मध्य भारत के 32,500 किमी सड़क नेटवर्क में करीब 9,750 किमी सड़कें वन्यजीवों की आवाजाही और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनीं।
भारतीय वन्यजीव संस्थान के अध्ययन में 23 संरक्षित क्षेत्रों में से 20 में सड़कें जानवरों के प्राकृतिक आवागमन में बड़ी बाधा मिलीं।
रेडियो कॉलर लगे बाघों की 565 सड़क पार करने की घटनाओं में 88 फीसदी से अधिक जोखिम वाली सड़कों पर दर्ज हुईं।
सड़क दुर्घटनाओं में दर्ज बाघों की 85 फीसदी और तेंदुओं की 71 फीसदी मौतें मॉडल द्वारा चिह्नित खतरनाक सड़क हिस्सों पर हुईं।
शोधकर्ताओं ने सड़क निर्माण से पहले वन्यजीव अंडरपास, ओवरपास, गाइड फेंसिंग और गति सीमा लागू करने की जरूरत पर जोर दिया।
जंगल में बाघ की दहाड़ सुनाई तो देती है, लेकिन उसकी राह अब आसान नहीं रही। कभी घने जंगलों, पहाड़ियों और नदी-नालों के बीच बेखौफ घूमने वाले बाघ, तेंदुए और दूसरे वन्यजीव आज सड़कों के जाल में उलझते जा रहे हैं। मध्य भारत के बाघ बहुल इलाकों में बिछी सड़कें अब वन्यजीवों के लिए मौत का रास्ता बनती जा रही हैं। एक नए अध्ययन ने इस खतरे की गंभीर तस्वीर सामने रखी है। हैरानी की बात यह है कि खतरा केवल बड़े-बड़े हाईवे से नहीं, बल्कि गांवों और जंगलों के बीच से गुजरने वाली छोटी सड़कों से भी है।
भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) के शोधकर्ताओं के मुताबिक, मध्य भारत के करीब 32,500 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क में लगभग 9,750 किलोमीटर सड़कें वन्यजीवों के लिए मध्यम से गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं। यानी हर तीन में से करीब एक सड़क ऐसी है, जो जानवरों की आवाजाही रोक सकती है या उन्हें वाहनों की टक्कर का शिकार बना सकती है।
जंगल बचा, लेकिन जंगलों के बीच का रास्ता छिन गया
मध्य भारत दुनिया की सबसे बड़ी और आनुवंशिक रूप से विविध बाघ आबादी का घर है। यहां बाघों के साथ तेंदुए, गौर, सांभर, चीतल और जंगली सूअर भी बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। इन जानवरों के लिए जंगल का एक हिस्सा ही काफी नहीं होता। भोजन की तलाश, साथी की खोज और अपना इलाका बनाने के लिए उन्हें एक जंगल से दूसरे जंगल तक जाना पड़ता है। यह अध्ययन ट्रांसपोर्टेशन रिसर्च इंटरडिसिप्लिनरी पर्सपेक्टिव्स नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।
लेकिन जब इन प्राकृतिक रास्तों के बीच सड़कें आ जाती हैं, तो वन्यजीवों की मुश्किल बढ़ जाती है। तेज रफ्तार वाहन उन्हें कुचल सकते हैं। वहीं लगातार वाहनों की आवाजाही, शोर और रोशनी के कारण कई जानवर सड़क पार करने से कतराते हैं। नतीजा यह होता है कि जंगल के अलग-अलग हिस्से एक-दूसरे से कट जाते हैं। जानवर छोटे-छोटे इलाकों में सिमट जाते हैं और धीरे-धीरे उनकी आबादी पर संकट गहराने लगता है।
23 संरक्षित क्षेत्रों में भी खतरे की दस्तक
अध्ययन में शामिल 23 संरक्षित क्षेत्रों में से 20 में आधे से अधिक सड़कें वन्यजीवों की आवाजाही में बड़ी बाधा बनती मिलीं। संरक्षित क्षेत्रों के भीतर तो स्थिति और चिंताजनक है। यहां वन्यजीवों की संख्या अधिक होने के कारण लगभग हर आंतरिक सड़क पर वाहन से टकराने का खतरा पाया गया।
