अगले सात दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। 
मौसम

दिल्ली से लेकर पटना व भोपाल तक गर्मी की आहट, जानें कहां बरसेंगे बादल

25 फरवरी, 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी, तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।

Dayanidhi

  • दिल्ली से पटना और भोपाल तक तापमान बढ़ा, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होगा।

  • उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले हफ्ते में अधिकतम तापमान के 2 से 3 डिग्री बढ़ने का अनुमान, कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक रहेगा।

  • उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ हटने के बाद मौसम साफ, पहाड़ों और मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी।

  • छत्तीसगढ़, आंतरिक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और विदर्भ में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना।

देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। कहीं बर्फबारी हो रही है तो कहीं तापमान बढ़ रहा है। पहाड़ों में ठंड अभी बनी हुई है, लेकिन मैदानी इलाकों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, यानी 25 फरवरी, 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी

उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा तापमान

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके कारण तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।

इसका असर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में देखने को मिलेगा। दोपहर के समय धूप तेज महसूस होगी और हल्की गर्मी का अहसास होगा। हालांकि सुबह और शाम का मौसम अभी भी सुहावना रहेगा।

मध्य और पूर्वी भारत का हाल

मध्य और पूर्वी भारत में अगले चार दिनों तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। उसके बाद तीन दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

भोपाल, पटना और आसपास के इलाकों में दिन का तापमान बढ़ेगा। लोग अब हल्के कपड़े पहनने लगे हैं। धीरे-धीरे सर्दी कम हो रही है और गर्मी की शुरुआत हो रही है।

महाराष्ट्र में भी बढ़ेगी गर्मी

महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। लेकिन उसके बाद पांच दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन दिन में धूप तेज हो सकती है।

उत्तराखंड में साफ हुआ मौसम

दो दिनों की बारिश व बर्फबारी और ठंडी हवाओं के बाद उत्तराखंड में मौसम साफ हो गया है। 25 और 26 फरवरी को राज्य के सभी 13 जिलों में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद पहाड़ों और मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और देहरादून में आसमान साफ रहेगा। हालांकि बर्फ पिघलने के कारण शाम के समय ठंडी हवाएं चल सकती हैं। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। भरमौर के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। शिमला और कुल्लू-मनाली में मौसम साफ रहा। कांगड़ा और कुल्लू में तेज हवाएं चलीं, जिससे मौसम में थोड़ा बदलाव आया।

राज्य में न्यूनतम तापमान की बात करें तो ऊंचे पहाड़ों में यह माइनस पांच डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। जबकि मध्य पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन से 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान नौ से 14 डिग्री सेल्सियस रहा।

जम्मू और कश्मीर में फिर बर्फबारी

जम्मू और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाकों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। श्रीनगर, पुलवामा और बारामूला में तापमान गिर सकता है। यहां के लोगों को ठंड से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होगी। सुबह और शाम का मौसम अभी भी सुहावना रहेगा। हवा की रफ्तार लगभग आठ से 10 किमी प्रति घंटा रह सकती है।

कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग की मानें तो आज, यानी 25 फरवरी तक पंजाब और ओडिशा के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को सुबह यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर और समुद्री क्षेत्रों में हलचल

पूर्वोत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम सक्रिय है। लगभग 105 नॉट की रफ्तार से 12.6 किमी की ऊंचाई पर तेज हवाएं चल रही हैं। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र अब कमजोर हो गया है, लेकिन उससे जुड़ी चक्रवाती गतिविधियां अभी भी बनी हुई हैं।

दक्षिण मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में इजाफा होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

कहां है आंधी, वज्रपात और बारिश के आसार

कुछ राज्यों में बिजली गिरनेगरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें छत्तीसगढ़, आंतरिक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और विदर्भ शामिल हैं।

वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज के साथ बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों में कहां हुई बारिश?

पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, ओडिशा, झारखंड, केरल, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। ओडिशा के भुवनेश्वर में 3 सेमी और केरल के कोझिकोड में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

देश में अब सर्दी धीरे-धीरे विदा ले रही है। मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ रहा है। दिल्ली से लेकर पटना और भोपाल तक गर्मी की आहट महसूस की जा रही है। हालांकि पहाड़ी राज्यों में अभी भी ठंड और बर्फबारी का दौर जारी है। कुछ राज्यों में गरज और बारिश भी हो रही है।

आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसलिए लोगों को बदलते मौसम के अनुसार अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में बढ़ती गर्मी से बचाव जरूरी है। कुल मिलाकर, देश में मौसम तेजी से बदल रहा है और अब गर्मी की शुरुआत साफ दिखाई देने लगी है।