उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी। फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

कहीं ठंड व घना कोहरा तो कहीं गरज-चमक के साथ भारी बारिश, जानें अपने शहर के हाल

उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का कहर, दिल्ली-यूपी से राजस्थान तक गिरेगा पारा, दक्षिण भारत में भारी बारिश व तेज हवाओं का अलर्ट जारी।

Dayanidhi

  • उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी।

  • दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान, सुबह और शाम ठंड बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ेगी।

  • हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर में घना कोहरा छाने की चेतावनी, तीन दिसंबर तक मौसम साफ रहने का अनुस्मान।

  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का पूर्वानुमान, केरल और लक्षद्वीप में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

  • दक्षिण अंडमान सागर में 29 नवंबर के आसपास नया चक्रवाती परिसंचरण बनने के आसार, दक्षिण भारत के मौसम पर दिख सकता है असर।

देश के मौसम में इन दिनों दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में ठंड के साथ घने कोहरे का असर बढ़ रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 28 नवंबर, 2026 को उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस होगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली-एनसीआर में सुबह कोहरा, रात में बढ़ेगी ठिठुरन

दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह कई जगह कोहरा छाया रहा। कुछ हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिला, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने लगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और शाम की ठंड अब ज्यादा महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्म कपड़ों के साथ घर से निकलने की जरूरत पड़ेगी।

यूपी में कोहरे से थमेगी रफ्तार, पंजाब-हरियाणा भी प्रभावित

उत्तर प्रदेश में 28 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। तापमान में गिरावट के चलते सुबह और रात की ठंड बढ़ेगी। पंजाब के कई इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा देखा गया, जबकि हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी धुंध का असर रहा। राजस्थान में सर्दी लगातार जोर पकड़ रही है। राज्य के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने का भी अंदेशा जताया गया है।

हिमाचल में 3 दिसंबर तक साफ रहेगा मौसम, तीन जिलों में कोहरे की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के मौसम केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में तीन दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में भी फिलहाल बारिश और बर्फबारी की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। जम्मू और कश्मीर में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक रहेगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी छाएगा घना कोहरा

मौसम विभाग ने शनिवार सुबह नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई है। इससे स्थानीय स्तर पर दृश्यता कम हो सकती है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में बारिश के आसार, कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय

उत्तर भारत में जहां ठंड और कोहरा बढ़ रहा है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, केरल, माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम में इस बदलाव के पीछे कई वायुमंडलीय प्रणालियां सक्रिय हैं। लक्षद्वीप के दक्षिणी हिस्सों से तटीय कर्नाटक तक पूर्वी हवाओं का ट्रफ बना हुआ है, जो पूर्व-मध्य अरब सागर से गुजर रहा है और समुद्र तल से करीब 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला है। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों और आसपास के इलाकों में 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मध्य महाराष्ट्र के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक नया चक्रवाती परिसंचरण विकसित हो सकता है। दूसरी ओर, दक्षिण गुजरात और दक्षिण केरल के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण अब कमजोर पड़ गए हैं। पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है।

राजस्थान में सबसे ज्यादा ठंड, सीकर में पारा 5 डिग्री

27 नवंबर, 2026 के तापमान आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र के सोलापुर में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजस्थान के सीकर में 5 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री से अधिक नीचे दर्ज किया गया। ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तापमान सामान्य से काफी कम रहा।

घना कोहरा सेहत के लिए भी खतरा

घना कोहरा केवल यातायात ही नहीं, सेहत के लिए भी परेशानी बढ़ा सकता है। कोहरे के साथ हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे खांसी, घरघराहट और सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

अस्थमा और ब्रोंकाइटिस के मरीजों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। प्रदूषित हवा आंखों में जलन, लालिमा और सूजन भी पैदा कर सकती है। ऐसे में सुबह घने कोहरे के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें।