तबाही पर ज्यादा जोर: 87 फीसदी कहानियों में जलवायु संकट के प्रभाव, जबकि 72 फीसदी में बाढ़, गर्मी और तूफान दिखाए गए। फोटो साभार: आईस्टॉक
जलवायु

फिल्मों में जलवायु संकट की दस्तक, लेकिन समाधान अब भी पर्दे से गायब: रिपोर्ट

हॉलीवुड की कहानियों में बाढ़, तूफान और गर्मी का शोर बढ़ा, मगर तेल कंपनियों और व्यवस्था की जवाबदेही पर अब भी कम चर्चा

Dayanidhi

  • जलवायु संकट पर बढ़ी चर्चा: 2021 से 2024 के बीच फिल्मों और टीवी पटकथाओं में जलवायु संबंधी उल्लेख 14 फीसदी बढ़े।

  • तबाही पर ज्यादा जोर: 87 फीसदी कहानियों में जलवायु संकट के प्रभाव, जबकि 72 फीसदी में बाढ़, गर्मी और तूफान दिखाए गए।

  • बड़े समाधान गायब: व्यक्तिगत प्रयासों का जिक्र 7.8 फीसदी पटकथाओं में, जबकि व्यापक नीतिगत समाधानों को सिर्फ 2.7 फीसदी में जगह मिली।

  • हर विधा में जलवायु संकट: मेडिकल ड्रामा, रोमांस और कॉमेडी में भी पर्यावरणीय मुद्दों की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है।

  • डर से उम्मीद तक कहानियां: 63 फीसदी कहानियों की शुरुआत खतरे से हुई, लेकिन अंत में साहस, उम्मीद और बदलाव प्रमुख रहे।

जलवायु परिवर्तन अब सिर्फ वैज्ञानिकों की रिपोर्ट, पर्यावरण सम्मेलनों और सरकारी भाषणों तक सीमित नहीं है। इसकी दस्तक सिनेमा और टेलीविजन के पर्दे पर भी सुनाई देने लगी है। फिल्मों में बाढ़ आ रही है, जंगल जल रहे हैं, तूफान तबाही मचा रहे हैं और इंसान प्रकृति के गुस्से से जूझ रहा है। लेकिन एक बड़ा सवाल अब भी कायम है- क्या मनोरंजन की दुनिया जलवायु संकट की असली वजहों और उसके बड़े समाधानों को भी उतनी ही मजबूती से दिखा रही है?

अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया (यूएससी) के एनेनबर्ग स्कूल और गैर-लाभकारी संस्था 'गुड एनर्जी' की "दि एवोलूशन ऑफ क्लाइमेट ऑन - स्क्रीन: व्हाट'स चेंजिंग, व्हाट'स मिसिंग" नामक ताजा रिपोर्ट इस सवाल का जवाब कुछ हद तक निराशाजनक देती है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्मों और टीवी की कहानियों में जलवायु परिवर्तन का जिक्र तो बढ़ा है, लेकिन संकट के समाधान की चर्चा अब भी काफी पीछे है।

चार साल में मामूली बढ़ोतरी

शोधकर्ताओं ने 2021 से 2024 के बीच लिखी गई 35,120 पटकथाओं का विश्लेषण किया। इसमें जलवायु से जुड़े शब्दों का इस्तेमाल 3.2 फीसदी पटकथाओं में मिला। 2022 की पिछली रिपोर्ट में यह आंकड़ा महज 2.8 फीसदी था। यानी चार साल में करीब 14 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

'क्लाइमेट चेंज' यानी जलवायु परिवर्तन शब्द का इस्तेमाल भी 0.6 फीसदी से बढ़कर 0.8 फीसदी हो गया। आंकड़े बताते हैं कि मनोरंजन उद्योग धीरे-धीरे इस मुद्दे को जगह दे रहा है, लेकिन अभी इसे मुख्यधारा की कहानी बनाने में काफी वक्त लगेगा।

तबाही खूब दिखती है, जिम्मेदार कौन है यह कम

रिपोर्ट के मुताबिक, जलवायु पर केंद्रित 100 कहानियों में 87 फीसदी में जलवायु संकट के प्रभाव दिखाए गए। समुद्र का बढ़ता जलस्तर, प्रदूषण, खाद्य संकट और जैव विविधता का नुकसान इनमें शामिल था। करीब 72 फीसदी कहानियों में बाढ़, भीषण गर्मी और तूफान जैसी आपदाएं दिखाई गईं।

