वायु

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों पर खरी उतरे हवा तो हर साल बच सकती हैं 90 लाख से अधिक जिंदगियां

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के वायु गुणवत्ता मानकों को हासिल करके हर साल लाखों मौतों को टालने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सकता है।

Lalit Maurya

  • अगर हवा में घुले जहरीले प्रदूषण को कम कर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सुरक्षित मानकों तक लाया जाए, तो हर साल दुनिया में 90 लाख से अधिक असमय मौतों को रोका जा सकता है। कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के एक नए अध्ययन में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

  • 136 देशों में किए गए इस अध्ययन के मुताबिक, पीएम2.5 का स्तर सुरक्षित सीमा में आने से हर साल करीब 94 लाख और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का प्रदूषण घटने से 11 लाख मौतों को टाला जा सकता है।

  • साफ हवा का फायदा केवल लोगों की जान बचाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दिल की बीमारियों, स्ट्रोक, फेफड़ों की बीमारी और डिमेंशिया के लाखों नए मामलों को भी रोका जा सकेगा।

  • इससे अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी घटेगा और हर साल अरबों डॉलर की बचत संभव होगी।

  • अध्ययन बताता है कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण केवल पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य, आर्थिक विकास और करोड़ों लोगों के बेहतर भविष्य से जुड़ा सवाल है। वैज्ञानिकों ने परिवहन, ऊर्जा और शहरी नियोजन से जुड़े फैसलों में प्रदूषण नियंत्रण को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई है।

कल्पना कीजिए, अगर हवा में घुला जहर कम हो जाए, तो हर साल 90 लाख से अधिक जिंदगियां बचाई जा सकती है। लाखों परिवार अपने प्रियजनों को असमय खोने से बच सकते हैं।

अस्पतालों में मरीजों की भीड़ घट सकती है और करोड़ों लोगों को ऐसी बीमारियों से राहत मिल सकती है, जिनकी एक बड़ी वजह उनके आसपास बढ़ता प्रदूषण है। यह महज कोरी कल्पना नहीं, बल्कि कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के एक नए अध्ययन में सामने आया निष्कर्ष है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक, यदि भारत सहित अन्य कमजोर और मध्यम आय वाले देश विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वायु गुणवत्ता संबंधी सालाना मानकों को हासिल कर लें, तो हर साल 90 लाख से अधिक मौतों को रोका जा सकता है।

मतलब कि साफ हवा केवल पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की जिंदगी, परिवारों की खुशियों और देशों की आर्थिक सेहत से भी जुड़ा सवाल है।

अपने इस अध्ययन में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से जुड़े शोधकर्ताओं ने 136 देशों में वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन किया है। इसके लिए उन्होंने हवा में मौजूद प्रदूषण के महीन कणों (पीएम2.5) और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (एनओ2) को अध्ययन का आधार बनाया। इसमें वायु प्रदूषण, आबादी और स्वास्थ्य से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इस अध्ययन के नतीजे प्रतिष्ठित जर्नल एनवायरमेंट इंटरनेशनल में प्रकाशित हुए हैं।

इसके साथ ही वैज्ञानिकों ने कंप्यूटर मॉडल की मदद से यह समझने का प्रयास किया है कि यदि इन देशों में प्रदूषकों का स्तर डब्ल्यूएचओ द्वारा सुझाए सुरक्षित मानकों तक पहुंच जाए, तो लोगों की सेहत पर कितना बड़ा सकारात्मक असर पड़ सकता है।

साफ हवा से हर साल बच सकती हैं लाखों जिंदगियां

अध्ययन के नतीजे बताते हैं कि यदि पीएम2.5 का सालाना स्तर डब्ल्यूएचओ के दिशानिर्देशों के अनुरूप हो जाए, तो अध्ययन में शामिल देशों में हर साल करीब 94 लाख मौतों को रोका जा सकता है। इसी तरह नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर निर्धारित मानकों तक लाने से करीब 11 लाख मौतों को टाल पाना संभव है।

वैज्ञानिकों ने यह भी पाया कि यदि देश डब्ल्यूएचओ के अपेक्षाकृत कम सख्त अंतरिम लक्ष्यों को भी हासिल कर लें, तो इसके बड़े फायदे मिल सकते हैं। ऐसा होने पर पीएम2.5 से जुड़ी करीब 66 लाख और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड से जुड़ी 4.35 लाख मौतों को हर साल रोका जा सकता है। इसका मतलब है कि हवा में प्रदूषण की थोड़ी-सी कमी भी लाखों लोगों के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर बन सकती है।

घट सकते हैं दिल की बीमारी, स्ट्रोक और डिमेंशिया के लाखों मामले

रिसर्च दर्शाती हैं कि वायु प्रदूषण का असर केवल सांस लेने में तकलीफ या खांसी तक सीमित नहीं है। हवा में मौजूद जहरीले कण शरीर के भीतर पहुंचकर दिल, फेफड़ों और मस्तिष्क तक को नुकसान पहुंचाते हैं।

ऐसे में पीएम2.5 का स्तर डब्ल्यूएचओ के सुरक्षित मानकों तक लाने से हर साल कई गंभीर बीमारियों के नए मामलों में भारी कमी आ सकती है। अध्ययन के अनुसार इससे क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के 28 लाख, डिमेंशिया के 11 लाख, कोरोनरी हार्ट डिजीज के 73 लाख और स्ट्रोक के 23 लाख नए मामलों को रोका जा सकता है।

देखा जाए तो हवा में घुला प्रदूषण आज दुनिया में स्वास्थ्य पर मंडराते सबसे बड़े पर्यावरणीय खतरों में से एक है। इसका संबंध हृदय रोग, स्ट्रोक, अस्थमा, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों और डिमेंशिया जैसी समस्याओं से है।

सच कहें तो इन बीमारियों का दर्द केवल मरीज को ही नहीं झेलना पड़ता, बल्कि इसके चलते परिवार के दूसरे सदस्यों की जिंदगी भी बदल जाती है।

इलाज पर होने वाला खर्च, कामकाज से छुट्टी, कम होती आमदनी और लंबे समय तक देखभाल की जरूरत लाखों परिवारों को आर्थिक और मानसिक दबाव में डाल देती है।

आखिर कितने खतरनाक हैं हवा में मौजूद ये दो प्रदूषक?

