तर चिंताजनक है।
नॉक्स गैसें दमा, ब्रोंकाइटिस, फेफड़ों के संक्रमण और हृदय रोगों को बढ़ावा देती हैं। बच्चों, बुज़ुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह प्रदूषण विशेष रूप से खतरनाक है। यही कारण है कि भारत सरकार ने वर्ष 2020 में बीएस-फाइव के बदले सीधे बीएस-सिक्स (भारत स्टेज-सिक्स) उत्सर्जन मानकों को लागू किया, जो यूरोप के यूरो-6 मानकों के समकक्ष हैं। इन मानकों का उद्देश्य डीजल और पेट्रोल वाहनों से निकलने वाले हानिकारक प्रदूषकों को नाटकीय रूप से कम करना है।
बीएस-सिक्स मानकों के अंतर्गत डीजल वाहनों में सेलेक्टिव कैटेलिटिक रिडक्शन (एससीआर) तकनीक को अपनाना अनिवार्य किया गया। एससीआर प्रणाली ब्लू-डीईएफ के माध्यम से इंजन के धुएं से बहुत हद तक प्रदूषण कम कर देता है। ब्लू-डीईएफ विशुद्ध यूरिया (लगभग 32.5 प्रतिशत) और डी-आयोनाइज़्ड पानी (लगभग 67.5 प्रतिशत) का मिश्रण है।
यह इंजन के ईंधन टैंक में नहीं, बल्कि एक अलग टैंक में रखा जाता है और दहन के बाद निकलने वाली एग्ज़ॉस्ट गैसों में इंजेक्ट किया जाता है। गर्म एग्ज़ॉस्ट के संपर्क में आते ही यह अमोनिया उत्पन्न करता है, जो नाइट्रोजन ऑक्साइड के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया करके उसे हानिरहित नाइट्रोजन और जलवाष्प में बदल देता है।
भारत जैसे देश में, जहाँ डीज़ल वाहनों की संख्या अत्यधिक है और लंबी दूरी का माल परिवहन मुख्यतः ट्रकों पर निर्भर करता है, ब्लू-डीईएफ का पर्यावरणीय महत्व और भी बढ़ जाता है। राष्ट्रीय राजमार्गों, औद्योगिक गलियारों और शहरी परिवहन में चलने वाले भारी वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने में यह तकनीक निर्णायक भूमिका निभा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, एससीआर प्रणाली और ब्लू-डीईएफ के माध्यम से नॉक्स उत्सर्जन में 80 से 90 प्रतिशत तक की कमी संभव है। वायु प्रदूषण में यह कमी केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका प्रत्यक्ष प्रभाव जन स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर पड़ता है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से देखें तो ब्लू-डीईएफ अप्रत्यक्ष रूप से करोड़ों भारतीयों के लिए लाभकारी है। भारत में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं पर भारी दबाव है। वायु प्रदूषण से उत्पन्न बीमारियां इस दबाव को और बढ़ा देती हैं।
यदि डीजल वाहनों से निकलने वाले नॉक्स को नियंत्रित किया जाए, तो अस्पतालों पर बोझ कम हो सकता है, दवाओं पर होने वाला खर्च घट सकता है और कार्यक्षमता में वृद्धि हो सकती है। इस प्रकार ब्लू-डीईएफ को केवल एक तकनीकी तरल के रूप में नहीं, बल्कि स्वास्थ्य-आधारित पर्यावरण नीति के एक हिस्से के रूप में देखा जाना चाहिए।
हालाँकि, भारत के संदर्भ में ब्लू-डीईएफ की कुछ सीमाएँ और चुनौतियाँ भी हैं। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि यह तकनीक वायु प्रदूषण का कुछ हद तक समाधान करता है पर जलवायु परिवर्तन की समस्या का पूर्ण समाधान नहीं है।
ब्लू-डीईएफ नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसे विषैले प्रदूषकों को कम करता है, लेकिन यह कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन को कम नहीं करता, जो ग्लोबल वार्मिंग का प्रमुख कारण है। भारत पहले ही वैश्विक स्तर पर कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन के बड़े देशों में शामिल है। इसलिए यदि ब्लू-डीईएफ को पर्यावरणीय समाधान के रूप में प्रस्तुत किया जाए, तो इसके सीमित दायरे को समझना आवश्यक है।
एक अन्य चुनौती इसकी उपलब्धता, गुणवत्ता और सही उपयोग से जुड़ी है। भारत के ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में अभी भी ब्लू-डीईएफ के महत्व को लेकर पर्याप्त जागरूकता नहीं है।
