दुनिया अभी कोरोना महामारी के जख्मों से पूरी तरह उबरी भी नहीं है कि एक नए अध्ययन ने भविष्य की महामारियों को लेकर गंभीर चेतावनी दी है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, वन्यजीवों का बढ़ता अंतरराष्ट्रीय कारोबार इंसानों तक नई संक्रामक बीमारियां पहुंचने का रास्ता खोल सकता है।
चीन की शियान जियाओतोंग-लिवरपूल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किए गए इस अध्ययन में 214 देशों के 39 वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। इसमें सामने आया कि वन्यजीवों के आयात में एक इकाई की बढ़ोतरी के साथ जानवरों से इंसानों में फैलने वाली नई बीमारी उभरने की आशंका करीब 23 फीसदी बढ़ जाती है।
इतना ही नहीं, अत्यधिक आयात वाले वर्षों में गंभीर बीमारी के प्रकोप की आशंका भी करीब 40 फीसदी अधिक पाई गई।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, दूसरे देशों से आने वाले जंगली जीव अपने साथ ऐसे वायरस और रोगाणु ला सकते हैं, जिनसे स्थानीय इंसान और जानवर पहले कभी नहीं मिले होते।
ऐसे में भविष्य की महामारियों को रोकने के लिए वन्यजीवों के आयात केंद्रों पर सख्त जांच, क्वारंटीन, रोगाणुओं की पहचान और सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी मजबूत करना बेहद जरूरी है। यह अब केवल वन्यजीव संरक्षण का सवाल नहीं, बल्कि इंसानी जिंदगियों को अगली महामारी से बचाने की चुनौती भी है।
वन्यजीवों का बढ़ता अंतरराष्ट्रीय कारोबार इंसानों के लिए नई बीमारियों के रास्ते खोल सकता है। 214 देशों में 39 वर्षों के आंकड़ों पर आधारित एक नए अध्ययन में पाया गया है कि जिन देशों में वन्यजीवों का आयात अधिक होता है, वहां जानवरों से इंसानों में फैलने वाली नई बीमारियों के उभरने और गंभीर प्रकोप फैलने की आशंका भी बढ़ जाती है।
होता यह है कि जब किसी दूसरे देश के जंगलों में रहने वाला एक जंगली जानवर हजारों किलोमीटर का सफर तय करके किसी अन्य देश में पहुंचता है। तो उसके साथ अनजाने में ऐसा वायरस या रोगाणु भी आ सकता है, जिसका सामना वहां के इंसानों और जानवरों ने पहले कभी नहीं किया।
यही अनजान संक्रमण आगे चलकर बड़े प्रकोप या महामारी की वजह बन सकता है। कोरोना महामारी ने दुनिया को दिखा दिया है कि जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमारियां किस तरह लाखों जिंदगियों के लिए खतरा बन सकती हैं और पूरी दुनिया की स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।
ऐसे में अब एक नए अंतरराष्ट्रीय अध्ययन ने इस खतरे की एक अहम वजह की ओर ध्यान दिलाया है। इसके मुताबिक, वन्यजीवों का अंतरराष्ट्रीय व्यापार, खासकर उनका आयात, नई संक्रामक बीमारियों के उभरने के जोखिम को बढ़ा सकता है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन देशों में वन्यजीवों का आयात अधिक होता है, वहां जानवरों से इंसानों में फैलने वाली नई बीमारियों के सामने आने की आशंका भी अधिक रहती है। इतना ही नहीं, वन्यजीवों के भारी आयात वाले वर्षों में गंभीर बीमारी के प्रकोप की आशंका भी करीब 40 फीसदी अधिक पाई गई।
यह अध्ययन चीन की शियान जियाओतोंग-लिवरपूल यूनिवर्सिटी से जुड़े शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किया गया है, जिसके नतीजे प्रतिष्ठित जर्नल वन हेल्थ में प्रकाशित हुए हैं। यह अपनी तरह का पहला वैश्विक अध्ययन है, जिसमें अलग-अलग देशों और वर्षों के आंकड़ों के आधार पर वन्यजीवों के कारोबार और जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमारियों के बीच संबंध को मापा गया है।
शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन में 1975 से 2013 के बीच 214 देशों के आंकड़ों का विश्लेषण किया है। इसमें वन्यजीवों के आयात और निर्यात को अलग-अलग देखा गया। साथ ही यह समझने की कोशिश की गई कि वन्यजीवों का कारोबार बढ़ने पर नई संक्रामक बीमारियों के उभरने और उनके प्रकोप की आशंका किस तरह बदलती है।
अध्ययन में जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमारियों के साथ-साथ उन संक्रामक बीमारियों को भी शामिल किया गया, जो जानवरों से इंसानों में नहीं फैलतीं। इसका उद्देश्य यह जांचना था कि कहीं वन्यजीवों के कारोबार और बीमारियों के बीच दिख रहा संबंध बेहतर निगरानी व्यवस्था या आंकड़े दर्ज करने की क्षमता का नतीजा तो नहीं है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, अगर यह संबंध केवल स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी या सामान्य व्यापार के कारण होता, तो दोनों तरह की बीमारियों में इसका असर दिखाई देना चाहिए था। लेकिन सबसे मजबूत संबंध जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमारियों के साथ मिला। इससे वन्यजीवों के आयात और संक्रमण के खतरे के बीच संबंध को और मजबूती मिलती है।