गौरतलब है कि पीएम2.5 प्रदूषण के ऐसे बेहद महीन कण हैं, जिनका व्यास 2.5 माइक्रोमीटर या इससे कम होता है। आकार में इतने छोटे होने के कारण ये सांस के साथ फेफड़ों के भीतर गहराई तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।

वाहनों से निकलने वाला धुआं, बिजली संयंत्रों और उद्योगों का उत्सर्जन, लकड़ी जलाने, निर्माण गतिविधियों और सड़कों से उड़ने वाली धूल इसके प्रमुख स्रोत हैं। इसके अलावा वातावरण में सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी गैसों के बीच होने वाली रासायनिक प्रक्रियाओं से भी पीएम2.5 बनता है।

वहीं नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (एनओ2) मुख्य रूप से जीवाश्म ईंधन के जलने से पैदा होती है। वाहनों, खासकर डीजल गाड़ियों, औद्योगिक इकाइयों और गैस से चलने वाले चूल्हों तथा हीटरों से भी इसका उत्सर्जन होता है।

प्रदूषण घटाने से अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा बड़ा फायदा

शोधकर्ताओं के मुताबिक, साफ हवा का लाभ केवल लोगों की सेहत तक सीमित नहीं रहेगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाला खर्च घटेगा और बीमारी के कारण काम से दूर रहने वाले लोगों की संख्या भी कम होगी।

अध्ययन के मुताबिक, यदि पीएम2.5 का स्तर डब्ल्यूएचओ के मानकों के अनुरूप हो जाए, तो हर साल हृदय रोगों के इलाज पर 11.8 अरब डॉलर, स्ट्रोक पर 5.9 अरब डॉलर और डिमेंशिया (मनोभ्रंश) के इलाज पर 8.6 अरब डॉलर की बचत हो सकती है। यह बचत सीधे चिकित्सा खर्चों में होगी।

इसके अलावा बीमारियों और विकलांगता में कमी आने से लोगों की काम करने की क्षमता बढ़ेगी। इससे हर साल स्ट्रोक के मामले में करीब 17.9 अरब डॉलर, सीओपीडी में 18.1 अरब डॉलर और कोरोनरी हार्ट डिजीज में 5.3 अरब डॉलर के बराबर उत्पादकता लाभ मिलने का अनुमान है।

कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के एपिडेमियोलॉजी विभाग के क्लिनिकल रिसर्च फेलो डॉक्टर अन्नालन नवरत्नम के मुताबिक, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण से लोगों के जीवन की गुणवत्ता में बड़ा सुधार हो सकता है और असमय होने वाली मौतों को कम किया जा सकता है। उनके अनुसार, यह पहला अध्ययन है जिसमें वायु प्रदूषण से प्रभावित देशों में डब्ल्यूएचओ के स्वच्छ वायु गुणवत्ता संबंधी मानकों को हासिल करने से होने वाले स्वास्थ्य, आर्थिक और सामाजिक लाभों का एक साथ आकलन किया गया है।

अध्ययन से जुड़ीं डॉक्टर हनीन खरेस का कहना है कि डब्ल्यूएचओ के वायु गुणवत्ता मानकों को हासिल करना आसान नहीं होगा। लेकिन कमजोर और मध्यम आय वाले देशों के पास अपनी बढ़ती आबादी और तेजी से फैलते शहरों के लिए एक स्वस्थ भविष्य तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उनके मुताबिक, परिवहन व्यवस्था, शहरी नियोजन और ऊर्जा से जुड़े फैसले यह तय करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं कि लोग कैसी हवा में सांस लेंगे और उन्हें किन बीमारियों का सामना करना पड़ेगा। आर्थिक विकास जरूरी है, लेकिन इसकी कीमत लोगों की सेहत चुकाकर नहीं होनी चाहिए। स्वस्थ आबादी केवल नैतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

बता दें कि वायु प्रदूषण से जुड़े लगातार बढ़ते वैज्ञानिक प्रमाणों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2021 में अपने वायु गुणवत्ता दिशानिर्देशों को संशोधित किया था। इसके तहत पीएम2.5 के लिए सालाना औसत सीमा 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के लिए 10 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर निर्धारित की गई है।

यह अध्ययन एक बार फिर याद दिलाता है कि साफ हवा लग्जरी नहीं, बल्कि जीवन की बुनियादी जरूरत है। शहरों का विकास, उद्योगों का विस्तार और आर्थिक तरक्की तभी सार्थक है, जब लोगों को सांस लेने के लिए साफ हवा भी मिले।

हमें समझना होगा कि विकास का असली मतलब लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाना है, न कि ऐसी हवा देना जो धीरे-धीरे उनकी जिंदगी छीनती रहे।

भारत के विषय में वायु गुणवत्ता से जुड़ी ताजा जानकारी आप डाउन टू अर्थ के एयर क्वालिटी ट्रैकर से प्राप्त कर सकते हैं।