हालांकि 66 फीसदी कहानियों में संकट के कारणों का भी जिक्र था। इनमें तेल उद्योग, प्लास्टिक, जंगलों की कटाई और औद्योगिक खेती शामिल हैं। लेकिन जीवाश्म ईंधन की असली दुनिया- तेल, कोयला, गैस, फ्रैकिंग और समुद्री ड्रिलिंग- का जिक्र कुल पटकथाओं में सिर्फ 1.1 फीसदी रहा। यानी पर्दे पर तूफान का पानी तो खूब बहता है, लेकिन उस व्यवस्था पर सवाल कम उठते हैं जो धरती का तापमान बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाती है।

समाधान की बात आई तो जिम्मेदारी आम आदमी पर

रिपोर्ट का सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाला पहलू समाधान को लेकर है। जलवायु संकट से निपटने के उपाय सिर्फ 10 फीसदी पटकथाओं में दिखाई दिए। इनमें भी व्यक्तिगत आदतों को बड़े और नीतिगत बदलावों से कहीं ज्यादा जगह मिली।

रीसाइक्लिंग, शाकाहारी भोजन और इलेक्ट्रिक गाड़ी चलाने जैसे व्यक्तिगत प्रयासों का जिक्र 7.8 फीसदी पटकथाओं में हुआ। वहीं सौर और पवन ऊर्जा, कार्बन कैप्चर, नेट जीरो उत्सर्जन और हरित रोजगार जैसे व्यापक समाधानों की चर्चा सिर्फ 2.7 फीसदी में मिली।

साफ है कि कहानियां दर्शकों को कचरा अलग करने और अपनी गाड़ी बदलने की सलाह तो देती हैं, लेकिन ऊर्जा व्यवस्था बदलने और बड़ी कंपनियों की जवाबदेही तय करने जैसे सवालों से अक्सर बचती हैं।

हर विधा में पहुंचा जलवायु संकट

जलवायु परिवर्तन अब सिर्फ आपदा या विज्ञान पर आधारित फिल्मों का विषय नहीं रहा। मेडिकल ड्रामा, रोमांस, कॉमेडी, पारिवारिक कार्यक्रम और साइंस फिक्शन में भी इसकी मौजूदगी बढ़ी है। मेडिकल पटकथाओं में 17.4 फीसदी के साथ जलवायु संबंधी शब्दों का इस्तेमाल सबसे ज्यादा हुआ। रोमांस में यह आंकड़ा 17.1 फीसदी और कॉमेडी में 16.8 फीसदी रहा।

'एफबीआई', 'एल्सबेथ' और 'ग्रेज एनाटॉमी' जैसे धारावाहिकों ने भी हर साल जलवायु से जुड़ी करीब 20 पटकथाओं का योगदान दिया।

डर से उम्मीद तक का सफर

रिपोर्ट की एक और अहम खोज यह है कि जलवायु पर आधारित कहानियां दर्शकों को सिर्फ डराकर नहीं छोड़तीं। करीब 63 फीसदी कहानियों की शुरुआत डर और खतरे के भाव से हुई, लेकिन अंत तक 44 फीसदी में साहस, उम्मीद और बदलाव की इच्छा प्रमुख बन गई। आश्चर्य और प्रकृति के प्रति विस्मय का भाव भी सात फीसदी से बढ़कर 26 फीसदी हो गया।

शोध निदेशक एरिका रोसेन्थल के मुताबिक, इन कहानियों में खतरे से इंसानी पहल और सामर्थ्य की ओर भावनात्मक बदलाव दिखाई देता है।

मनोरंजन नहीं, बदलाव का भी माध्यम बने सिनेमा

2021 से 2024 के बीच जलवायु से जुड़ी फिल्मों ने अमेरिका में 2.26 अरब डॉलर की कमाई की। वहीं जलवायु संबंधी शब्दों वाले टीवी एपिसोड को नेटफ्लिक्स पर 12.4 अरब घंटे देखा गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि बड़ी व्यवस्था में बदलाव लाने वाले समाधान दिखाना बेहद जरूरी है। इंसान सिर्फ तथ्यों से नहीं, भावनाओं से भी फैसले लेता है।

यही सिनेमा की असली ताकत है। वह दर्शकों को रुला सकता है, डरा सकता है और उम्मीद भी दे सकता है। लेकिन अब वक्त है कि पर्दे पर सिर्फ डूबते शहर और जलते जंगल न दिखें, बल्कि उन फैसलों और कारोबारों पर भी रोशनी पड़े जो इस संकट को बढ़ाते हैं। क्योंकि धरती को बचाने के लिए सिर्फ अच्छी आदतें नहीं, बड़े बदलाव भी जरूरी हैं।