बुधवार रात से गुरुवार तक कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, सफेद चादर से ढकी गुलमर्ग की पहाड़ियों ने पर्यटकों को सर्दियों के मौसम की शानदार झलक दिखाई। फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी-आंधी, दिल्ली में जहरीली हवा; बंगाल की खाड़ी में गहराया निम्न दबाव

पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी व आंधी के आसार, दिल्ली में एक्यूआई 403 पहुंचा, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव 15 नवंबर तक डिप्रेशन में तब्दील होने का अंदेशा।

Dayanidhi

  • पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल व उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू।

  • जम्मू-कश्मीर में 13-14 नवंबर को 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बिजली गिरने का अलर्ट।

  • दिल्ली-एनसीआर में सुबह धुंध और शाम को बादल छाने के आसार, एक्यूआई 403 पहुंचने से प्रदूषण गंभीर श्रेणी में।

  • दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदल सकता है, अंडमान में भारी बारिश के आसार।

देश के मौसम में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश-बर्फबारी, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही के बीच प्रदूषण ने लोगों की सांसें मुश्किल कर रखी हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज, 13 नवंबर, 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में और ताकतवर हो सकता है। मौसम के इन अलग-अलग प्रणालियों ने देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत दे दिए हैं।

पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, कश्मीर और आसपास के इलाकों में ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बना चक्रवाती परिसंचरण अब भी सक्रिय है। इसके अलावा मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में ऊंचाई पर एक ट्रफ मौजूद है।

इसी मौसमी हलचल के चलते बुधवार रात से गुरुवार तक कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी ने घाटी में ठंड बढ़ा दी। वहीं, बर्फ की सफेद चादर से ढकी गुलमर्ग की पहाड़ियों ने पर्यटकों को सर्दियों के मौसम की शानदार झलक दिखाई।

वहीं आज,13 नवंबर को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कई इलाकों में बारिश व ऊंचाई वाले हिस्सों में हिमपात की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश का दायरा व्यापक रह सकता है। जम्मू-कश्मीर में 13 और 14 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 15 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल में 13 और 14 नवंबर को कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश हो सकती है। पंजाब के कुछ हिस्सों में भी 13 नवंबर को बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में बादल, लेकिन प्रदूषण का कहर

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। दोपहर और शाम तक बादलों की मौजूदगी बढ़ सकती है। सुबह कई इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा छाने का अनुमान है, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है।

राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पश्चिमी हवाएं पांच से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।

हालांकि दिल्लीवासियों की सबसे बड़ी परेशानी मौसम नहीं, बल्कि जहरीली हवा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह छह बजे दिल्ली-एनसीआर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। यानी सुबह की धुंध के साथ प्रदूषण का खतरनाक मेल लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव, डिप्रेशन में तब्दील होने की आशंका

देश के पूर्वी समुद्री हिस्से में भी मौसम की बड़ी प्रणाली आकार ले रही है। मध्य अंडमान सागर और आसपास के इलाकों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 13 नवंबर को सुबह 5:30 बजे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल तक फैला हुआ है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि इस प्रणाली के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के आसार हैं। 14 नवंबर के आसपास इसके और सुस्पष्ट कम दबाव क्षेत्र बनने तथा 15 नवंबर के आसपास डिप्रेशन में तब्दील होने का अंदेशा है। फिलहाल इसे डीप डिप्रेशन कहना सही नहीं होगा, क्योंकि विभाग ने अभी इसके डिप्रेशन बनने का ही पूर्वानुमान दिया है।

इसके प्रभाव से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक, बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि पश्चिमी, मध्य और भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं।

कहीं गर्मी, कहीं सर्दी का एहसास

तापमान के आंकड़े भी मौसम की अलग-अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। 12 नवंबर को गुजरात के राजकोट में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मैदानी भारत में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिमाचल प्रदेश के मंडी में 8.4 डिग्री रहा। पूर्वी मध्य प्रदेश और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।

कुल मिलाकर, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ, पहाड़ों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी में बन रहा दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में मौसम की चाल तय करेंगे। पहाड़ों पर छाते बादल और समुद्र में मजबूत होती प्रणाली जहां बारिश के संकेत दे रहे हैं, वहीं दिल्ली-एनसीआर की हवा फिलहाल सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है।