उत्तराखंड-हिमाचल में ठंड का असर: ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर की चेतावनी, आसमान साफ, कोहरा और सर्द हवाएं बनी रहेंगी। 
मौसम

कई राज्यों में लुढ़का पारा, शीतलहर की चेतावनी, जानें कहां बरसेंगे बादल

उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में ठंड का प्रकोप, दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार, दिल्ली में सर्दी के साथ प्रदूषण का स्तर गंभीर।

Dayanidhi

  • उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर: पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 13 से 15 नवंबर तक शीतलहर जारी रहेगी।

  • उत्तराखंड-हिमाचल में ठंड का असर: ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर की चेतावनी, आसमान साफ, कोहरा और सर्द हवाएं बनी रहेंगी।

  • दिल्ली-एनसीआर में दोहरी मार: न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, हवा ‘गंभीर श्रेणी’ में, ठंड और प्रदूषण दोनों बढ़े।

  • पूर्वोत्तर भारत में गिरा तापमान: अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट, कई जगहों पर घना कोहरा।

  • दक्षिण भारत में भारी बारिश: केरल, माहे और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, बारिश का येलो अलर्ट जारी।

देश के उत्तरी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अब सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 13 नवंबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट के अनुसार उत्तर भारत में तापमान में लगातार गिरावट आ रही है, जबकि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण फिर से गंभीर स्तर पर पहुंच गया है।

उत्तर भारत में ठंडी हवाओं का असर तेज

उत्तर भारत में फिलहाल 3.1 किमी ऊंचाई पर उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवातीय प्रसार बना हुआ है। इसके कारण ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में तेजी से फैल रही हैं। हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली इन बर्फीली हवाओं ने पूरे उत्तर भारत को ठंड की गिरफ्त में ले लिया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 13 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तीव्र शीतलहर चल सकती है। इसी दिन छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी ठंड का असर तेज रहेगा। 14 और 15 नवंबर को इन दोनों राज्यों में हल्की से मध्यम शीतलहर के जारी रहने का अंदेशा जताया गया है।

इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्यप्रदेश में भी 13 से 15 नवंबर के बीच शीतलहर चलने की आशंका व्यक्त की गई है। कुछ हिस्सों में दिन के समय भी तापमान सामान्य से कम रहेगा, जिससे ठंडा दिन या कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।

उत्तराखंड और हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम का रुख

उत्तराखंड में सर्दी का मौसम पूरी तरह शुरू हो चुका है। पहाड़ों से ठंडी हवाएं मैदानों की ओर बह रही हैं। सुबह और रात के समय ठंड काफी बढ़ गई है जबकि दिन में हल्की धूप राहत दे रही है। हालांकि हवा की ठंडक इतनी तेज है कि धूप में भी ठंड महसूस हो रही है।

मौसम विभाग ने राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। हालांकि यहां फिलहाल बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं तराई और पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम को कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। साफ मौसम के कारण राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंड, हवा में घुला जहर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब ठंड का असर तेज महसूस हो रहा है। रात के साथ-साथ दिन में भी हवाएं सर्द महसूस होने लगी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर चल सकती है। इस समय हवा की रफ्तार 19 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की जा रही है, जिससे ठंडक और बढ़ गई है।

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलेगी लेकिन शाम होते ही तापमान फिर से गिर जाएगा।

हालांकि ठंड के साथ दिल्ली की हवा फिर से जहरीली हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 346 दर्ज किया गया जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। दिल्ली के कई इलाकों में यह 400 से भी ऊपर पहुंच गया है।

पूर्वोत्तर भारत में तापमान में गिरावट और कोहरा

पूर्वोत्तर भारत में अगले चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। साथ ही शीतलहर और घना कोहरा छाने का भी अंदेशा जताया गया है। असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले पांच दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

आज, 13 नवंबर की सुबह 5:30 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, कई इलाकों पर दृश्यता केवल 500 मीटर तक रही। दिल्ली, कानपुर, ग्वालियर, शिलांग, दीमापुर और पूर्णिया में सुबह घना कोहरा दर्ज किया गया।

दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी

दक्षिण भारत के मौसम में इसके विपरीत स्थिति बनी हुई है। तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप द्वीप में बारिश के दौर के जारी रहने का पूर्वानुमान है।

आज, 13 नवंबर, 2025 को केरल और माहे में कुछ हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। विभाग ने इन हिस्सों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, दक्षिण कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मौसम का लोगों पर असर व सुझाव

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से सावधानी बरतने की सलाह दी है। लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से फ्लू, जुकाम, नाक से खून निकलना जैसी बीमारियां बढ़ सकती हैं।

कभी भी कंपकंपी को नजरअंदाज न करें, यह शरीर के तापमान गिरने का पहला संकेत है। अत्यधिक ठंड में शीतदंश (फ्रॉस्टबाइट) का खतरा भी बढ़ जाता है, जिसमें त्वचा पहले पीली और कठोर हो जाती है और बाद में उस पर काले छाले पड़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

कृषि, पशुपालन, जलापूर्ति, परिवहन और बिजली आपूर्ति जैसे क्षेत्रों पर भी इस ठंड का असर देखने को मिल सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपने फसलों और पशुओं को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक उपाय करें।

उत्तर और मध्य भारत में ठंड अपने चरम की ओर बढ़ रही है जबकि दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी है। एक ओर दिल्ली-एनसीआर की हवा खतरनाक स्तर पर है, तो दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में सुबह-शाम की सर्दी हड्डियां कंपा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिन देश के अधिकांश हिस्सों में ठंड और कोहरे से भरे रहेंगे।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 12 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु के इरोड में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में उड़ीसा के फुलबनी और जम्मू और कश्मीर के जम्मू में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल 12 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल 12 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के पंबन और कन्याकुमारी प्रत्येक जगह 1 सेमी, केरल और माहे के तिरुवनंतपुरम-शहर में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।