दिल्ली-एनसीआर सहित पहाड़ी राज्यों में सुबह और रात के समय सर्दी का असर बढ़ा, कई इलाकों में हल्का कोहरा दर्ज। 
मौसम

दक्षिण में बारिश, उत्तर व मध्य भारत में पारे में गिरावट से बढ़ा सर्दी का प्रकोप

दक्षिण भारत में बारिश सक्रिय, जबकि उत्तर, मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट से सर्दी बढ़ने के संकेत।

Dayanidhi

  • तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट, कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश के आसार।

  • केरल, दक्षिण कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी बादल छाए रहने और बिजली गिरने की गतिविधि के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

  • उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव।

  • दिल्ली-एनसीआर सहित पहाड़ी राज्यों में सुबह और रात के समय सर्दी का असर बढ़ा, कई इलाकों में हल्का कोहरा दर्ज।

  • पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मध्यम से हल्का कोहरा, दृश्यता 200 से 500 मीटर तक सीमित।

दक्षिण भारत के कई राज्यों में बादल और बारिश का दौर जारी है, जबकि उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई इलाकों में रात और सुबह के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, सात नवंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर क्षेत्रों में बने चक्रवाती प्रसार और ट्रफ लाइन के कारण दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। वहीं आगामी दिनों में कई हिस्सों में सर्दी का असर बढ़ सकता है।

सबसे पहले दक्षिण भारत की स्थिति पर नजर डालें तो पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इस मौसमी गतिविधि के कारण तटीय इलाकों में नमी पहुंच रही है, जिसके कारण तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण रायलसीमा और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में बादलों के छाने और गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

इसके अलावा बांग्लादेश और इसके पास स्थित त्रिपुरा और दक्षिण असम के ऊपर एक अन्य चक्रवाती प्रसार सक्रिय है, इसके कारण पूर्वोत्तर भारत में आंशिक रूप से बादल छाने और हल्की बारिश हो सकती है।

एक ट्रफ लाइन भी मौसम पर भारी असर डाल रही है। यह ट्रफ बंगाल की खाड़ी से शुरू होकर तमिलनाडु और कर्नाटक के ऊपर से होकर पूर्वी अरब सागर में ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके चलते भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में नमी का प्रवाह लगातार बना हुआ है, जो बारिश की गतिविधियों को सहारा दे रहा है।

इस कारण जहां तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार बने हुए है। इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

वहीं केरल, माहे, दक्षिण कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका जताई गई है। इस दौरान लोगों को बिजली की चमक और तेज हवाओं से सतर्क रहने की जरूरत है।

दूसरी ओर उत्तर भारत में मौसम अपेक्षाकृत स्थिर बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे सुबह और रात के समय सर्दी का अहसास बढ़ने लगेगा। सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा भी देखे जाने के आसार हैं।

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पारा लगातार लुढ़क रहा है, मौसम विभाग की मानें तो अभी बारिश व बर्फबारी होने की कोई संभावना नहीं है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। न्यूनतम तापमान के 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है।

एक और पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में पिछले दिनों में बारिश व बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। कल्पा में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं कल, राज्य के अन्य इलाकों में मौसम साफ व धूप निकली। हालांकि लाहौल स्पीति और मनाली के ऊंचाई वाले हिस्सों में हुए हिमपात के कारण यहां सर्द हवाएं महसूस की जा रही हैं। विभाग की मानें तो अब राज्य में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है।

देश की राजधानी दिल्ली व इससे सटे एनसीआर में रातें सर्द होने लगी हैं। आने वाले दिनों में यहां रातों में कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान है। रात का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहने का पूर्वानुमान है और दिन के तापमान के भी 28 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहने के आसार हैं। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान दिल्ली एनसीआर के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। जबकि हवाएं 17 किमी प्रति घंटे की गति से चल रही हैं, जो सर्दी में इजाफा कर रही हैं। आज दिल्ली में आसमान के साफ रहने का अनुमान है, अधिकतम तापमान के 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान के 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मध्य भारत में भी सर्दी का असर धीरे-धीरे दिखने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तीन से चार दिनों तक तापमान स्थिर रह सकता है।

पूर्वी भारत में भी अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन इसके बाद दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। इससे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी सर्दी का असर थोड़ा बढ़ सकता है।

पश्चिम भारत, विशेषकर गुजरात, में आने वाले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है, जो आने वाली सर्दियों के धीरे-धीरे प्रबल होने का संकेत है। राजस्थान के पश्चिमी जिलों में भी रात के समय ठंडी हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

मौसम में बदलाव का असर आम लोगों पर

जहां दक्षिण भारत में बारिश से कुछ हिस्सों में जलभराव और यातायात के प्रभावित होने के आसार बने रहते हैं, वहीं किसानों के लिए भी इस बारिश का मिश्रित प्रभाव हो सकता है। धान, गन्ना और सब्जी फसलों को फायदा मिल सकता है, लेकिन कपास और दलहन क्षेत्रों में अधिक बारिश के कारण फसल प्रभावित हो सकती है।

उधर उत्तर और मध्य भारत में तापमान गिरने से लोगों को अब रात के समय गर्म कपड़ों का उपयोग बढ़ गया है। बदलते मौसम के चलते बुज़ुर्गों और बच्चों को सांस संबंधी रोगों को सामना करना पड़ सकता है इसलिए विशेष सावधानी बरतनी की जरूरत है। कुल मिलाकर, दक्षिण भारत में बारिश का प्रभाव जारी रहेगा, जबकि उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में सर्दियों की दस्तक धीरे-धीरे महसूस होने लगी है।

कोहरे की स्थिति व दृश्यता

पूर्वोत्तर भारत में आज सुबह कई इलाकों में कोहरे का असर देखने को मिला। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मध्यम से हल्के कोहरे की स्थिति दर्ज की गई। दृश्यता कम होने से सुबह के समय आवागमन पर हल्का असर देखा गया।

इसके अलावा, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी हल्का कोहरा छाया रहा। उत्तर भारत में दिल्ली के कुछ इलाकों में भी आज तड़के हल्का कोहरा दर्ज किया गया, जिससे सुबह के समय दृश्यता सामान्य से कम रही।

आज तड़के आइजोल-लेंगपुई में दृश्यता 200 मीटर, इम्फाल में दृश्यता 500 मीटर, कैलाशहर में दृश्यता 500 मीटर, डिब्रूगढ़ में दृश्यता 500 मीटर, बारापानी में दृश्यता 500 मीटर, नई दिल्ली के सफदरजंग में में दृश्यता 500 मीटर रिकॉर्ड की गई।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, छह नवंबर, 2025 को तमिलनाडु के इरोड में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल छह नवंबर, 2025 को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल छह नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कलावई में 7 सेमी, तिरुपत्तूर-कलेक्टर ऑफिस में 4 सेमी, पूनमल्ली और चेय्यार हर जगह 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।