पूर्वोत्तर और पश्चिमी यूपी समेत देश के कई इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार  
मौसम

देशभर में तापमान में गिरावट, उत्तराखंड और कश्मीर में कड़ाके की ठंड, दक्षिण में बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में पारा माइनस में, शीतलहर और कोहरे की बढ़ती मार, जबकि दक्षिण में चक्रवाती गतिविधियों से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका।

Dayanidhi

  • उत्तर भारत में शीतलहर तेज, तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट।

  • हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और पाला।

  • दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण ‘बहुत खराब’ श्रेणी में।

  • दक्षिण भारत में कम दबाव और चक्रवातीय गतिविधियां सक्रिय, भारी बारिश का अंदेशा।

  • पूर्वोत्तर और पश्चिमी यूपी समेत देश के कई इलाकों में घना कोहरा छाने का अनुमान।

देश के कई हिस्सों में सर्दी तेज होती जा रही है। उत्तर भारत में तापमान तेजी से गिर रहा है, जबकि दक्षिण और पूर्वी क्षेत्रों में समुद्र में मौसमी गतिविधियों के कारण बारिश के आसार बढ़ गए हैं।

मौसम विभाग ने आज सुबह, 25 नवंबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट में कहा है कि आने वाले दिनों में पारे में और भी गिरावट आ सकती है। उत्तर भारत में दिन और रात, दोनों समय ठंड का असर बढ़ता जा रहा है, वहीं दक्षिण भारत में कम दबाव और चक्रवाती गतिविधियां सक्रिय हो चुके हैं, जो अगले कुछ दिनों में मौसम को प्रभावित करेंगे।

उत्तर भारत में तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि उसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

इसी तरह मध्य भारत में अगले दो दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद के तीन दिनों में दो से तीन डिग्री की गिरावट संभव है। देश के बाकी हिस्सों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड व शीतलहर का प्रकोप

उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। सुबह और शाम की सर्दी काफी बढ़ गई है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा, जिससे सर्दी का प्रकोप और बढ़ सकता है।

मैदानी इलाकों में कोहरे की चादर फैलने लगी है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में पाला जमने लगा है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बना हुआ है। पूरे राज्य में आज मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में तापमान पांच डिग्री से नीचे

हिमाचल प्रदेश में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। यहां 14 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। ताबो सबसे ठंडी जगह रही, जहां तापमान माइनस 6.9 डिग्री तक गिर गया।

कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति में बर्फीली हवाएं दिनभर चलती रही, जिससे सर्दी और बढ़ गई। मंडी और बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा। मौसम केंद्र शिमला ने बताया कि राज्य में 30 नवंबर तक मौसम के साफ और शुष्क बने रहने की संभावना है।

कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से नीचे

कश्मीर घाटी के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शोपियां में तापमान माइनस 5.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो घाटी का सबसे कम तापमान रहा। श्रीनगर ने भी सीजन की सबसे कड़ाके की ठंड महसूस की, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, घाटी में 30 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा, हालांकि तापमान में तीन डिग्री तक और गिरावट आ सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ेगी, प्रदूषण भी बना बड़ी समस्या

दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों से तापमान गिरना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान नौ से 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहेगा। रात के समय ठंड और बढ़ेगी।

सबसे बड़ी समस्या यह है कि पिछले डेढ़ महीने से दिल्ली-एनसीआर में हवाओं की रफ्तार बहुत कमजोर बनी हुई है। हवा की गति आठ से 19 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच ही है, जिसके कारण प्रदूषण कम नहीं हो पा रहा है। इंडिया गेट के पास हवा की गुणवत्ता बहुत खराब स्तर पर 328 वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दर्ज की गई है। पश्चिमी हवाएं तेज होने पर ठंड और भी बढ़ सकती है।

उत्तर-पूर्व और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा

25 नवंबर की रात और सुबह के समय उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों सहित असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आएगी और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।

समुद्री क्षेत्रों में चक्रवाती गतिविधि तेज

दक्षिण भारत और समुद्री क्षेत्रों में इस समय कई मौसमी गतिविधियां सक्रिय हैं। मलेशिया और मलक्का की खाड़ी के पास बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके अंडमान सागर के दक्षिणी हिस्से में पहुंचकर डिप्रेशन में तब्दील होने के आसार हैं। इसके बाद यह और तेज होकर अगले 48 घंटों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है

इसी तरह कोमोरिन क्षेत्र में भी ऊपरी हवा में चक्रवाती प्रसार जारी है। इसके कारण आज, 25 नवंबर के आसपास कोमोरिन, दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के पास एक कम दबाव का क्षेत्र बनने का अंदेशा है, जो आगे और अधिक सक्रिय हो सकता है।

दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधि बढ़ेगी

तूफानी गतिविधियों के चलते उत्तर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश के आसार हैं। कर्नाटक के तटीय और आंतरिक दक्षिणी इलाकों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

आज, 25 नवंबर, 2025 को अंडमान और निकोबार, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, बारिश के साथ-साथ आज, अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु-श्रीलंका तट के पास समुद्र में तेज हवाएं चलने का भी अंदेशा जताया गया है, जिससे मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 24 नवंबर, 2025 को कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 24 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अधिकतर इलाकों, केरल, माहे तथा लक्षद्वीप के कई हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितना बरसा पानी?

कल, 24 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के पांडिचेरी, कन्याकुमारी, कराईकल, नागपट्टिनम, कुड्डालोर, येरकॉड और कुन्नूर प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।