उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में शीतलहर का प्रकोप, उत्तराखंड, हिमाचल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा।
उत्तराखंड और हिमाचल में ठंड और बर्फबारी बढ़ी, औली, मुनस्यारी, केदारनाथ और लाहौल-स्पीति जैसे इलाकों में पाला और हिमपात के आसार।
दिल्ली में तापमान में गिरावट के आसार: न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास, सुबह हल्का कोहरा या धुंध छा सकती है।
किसानों के लिए चेतावनी: ठंड से फसल बचाने को शाम के समय हल्की सिंचाई और पौधों पर मल्चिंग (पुआल/पॉलीथीन शीट) की सलाह।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी: केरल और माहे में येलो अलर्ट, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने और गरज के साथ बौछारों पड़ने के आसार।
नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत में ठंड तेजी से बढ़ रही है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 10 नवंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि आने वाले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं, केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में उत्तर हरियाणा के ऊपर 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में दिखाई देगा। इसकी वजह से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत बिहार में भी ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। कई जगहों पर रात का तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किया जा रहा है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ी सर्दी
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सर्दी का असर अब तेजी से महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, औली, मुनस्यारी, केदारनाथ, बागेश्वर जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
साफ आसमान के कारण रात में रेडिएटिव कूलिंग बढ़ेगी, जिससे ठंड और तीव्र होगी। कुछ जगहों पर पाला पड़ने की भी आशंका जताई गई है। चमोली, नैनीताल, मसूरी और रुद्रप्रयाग जिलों में शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है।
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन सुबह और शाम के समय तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। लाहौल-स्पीति, कीलोंग, ताबो और कुकुमसेरी जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है।
वहीं, सुंदरनगर में मध्यम और बिलासपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया, जिससे सुबह-सुबह वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति और मनाली में आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी के असर जताए हैं।
दिल्ली और आसपास का मौसम
राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। हालांकि अगले सात दिनों में तापमान में गिरावट की आशंका जताई गई है। आज, 10 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का असर और बढ़ा देंगी।
मध्य और पूर्वी भारत में शीत लहर का असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में 10 और 11 नवंबर को शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और उत्तर-पश्चिम झारखंड में किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों को ठंड से बचाने के लिए शाम के समय हल्की व बार-बार सिंचाई करें।
इसके अलावा सब्जी की नर्सरी और छोटे फलदार पौधों को बचाने के लिए उन पर मल्चिंग (पुआल या प्लास्टिक शीट से ढकना) की सलाह दी गई है ताकि मिट्टी का तापमान नियंत्रित रहे। पूर्वोत्तर भारत में भी अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी
उत्तर भारत जहां ठंड से ठिठुर रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में कई चक्रवाती प्रसार सक्रिय हैं। जहां एक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी, दूसरा दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों तथा तीसरा उत्तर आंतरिक तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जारी है।
इन मौसमी गतिविधियों के कारण केरल, माहे, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं आज, 10 नवंबर, 2025 को केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली कड़कने और बादलों के गरजने के आसार भी हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बारिश के दौरान खुले में जाने से बचें और बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थान पर रहें।
भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। उत्तर भारत में शीत लहर और पाला पड़ने की के आसार हैं। पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट जारी रहेगी। वहीं दक्षिण भारत में सक्रिय चक्रवातीय हवाओं के कारण भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
नवंबर के मध्य तक उत्तर भारत में ठंड और बढ़ेगी, जबकि दक्षिण भारत में नमी भरे मौसम के चलते रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। किसानों और यात्रियों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है ताकि वे अपनी दिनचर्या और कृषि कार्यों की उचित योजना बना सकें।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, नौ नवंबर, 2025 को (कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में उत्तराखंड के पंतनगर और महाराष्ट्र के जेउर में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल नौ नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा लक्षद्वीप के कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल नौ नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के पंबन में 3 सेमी, केरल और माहे के तिरुवनंतपुरम-शहर में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।