अध्ययन का सबसे अहम निष्कर्ष वन्यजीवों के आयात और निर्यात के बीच अंतर को लेकर है। शोध में पाया गया कि वन्यजीवों का आयात बढ़ने के साथ जानवरों से इंसानों में फैलने वाली नई बीमारियों के सामने आने की आशंका भी बढ़ती है।
आंकड़ों के मुताबिक, आयात की मात्रा में एक इकाई की बढ़ोतरी के साथ ऐसी बीमारी सामने आने की आशंका करीब 23 फीसदी बढ़ी। हालांकि, वन्यजीवों के निर्यात और नई बीमारियों के उभरने के बीच ऐसा कोई महत्वपूर्ण संबंध नहीं देखा गया।
शोधकर्ता काई वांग के मुताबिक, दूसरे देशों से आने वाले वन्यजीव अपने साथ ऐसे नए रोगाणु ला सकते हैं, जिनसे स्थानीय तौर पर इंसान और जानवर पहले कभी संक्रमित नहीं हुए। ऐसे में उनके शरीर में इन रोगाणुओं से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता भी नहीं होती। इससे किसी नए संक्रमण के देश में प्रवेश करने और बीमारी का प्रकोप शुरू होने का खतरा बढ़ सकता है।
हालांकि, शोध में एक अहम बात यह भी सामने आई कि वन्यजीवों का आयात बढ़ने से बीमारी के उभरने की आशंका तो बढ़ती है, लेकिन इससे संक्रमित लोगों की संख्या या प्रकोप की आवृत्ति में सीधी बढ़ोतरी साबित नहीं हुई।
बीमारी फैलने के बाद उसका कितना प्रसार होगा, यह स्वास्थ्य निगरानी, संक्रमण को रोकने की क्षमता और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे दूसरे कारकों पर भी निर्भर करता है।
शोधकर्ताओं ने जब असामान्य रूप से अधिक वन्यजीव आयात और गंभीर बीमारी के प्रकोप वाले वर्षों का विश्लेषण किया, तो एक और चिंताजनक तथ्य सामने आया। अध्ययन के मुताबिक, जिन देशों में वन्यजीवों का आयात बहुत अधिक था, वहां गंभीर संक्रामक बीमारी के प्रकोप की आशंका भी अधिक देखी गई।
ऐसे मामलों में भारी वन्यजीव आयात और गंभीर बीमारी के प्रकोप के एक साथ सामने आने की संभावना करीब 40 फीसदी अधिक थी। वहीं दूसरी ओर निर्यात के मामले में यह संबंध काफी कमजोर पाया गया।
शोध में स्तनधारी जीवों की अधिक विविधता, आबादी का घनत्व और जनसंख्या वृद्धि जैसे दूसरे कारकों को भी नई संक्रामक बीमारियों के जोखिम से जुड़ा पाया गया।
अध्ययन से जुड़े शोधकर्ता डॉक्टर चेंगशियू लिंग के मुताबिक, यह नतीजे बताते हैं कि वन्यजीवों का आयात नई बीमारियों के उभरने और गंभीर प्रकोप, दोनों के जोखिम से जुड़ा है। महामारी की रोकथाम के लिहाज से यह बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि सार्वजनिक स्वास्थ्य को सबसे अधिक नुकसान अक्सर सामान्य संक्रमणों से नहीं, बल्कि कभी-कभार सामने आने वाले बड़े और गंभीर प्रकोपों से होता है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि भविष्य में किसी नई महामारी को रोकने के लिए वन्यजीवों के आयात पर निगरानी और नियंत्रण मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके लिए आयात केंद्रों पर सख्त जांच, वन्यजीवों को अलग रखकर उनकी निगरानी (क्वारंटीन), रोगाणुओं की जांच और सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाना होगा।
डॉक्टर लिंग के मुताबिक, दूसरे देशों से आने वाले वन्यजीव अपने साथ ऐसे नए रोगाणु ला सकते हैं, जिनसे स्थानीय जीव-जंतु और इंसान पहले कभी नहीं मिले हों। ऐसे में उनके पास इन संक्रमणों से लड़ने के लिए जरूरी प्रतिरोधक क्षमता नहीं होती।
शोधकर्ताओं का मानना है कि वन्यजीवों का निर्यात जंगलों से जीवों के बढ़ते शिकार और इंसानों के साथ उनके बढ़ते संपर्क का संकेत हो सकता है। लेकिन अध्ययन में नई बीमारियों का खतरा वन्यजीवों के निर्यात के बजाय उनके आयात से अधिक मजबूती से जुड़ा पाया गया।
ऐसे में भविष्य की महामारियों को रोकने के लिए जरूरी है कि वन्यजीवों के दूसरे देशों से आने पर सख्त निगरानी रखी जाए। जिन रास्तों और केंद्रों से ये जीव देश में दाखिल होते हैं, वहां उनकी जांच, क्वारंटीन और रोगाणुओं की पहचान की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए।
कोरोना महामारी के जख्म अभी दुनिया भूली नहीं है। इसने लाखों जिंदगियां को छीनने के साथ पूरी दुनिया की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को हिलाकर रख दिया था। इस त्रासदी ने साबित कर दिया कि किसी एक कोने में पनपा संक्रमण देखते ही देखते पूरी मानवता के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे में वन्यजीवों के कारोबार पर सख्त नियंत्रण अब केवल जंगलों और वन्यजीवों को बचाने का सवाल नहीं रह गया है, बल्कि यह इंसानी जिंदगियों की सुरक्षा और भविष्य की महामारियों को रोकने की भी पहली शर्त है।