फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में शुष्क मौसम, 26 फरवरी से पश्चिमी हिमालय में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी संभव। 
मौसम

देश के अधिकतर इलाकों में शुष्क मौसम, उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा तापमान

24 फरवरी, 2026 को जारी बुलेटिन के मुताबिक, कम दबाव के कारण 24-25 फरवरी को अंडमान व नोकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है

Dayanidhi

  • 26 फरवरी से पश्चिमी हिमालय में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी संभव।

  • उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने के आसार।

  • 24-25 फरवरी को अंडमान व नोकोबार द्वीप समूह में कम दबाव के कारण गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।

  • दिल्ली-एनसीआर में 24 फरवरी से एक मार्च तक अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है।

  • ओडिशा, झारखंड और तेलंगाना में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना।

फरवरी के अंतिम सप्ताह में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, तो कहीं तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 24 फरवरी, 2026 को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि 26 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में दिखाई देगा।

26 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में एक ताजा और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पहुंच सकता है। इसकी वजह से 26 से 28 फरवरी के बीच जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हालांकि यह प्रणाली ज्यादा मजबूत नहीं है, इसलिए भारी बारिश की संभावना नहीं है।

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी को केवल ऊंचाई वाले जिलों उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली में 3000 मीटर से ऊपर की ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है

राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों जैसे हरिद्वार और देहरादून में धूप निकलेगी, लेकिन ठंडी हवाएं चलेंगी। 25 फरवरी से पूरे राज्य में मौसम साफ रहने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है।

हिमाचल प्रदेश में बढ़ता तापमान

हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे क्षेत्रों में दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की गई।

ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान छह से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि निचले इलाकों में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा।

कश्मीर घाटी में शुष्क मौसम

कश्मीर घाटी में कल, यानी 23 फरवरी को पूरे दिन मौसम शुष्क रहा। श्रीनगर सहित अधिकतर इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई। अगले 24 घंटों में भी घाटी में मौसम शुष्क और सामान्य से अधिक गर्म रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 24 फरवरी से एक मार्च के बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात का तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। तेज धूप और शुष्क मौसम के कारण दिन में लोगों को गर्मी महसूस होने लगेगी।

पंजाब में घने कोहरे का अंदेशा

पंजाब के कुछ इलाकों में 24 फरवरी की सुबह तक घना कोहरा छा सकता है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पूर्वी और मध्य भारत में बारिश और आंधी

24 फरवरी को ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अंदेशा जताया गया है। इसी दौरान तेलंगाना में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

24 और 25 फरवरी को मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

पूर्वोत्तर भारत में मौसम की गतिविधियां

पूर्वोत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर तेज पश्चिमी जेट स्ट्रीम बह रही है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है। साथ ही, मध्य असम के आसपास 1.5 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है।

उपरोक्त गतिविधि के चलते पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय है। असम और मेघालय में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात का अंदेशा जताया गया है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश व आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव क्षेत्र

दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों पर बने कम दबाव का क्षेत्र पूर्व की ओर बढ़ गया है और अगले 24 घंटों में इसके कमजोर पड़ने की संभावना है। इससे जुड़ा चक्रवाती प्रसार ऊंचाई तक फैला है।

इसके प्रभाव से 24 और 25 फरवरी को अंडमान व नोकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कम दबाव के चलते दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे इस दौरान समुद्र में जाने से बचें।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग एक द्वारा जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में तापमान में लगभग दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है।

महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। गुजरात राज्य में तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। जबकि देश के बाकी हिस्सों में भी अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 23 फरवरी, 2026 को तमिलनाडु के इरोड में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर और बठिंडा में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कुल मिलाकर देश के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। अंडमान-निकोबार में भी मौसम सक्रिय रहेगा। आने वाले दिनों में कई राज्यों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।