वर्ष 2025 में दुनिया भर में करीब 95 लाख लोग टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित थे, पांच लाख नए मरीज जुड़े। फोटो साभार: आईस्टॉक
स्वास्थ्य

100 साल बाद भी इंसुलिन से डायबिटीज की जंग, डब्ल्यूएचओ ने की पहली गाइडलाइन जारी

टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे वयस्कों के इलाज के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की नई पहल; सस्ता इंसुलिन और नियमित जांच पर जोर

Dayanidhi

  • डब्ल्यूएचओ ने वयस्कों में टाइप-1 डायबिटीज के निदान और इलाज के लिए पहली गाइडलाइन जारी की।

  • वर्ष 2025 में दुनिया भर में करीब 95 लाख लोग टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित थे, पांच लाख नए मरीज जुड़े।

  • डब्ल्यूएचओ ने मरीजों को दिन में कई बार इंसुलिन लेने और नियमित रूप से ब्लड शुगर की निगरानी करने की सलाह दी।

  • संगठन का लक्ष्य 2030 तक सभी टाइप-1 डायबिटीज मरीजों को सस्ता इंसुलिन और ब्लड शुगर जांच सुविधा उपलब्ध कराना है।

  • डायबिटीज से अंधापन, किडनी फेलियर, हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। समय पर पहचान और इलाज बेहद जरूरी है।

इंसुलिन की खोज को 100 साल से ज्यादा हो चुके हैं। इस खोज ने कभी टाइप-वन डायबिटीज को मौत का दूसरा नाम बना देने वाली बीमारी से जिंदगी की उम्मीद में बदल दिया था। लेकिन आज भी दुनिया में लाखों लोग ऐसे हैं, जिनके लिए इंसुलिन तक पहुंचना किसी जंग से कम नहीं है। दवा मौजूद है, इलाज के तरीके मौजूद हैं, लेकिन जेब में पैसे न हों या आसपास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं न हों, तो जिंदगी बचाने वाला इंसुलिन भी दूर की चीज बन जाता है।

इसी गंभीर चुनौती को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने टाइप-वन डायबिटीज से पीड़ित वयस्कों के निदान और इलाज के लिए पहली बार विशेष गाइडलाइन जारी की है। खास बात यह है कि इन सिफारिशों को केवल बड़े अस्पतालों और विकसित देशों तक सीमित नहीं रखा गया है। इन्हें गरीब देशों, सीमित संसाधनों वाले इलाकों और युद्ध या आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में भी लागू करने के लिहाज से तैयार किया गया है।

दुनिया में बढ़ रहे टाइप-वन डायबिटीज के मरीज

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, वर्ष 2025 में दुनिया भर में करीब 95 लाख लोग टाइप-1 डायबिटीज के साथ जी रहे थे। इसी साल लगभग पांच लाख नए मरीजों की पहचान हुई। आमतौर पर इस बीमारी को बच्चों और किशोरों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन अब बड़ी संख्या में वयस्क भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।

टाइप-1 डायबिटीज में शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता। इंसुलिन वह हार्मोन है, जो खून में मौजूद ग्लूकोज को शरीर की कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है। इसकी कमी होने पर ब्लड शुगर बढ़ने लगता है। ऐसे मरीजों को जिंदगी भर नियमित रूप से इंसुलिन लेना पड़ता है। यहां इलाज में लापरवाही की गुंजाइश नहीं होती।

दिन में कई बार इंसुलिन, नियमित जांच जरूरी

डब्ल्यूएचओ की नई गाइडलाइन में मरीजों को दिन में कई बार इंसुलिन के इंजेक्शन देने की सलाह दी गई है। इसकी खुराक ब्लड शुगर के स्तर के हिसाब से तय और समायोजित की जानी चाहिए। संगठन ने साफ किया है कि ह्यूमन इंसुलिन भी एक प्रभावी और उपयुक्त विकल्प है। जरूरत के मुताबिक दूसरे प्रकार के इंसुलिन का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

गाइडलाइन में ब्लड शुगर की नियमित निगरानी को भी इलाज का अहम हिस्सा बताया गया है। अस्पतालों में एचबीए1सी टेस्ट के जरिए पिछले कुछ महीनों के औसत ब्लड शुगर का पता लगाया जा सकता है। वहीं, घर पर मरीज उंगली में सुई चुभाकर ब्लड शुगर जांच सकते हैं। इसके अलावा त्वचा पर लगाए जाने वाले छोटे सेंसर यानी कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटर (सीजीएम) से भी लगातार शुगर पर नजर रखी जा सकती है।

जहां खून की जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां पेशाब में ग्लूकोज की जांच को विकल्प के तौर पर अपनाने पर भी विचार किया जा सकता है।

सिर्फ दवा नहीं, सस्ती और आसान पहुंच भी जरूरी

गाइडलाइन में डब्ल्यूएचओ के गैर-संचारी रोग और मानसिक स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. सोरेन ब्रोस्ट्रॉम ने कहा कि इंसुलिन एक ऐसी जीवनरक्षक दवा है, जिसकी खोज को 100 साल से अधिक हो चुके हैं। इसके बावजूद कई मरीजों को आज भी सस्ता और अच्छी गुणवत्ता वाला इंसुलिन नहीं मिल पा रहा है। नई गाइडलाइन का मकसद देशों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में मदद करना है, खासकर उन जगहों पर जहां स्वास्थ्य सुविधाएं कमजोर हैं।

डब्ल्यूएचओ का लक्ष्य है कि 2030 तक टाइप-वन डायबिटीज से पीड़ित सभी लोगों को सस्ता इंसुलिन और ब्लड शुगर की खुद जांच करने की सुविधा मिले। इसके लिए देशों को अपने स्वास्थ्य कार्यक्रमों में मरीजों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

डायबिटीज को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी

इस साल वर्ल्ड डायबिटीज डे की थीम 'अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज' यानी डायबिटीज पर समय रहते कदम उठाना है। वजह भी साफ है। समय पर पहचान और इलाज न होने पर यह बीमारी आंखों की रोशनी छीन सकती है। किडनी फेल होने, हार्ट अटैक, स्ट्रोक और पैरों को काटने तक की नौबत आ सकती है।

डब्ल्यूएचओ के अनुसार, 1990 के बाद से दुनिया में डायबिटीज का बोझ चार गुना से ज्यादा बढ़ चुका है। वर्ष 2022 में दुनिया भर में करीब 83 करोड़ लोग डायबिटीज के साथ जी रहे थे। इनमें ज्यादातर टाइप-टू डायबिटीज के मरीज थे। चिंताजनक बात यह है कि 40 फीसदी से अधिक मरीजों को अपनी बीमारी का पता ही नहीं होता।

साफ है, डायबिटीज के खिलाफ लड़ाई केवल अस्पतालों और डॉक्टरों की नहीं है। सस्ती दवाएं, समय पर जांच, जागरूकता और मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था इसके सबसे बड़े हथियार हैं। इंसुलिन ने 100 साल पहले जिंदगी बचाने का रास्ता खोला था। अब जरूरत इस बात की है कि यह रास्ता दुनिया के हर मरीज तक पहुंचे।