लॉन्ग कोविड से जूझ रहे हर दो में से एक व्यक्ति में चार साल बाद भी सांस संबंधी गड़बड़ी के संकेत मिले।
युवाओं और महिलाओं में सांस लेने की परेशानी अधिक देखी गई, जबकि अस्पताल में भर्ती मरीजों में इसका खतरा कम था।
कोरोना संक्रमण के दौरान अस्पताल में भर्ती न होने वालों में सांस संबंधी गड़बड़ी की आशंका करीब छह गुना अधिक मिली।
सांस की परेशानी वाले 38 फीसदी मरीजों ने पॉट्स की शिकायत की, जिसमें खड़े होते ही दिल की धड़कन तेज हो जाती है।
सामान्य फेफड़ा जांच ठीक होने के बावजूद मरीजों को सांस फूलने, थकान और शारीरिक क्षमता घटने जैसी परेशानियां बनी रह सकती हैं।
कोरोना महामारी को भले ही चार साल से ज्यादा समय बीत चुका हो, लेकिन इसके दुष्प्रभाव अब भी लाखों लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर रहे हैं। किसी को लगातार थकान परेशान कर रही है तो किसी को दिल की धड़कन तेज होने और चक्कर आने की शिकायत है। अब एक नई स्टडी ने लॉन्ग कोविड से जुड़ी सांस की परेशानी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। अध्ययन के मुताबिक, लंबे कोविड से जूझ रहे हर दो में से एक व्यक्ति में चार साल से ज्यादा समय बाद भी सांस लेने के तरीके से जुड़ी गड़बड़ी के संकेत मिले हैं।
यह अध्ययन स्वीडन के स्टॉकहोम स्थित कारोलिंस्का यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के शोधकर्ताओं ने किया है। इसके नतीजे प्रतिष्ठित जर्नल 'रेस्पिरेटरी रिसर्च' में प्रकाशित हुए हैं। शोधकर्ताओं ने लॉन्ग कोविड से पीड़ित 288 लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इनमें से 143 लोगों यानी करीब 50 फीसदी में सांस लेने के असामान्य तरीके से जुड़े लक्षण पाए गए।
क्या है सांस लेने की यह गड़बड़ी?
विशेषज्ञ इसे 'डिसफंक्शनल ब्रीदिंग' कहते हैं। इसका मतलब है सांस लेने का सामान्य तरीका बिगड़ जाना। इसमें व्यक्ति कभी बहुत तेजी से सांस लेता है तो कभी उथली सांसें लेता है। कई बार पर्याप्त हवा मिलने के बावजूद उसे लगता है कि सांस पूरी नहीं आ रही। नतीजा यह होता है कि थोड़ा चलने, सीढ़ियां चढ़ने या सामान्य काम करने पर भी सांस फूलने लगती है।
इस परेशानी का आकलन करने के लिए शोधकर्ताओं ने नीजमेजेन क्वेश्चनेयर (एनक्यू) का इस्तेमाल किया। यह सवालों पर आधारित एक स्क्रीनिंग टेस्ट है, जिसमें सांस से जुड़े लक्षणों का आकलन किया जाता है। इसमें 64 में से 23 या उससे ज्यादा अंक मिलने को इस अध्ययन में असामान्य स्तर माना गया।
युवा और महिलाएं ज्यादा प्रभावित
अध्ययन में एक दिलचस्प बात सामने आई। सांस से जुड़ी लगातार परेशानी की शिकायत करने वालों में युवाओं और महिलाओं की संख्या अधिक थी। इतना ही नहीं, कोरोना संक्रमण के दौरान जिन लोगों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी थी, उनमें भी इस तरह की परेशानी के संकेत ज्यादा मिले।
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती न होने वाले लोगों में चार साल बाद सांस संबंधी गड़बड़ी के संकेत मिलने की आशंका अस्पताल में भर्ती हुए लोगों के मुकाबले करीब छह गुना अधिक थी।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, कम उम्र, शुरुआती जांच के दौरान सांस फूलने की अधिक शिकायत और फेफड़ों की जांच में एक सेकंड के भीतर बाहर निकाली जाने वाली हवा की कम मात्रा भी आगे चलकर इस समस्या के संकेत देने वाले कारक थे।
चलने-फिरने की क्षमता भी हुई प्रभावित
अध्ययन में यह भी सामने आया कि जिन लोगों में बाद में सांस संबंधी परेशानी के संकेत मिले, उनकी शारीरिक क्षमता शुरुआती जांच के दौरान ही कमजोर थी। छह मिनट तक चलने वाले टेस्ट में उन्होंने दूसरे प्रतिभागियों की तुलना में कम दूरी तय की। एक मिनट में कुर्सी से उठने-बैठने की उनकी क्षमता भी कम थी। सांस अंदर खींचने वाली मांसपेशियों की ताकत भी अपेक्षाकृत कमजोर पाई गई।
हालांकि फेफड़ों की सामान्य जांच में दोनों समूहों के बीच कोई बड़ा अंतर नहीं मिला। यानी सांस फूलने की परेशानी हमेशा फेफड़ों की क्षमता कम होने से ही जुड़ी हो, यह जरूरी नहीं है।
38 फीसदी मरीजों में पॉट्स की शिकायत
स्टडी का एक और अहम पहलू पोस्टुरल ऑर्थोस्टैटिक टैकीकार्डिया सिंड्रोम (पॉट्स) से जुड़ा है। यह ऐसी स्थिति है, जिसमें लेटने या बैठने के बाद खड़े होने पर दिल की धड़कन असामान्य रूप से तेज हो जाती है।
सांस संबंधी परेशानी के अधिक संकेत वाले लोगों में 38 फीसदी ने पॉट्स होने की जानकारी दी। वहीं, कम स्कोर वाले समूह में यह आंकड़ा केवल आठ फीसदी था। इसका असर मरीजों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी दिखा। अधिक लक्षणों वाले समूह के 44 फीसदी लोग बीमारी के कारण छुट्टी पर थे या काम से दूर थे। दूसरे समूह में यह आंकड़ा महज 14 फीसदी था।
नतीजों को समझने में सावधानी जरूरी
शोधकर्ताओं ने साफ किया है कि प्रश्नावली में अधिक अंक आने का मतलब यह नहीं है कि मरीज में चिकित्सकीय रूप से डिसफंक्शनल ब्रीदिंग की पुष्टि हो गई है। यह केवल लक्षणों का संकेत है। अध्ययन में फॉलोअप के दौरान सभी प्रतिभागियों ने जवाब भी नहीं दिया। इसलिए नतीजों पर इसका असर पड़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
शोधकर्ताओं का कहना है कि आगे ऐसे अध्ययन किए जाने चाहिए, जिनमें मरीजों की शिकायतों के साथ सांस लेने के तरीके और फेफड़ों की कार्यक्षमता की वस्तुनिष्ठ जांच भी शामिल हो।
इस अध्ययन का सबसे बड़ा संदेश यही है कि कोरोना से उबर जाना और उसके असर से पूरी तरह मुक्त हो जाना दो अलग-अलग बातें हैं। संक्रमण के सालों बाद भी सांस फूलना, धड़कन तेज होना और शारीरिक क्षमता घटना मरीजों की जिंदगी को प्रभावित कर सकता है। इसलिए लंबे समय तक बनी रहने वाली सांस की परेशानी को सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।