इसका मतलब साफ है कि केवल जंगल को राष्ट्रीय उद्यान या अभयारण्य घोषित कर देना वन्यजीवों की सुरक्षा की गारंटी नहीं है। जंगल के भीतर और बाहर की सड़कें भी सुरक्षित होनी चाहिए।
पैरों के निशान से तैयार हुआ खतरे का नक्शा
शोधकर्ताओं ने सड़कों के खतरे को समझने के लिए एक खास तरीका अपनाया। उन्होंने जंगलों में सैकड़ों ट्रांसेक्ट पर पैदल सर्वे किया और 1,800 से अधिक स्थानों पर जानवरों के पदचिह्न, गोबर और पेड़ों पर रगड़ के निशान देखे। इससे पता लगाया गया कि कौन से जानवर किस तरह की सड़कों के आसपास आते-जाते हैं।
इसके साथ रेडियो कॉलर लगे बाघों और तेंदुओं की गतिविधियों के पुराने आंकड़ों को भी जोड़ा गया। सड़क की चौड़ाई, वाहनों की संख्या और वन्यजीवों के लिए बने अंडरपास को भी अध्ययन में शामिल किया गया।
ग्रामीण सड़कों पर हर समय यातायात की गिनती करना आसान नहीं है। इसलिए शोधकर्ताओं ने 'रैंडम फॉरेस्ट' नाम के मशीन लर्निंग मॉडल की मदद से वाहनों की संख्या का अनुमान लगाया। इसमें आबादी, शहरों से दूरी और सड़क की श्रेणी जैसे कारकों को शामिल किया गया।
बाघों की आवाजाही ने खोली मॉडल की पोल
इस अध्ययन की सबसे अहम बात यह है कि शोधकर्ताओं ने अपने बनाए खतरे के नक्शे को असली आंकड़ों से भी परखा। रेडियो कॉलर लगे 20 बाघों ने सड़कों को कुल 565 बार पार किया। इनमें से 88 फीसदी से अधिक बार बाघों ने उन्हीं सड़कों को पार किया, जिन्हें मॉडल ने मध्यम या उच्च जोखिम वाला बताया था।
इनमें दो-तिहाई से अधिक गतिविधि अंधेरे में हुए। यानी बाघ भी दिन के शोर और वाहनों से बचकर रात की खामोशी में रास्ता पार करने की कोशिश करते हैं।
मीडिया में दर्ज वन्यजीवों की मौत के आंकड़ों ने भी अध्ययन के निष्कर्षों को मजबूती दी। दर्ज बाघों की सड़क दुर्घटनाओं में 85 फीसदी और तेंदुओं की मौत के मामलों में 71 फीसदी घटनाएं उन्हीं सड़क हिस्सों पर हुईं, जिन्हें मॉडल ने गंभीर खतरे वाला बताया था।
सड़क भी बने, जंगल का रास्ता भी बचे
इस अध्ययन का सबसे बड़ा संदेश सड़क निर्माण रोकना नहीं, बल्कि उसे वन्यजीवों के अनुकूल बनाना है। सड़क चौड़ी करने से पहले यह पता लगाना जरूरी है कि वहां से जानवरों की आवाजाही कितनी है। जरूरत के अनुसार अंडरपास, ओवरपास और गाइड फेंसिंग बनाई जा सकती है। संवेदनशील इलाकों में वाहनों की गति भी सीमित करनी होगी।
हालांकि शोधकर्ताओं ने साफ किया है कि मौसम के साथ यातायात और जानवरों की आवाजाही बदलती रहती है। मॉडल की यातायात संबंधी भविष्यवाणी भी लगभग 75 फीसदी सटीक रही। इसलिए इसके नक्शे अंतिम फैसला नहीं, बल्कि खतरे की पहचान करने का जरिया हैं। किसी सड़क पर निर्माण से पहले स्थानीय स्तर पर विस्तृत सर्वे जरूरी है।
विकास की रफ्तार जरूरी है, लेकिन उसकी कीमत जंगल के बाशिंदों को अपनी जान देकर नहीं चुकानी चाहिए। सड़कें शहरों को जोड़ें, जंगलों को नहीं तोड़ें। आखिर बाघ को जंगल में रहने के साथ जंगल से बाहर निकलकर सुरक्षित रास्ते से दूसरे जंगल तक पहुंचने का हक भी है।