कई बार वाहन चालक नकली या निम्न गुणवत्ता वाले डीईएफ का उपयोग कर लेते हैं, जिससे एससीआर प्रणाली खराब हो सकती है और प्रदूषण नियंत्रण का उद्देश्य विफल हो जाता है। इसके अतिरिक्त, गलत भंडारण या लापरवाही से किया गया निस्तारण मिट्टी और जल स्रोतों को प्रभावित कर सकता है।
ब्लू-डीईएफ कोई जहरीला या खतरनाक रसायन नहीं है, मिट्टी या पानी में इसका निस्तारण नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ा देता है, जो क्रमशः मिट्टी का पी एच स्तर बिगाड़ एसिडिटी बढ़ा देता है और जलस्रोतो में यूट्रोफिकेशन का कारण बन सकता हैं। इस प्रकार भारत जैसे कृषि प्रधान देश में यह एक गंभीर पर्यावरणीय जोखिम हो सकता है।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि ब्लू-डीईएफ में प्रयुक्त यूरिया का उत्पादन में ज्यादा उर्जा की जरुरत होती है जिसमें प्राकृतिक गैस का उपयोग होता है। यूरिया उत्पादन स्वयं हैबर-बॉश प्रक्रिया पर आधारित है, जिसमें प्राकृतिक गैस का उपयोग होता है और प्रत्येक टन यूरिया उत्पादन पर लगभग 1.6–1.9 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित होता है।
भारत में डीईएफ की औसत खपत लगभग 500 मिलियन लीटर प्रतिवर्ष अनुमानित है, जिससे यूरिया उत्पादन के कारण अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 0.6–0.8 मिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड प्रति वर्ष का उत्सर्जन होता है। यह मात्रा देश के कुल कार्बन उत्सर्जन (2.9 गीगाटन कार्बन डाइऑक्साइड समकक्ष) की तुलना में बहुत छोटी है, परंतु पूर्णत: शून्य नहीं।
यदि तुलना की जाए, तो बिना एससीआर तकनीक वाले डीज़ल वाहनों के मुकाबले ब्लू-डीईएफ उपयोग करने वाले वाहनों से नॉक्स उत्सर्जन में लगभग 85% की कमी होती है, जो प्रति वाहन वार्षिक औसतन 5–10 टन कार्बन डाइऑक्साइड के समकक्ष वायु प्रदूषण प्रभाव की बचत के बराबर है।
इसकी तुलना में डीईएफ उत्पादन से जुड़ा कार्बन उत्सर्जन नगण्य रहता है लगभग 0.05–0.1 टन कार्बन डाइऑक्साइड समकक्ष प्रति वाहन प्रति वर्ष। इस प्रकार ब्लू-डीईएफ का उपयोग का नेट पर्यावरणीय लाभ सकारात्मक है।
नीति आयोग, हरित अमोनिया मार्गदर्शिका, 2023 ने इस बात की ओर भी इशारा किया है कि यदि यूरिया का उत्पादन ग्रीन अमोनिया से किया जाए, तो ब्लू-डीईएफ की कार्बन इंटेंसिटी 60–70% तक घट सकती है। यह ब्लू-डीईएफ को और अधिक टिकाऊ समाधान बना सकता है। इन सभी सीमाओं के बावजूद, भारत के लिए ब्लू-डीईएफ को नकारना व्यावहारिक नहीं है।
भारत अभी पूर्ण रूप से इलेक्ट्रिक या हाइड्रोजन आधारित परिवहन प्रणाली अपनाने की स्थिति में नहीं है। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग अवसंरचना, बैटरी निर्माण और बिजली उत्पादन के स्रोतों से जुड़ी अपनी चुनौतियाँ हैं। ऐसे में ब्लू-डीईएफ को एक संक्रमणकालीन समाधान के रूप में देखा जाना चाहिए एक ऐसा कदम जो वर्तमान डीजल-आधारित व्यवस्था को कम से कम हानिकारक बनाने में मदद करता है।
नीतिगत स्तर पर भी ब्लू-डीईएफ का महत्व स्पष्ट है। बीएस-सिक्स मानकों का सफल क्रियान्वयन, वाहन निर्माताओं की तकनीकी जिम्मेदारी, और ईंधन गुणवत्ता में सुधार—इन सभी प्रयासों में ब्लू-डीईएफ एक आवश्यक कड़ी है। यदि इसे उचित निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण और जन-जागरूकता अभियानों के साथ लागू किया जाए, तो यह भारत की वायु गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
यह कहा जा सकता है कि भारत के संदर्भ में ब्लू-डीईएफ न तो कोई चमत्कारी समाधान है और न ही निरर्थक तकनीक। यह एक यथार्थवादी, व्यावहारिक और आवश्यक हस्तक्षेप है, जो डीज़ल वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने में सहायक है।
क्योंकि,पर्यावरण संरक्षण केवल एक बड़े कदम से नहीं, बल्कि कई छोटे, वैज्ञानिक और नीतिगत सुधारों के माध्यम से संभव होता है। ब्लू-डीईएफ उन्हीं सुधारों में से एक है जो स्वच्छ हवा, बेहतर स्वास्थ्य और अधिक सतत भविष्य की दिशा में भारत की यात्रा को कुछ हद तक आसान बनाता है।


