हिमालयी राज्यों में ठंड बढ़ी: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर, कई जगह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे। 
मौसम

मौसम का मिजाज: सर्द हवाओं ने देश के कई इलाकों में बढ़ाई ठिठुरन, केरल-माहे में भारी बारिश

उत्तर भारत में लुढ़का पारा, पूर्वोत्तर में कोहरा, दक्षिण के तटीय इलाकों में बादल बरसने और गरज-चमक के आसार जारी हैं।

Dayanidhi

  • शीतलहर का असर: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज।

  • दिल्ली में इस सीजन की पहली शीतलहर दर्ज: आया नगर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम, प्रदूषण “बहुत खराब” श्रेणी में।

  • हिमालयी राज्यों में ठंड बढ़ी: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर, कई जगह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे।

  • दक्षिण भारत में भारी बारिश: केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में चक्रवाती प्रसार के कारण भारी बारिश और गरज-चमक के आसार।

  • पूर्वोत्तर में कोहरा छाया: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में दृश्यता 200 से 500 मीटर तक घटी, सुबह ठंड बढ़ी।

देश के अधिकांश हिस्सों में अब सर्दी दस्तक दे चुकी है। उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट देखी जा रही है, वहीं दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, जारी बुलेटिन के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर, मध्य और पूर्व भारत के कई हिस्सों में शीतलहर के आसार हैं, जबकि दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के दौर के जारी रहने के आसार हैं।

उत्तर भारत में ठंड ने पकड़ी रफ्तार

उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में धूप खिली रहने से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन सुबह और शाम के समय कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम बना हुआ है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में सर्द हवाएं चलेंगी और तापमान और गिर सकता है।

दिल्ली में सीजन की पहली शीतलहर

दिल्ली में कल, 10 नवंबर को सीजन की पहली शीतलहर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के आया नगर मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम था। राजधानी के कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा, धुंध और ठंडी हवाएं महसूस की गई। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में पारा और लुढ़क सकता है।

दिल्ली में जहां सर्दी बढ़ रही है, वहीं प्रदूषण की समस्या भी लोगों को परेशान कर रही है। शहर की हवा "बहुत खराब" श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। आज दिल्ली के अधिकतम तापमान के लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ी ठंड

उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। विभाग की मानें तो राज्य के सभी जिलों में 14 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह और शाम के समय तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी गर्माहट का अहसास हो रहा है।

हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। कांगड़ा, मंडी, सोलन और हमीरपुर जैसे जनपदों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। पहाड़ी इलाकों में सुबह और देर शाम को कड़ाके की सर्दी पड़ रही है

दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण भारत के ऊपर ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। एक और चक्रवाती प्रसार मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर और दक्षिण बांग्लादेश तथा उसके आसपास, तथा तीसरा उत्तर आंतरिक तमिलनाडु के ऊपर सक्रिय है।

इन मौसमी गतिविधियों के चलते केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के दौर के जारी रहने के आसार हैं।

वहीं आज, 11 नवंबर, 2025 को केरल और माहे में कुछ हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। इसके अलावा लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज के साथ बौछारें पड़ने व बिजली गिरने का भी अंदेशा जताया गया है

पूर्वोत्तर भारत में कोहरा और ठंड

पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मध्यम से हल्का कोहरा देखा जा रहा है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई इलाकों में मध्यम कोहरा, जबकि असम, मेघालय, बिहार और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।

आज तड़के असम के शिलांग और मिजोरम के आइजोल में दृश्यता केवल 200 मीटर रही, जबकि दिल्ली के सफदरजंग और बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कुल मिलाकर उत्तर भारत में तापमान में गिरावट, शीतलहर की स्थिति, हवा शुष्क बनी हुई है। मध्य भारत में सर्द हवाओं का प्रभाव जारी, तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। पूर्वोत्तर भारत में कोहरे की स्थिति, सुबह का तापमान गिरा हुआ।दिल्ली-एनसीआर में सर्दी और प्रदूषण दोनों का असर, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लोगों के लिए सलाह

दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में बिजली गिरने और भारी बारिश के समय लोगों को घर के अंदर रहने का सुझाव दिया गया है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें।

इस प्रकार नवंबर के दूसरे हफ्ते में भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम का रुख अलग-अलग है, उत्तर भारत में सर्दी बढ़ रही है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश से राहत और नमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सर्दी के और तेज होने की संभावना जताई है, जिससे साफ है कि सर्दियों का मौसम अब पूरी तरह दस्तक दे चुका है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 10 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु के इरोड में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में महाराष्ट्र के गोंदिया में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल 10 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा केरल और माहे में के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।