वन्यजीवों की तस्करी रोकने की लड़ाई में अब विज्ञान ने एक नया रास्ता दिखाया है। ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने डीएनए आधारित फॉरेंसिक तकनीक और डेटाबेस विकसित किया है, जिसकी मदद से यह पता लगाया जा सकेगा कि बिक्री या निर्यात के लिए पेश किया गया पेरेग्रीन बाज (शाहीन बाज) वास्तव में मानव संरक्षण में पैदा हुआ है या उसे जंगल से अवैध रूप से पकड़कर लाया गया है।
मध्य पूर्व के देशों में बाज पालने का शौक और इनकी बढ़ती मांग के बीच ब्रिटेन से इनके निर्यात में तेजी आई है। इससे जंगली बाजों को पकड़कर कैद में पैदा हुआ बताने के अवैध कारोबार को लेकर चिंता बढ़ी है।
शेफील्ड और लीसेस्टर विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों ने स्कॉटिश सरकार के सहयोग से यह तकनीक विकसित की है। इसके लिए घोंसलों में पल रहे बाज के बच्चों से सुरक्षित तरीके से डीएनए नमूने जुटाए गए। अब तक डेटाबेस में 1,000 से अधिक जंगली और 500 कैद में पाले गए बाजों के नमूने दर्ज हैं।
यह तकनीक न केवल पक्षियों की पहचान, बल्कि उनके माता-पिता और मूल घोंसले का पता लगाने में भी मदद करती है।
पुलिस जांच में इसके इस्तेमाल से कई अवैध रूप से पकड़े गए बाजों की पहचान हुई और दोषियों को सजा दिलाने में सफलता मिली है। यह पहल उन बेजुबान पक्षियों की आजादी और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद है, जिनकी आसमान में निर्बाध उड़ान पर तस्करों की नजर लगी है।
वन्यजीवों की तस्करी रोकने के लिए वैज्ञानिकों ने एक ऐसा हथियार तैयार किया है, जो अपराधियों के झूठ को बेनकाब कर सकता है। अब डीएनए की मदद से पता लगाया जा सकेगा कि कोई बाज वास्तव में मानव संरक्षण में पैदा हुआ और पाला गया है या उसे चोरी-छिपे जंगल से पकड़कर लाया गया है।
इस तकनीक से ब्रिटेन में संरक्षित पेरेग्रीन बाज (पेरेग्रीन फाल्कन) के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की उम्मीद जगी है। गौरतलब है कि भारत में इस दुर्लभ पक्षी को शाहीन बाज या बहरी के नाम से भी जाना जाता है। यह पक्षी अपनी गजब की रफ्तार के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है।
ब्रिटेन के शेफील्ड और लीसेस्टर विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों ने स्कॉटिश सरकार के विज्ञान एवं कृषि सलाहकार विभाग के नेतृत्व में यह खास फॉरेंसिक तकनीक विकसित की है। इसका उद्देश्य उन बाजों की पहचान करना है, जिन्हें मानव संरक्षण में पैदा होने का दावा करके बेचा या विदेशों में निर्यात किया जाता है, जबकि वास्तव में उन्हें जंगल से अवैध रूप से पकड़ा गया होता है।
दरअसल, पिछले दो दशकों में बाज पालने का शौक तेजी से बढ़ा है। खासकर मध्य पूर्व के देशों में इन पक्षियों की मांग बढ़ने के साथ ब्रिटेन से बाजों के निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे आशंका पैदा हुई कि जंगली बाजों को पकड़कर उन्हें कैद में पाले गए पक्षियों के रूप में बेचने का अवैध कारोबार भी तेजी से फल-फूल रहा है।
इस चुनौती से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने ब्रिटेन में लाइसेंस प्राप्त पक्षी विशेषज्ञों और रिंगर (पक्षियों की पहचान के लिए उनके पैरों में छल्ले लगाने वाले विशेषज्ञों) की मदद ली।
इन विशेषज्ञों ने घोंसलों में मौजूद पेरेग्रीन बाज के बच्चों के मुंह से हल्के स्वैब के जरिए डीएनए के नमूने एकत्र किए। नमूने लेने के बाद बच्चों को सुरक्षित उनके घोंसलों में वापस छोड़ दिया गया।
इन नमूनों के आधार पर वैज्ञानिकों ने दो महत्वपूर्ण संसाधन तैयार किए हैं। पहला, एक विशेष आनुवंशिक पहचान प्रणाली, जिससे किसी बाज की पहचान के साथ-साथ उसके माता-पिता और भाई-बहनों का भी पता लगाया जा सकता है। दूसरा, ब्रिटेन के पेरेग्रीन बाजों का डीएनए डेटाबेस।
इन दोनों की मदद से यह जांचना संभव है कि बिक्री या निर्यात के लिए पेश किया गया बाज वास्तव में कैद में पैदा हुआ है या उसे जंगल से उठाया गया है। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में अवैध रूप से पकड़े गए बाजों को उनके मूल घोंसलों तक भी पहुंचाया जा सका है।
वैज्ञानिकों का तैयार किया गया यह डेटाबेस लगातार बड़ा हो रहा है। इसमें अब तक जंगल में रहने वाले 1,000 से अधिक पेरेग्रीन बाजों और कैद में पाले जा रहे 500 बाजों के डीएनए नमूने शामिल किए जा चुके हैं।
ब्रिटेन की पशु एवं पादप स्वास्थ्य एजेंसी इस फॉरेंसिक तकनीक और डेटाबेस का इस्तेमाल नियमित रूप से कर रही है। इसके जरिए कैद में बाजों का प्रजनन कराने वाले केंद्रों में उनकी आनुवंशिक वंशावली की जांच की जाती है और यह पता लगाया जाता है कि वे कानून का पालन कर रहे हैं या नहीं।
इस तकनीक का इस्तेमाल पुलिस की कई जांचों में भी किया जा चुका है। इसकी मदद से जंगल से अवैध रूप से पकड़े गए बाजों की पहचान हुई और कई मामलों में दोषियों को सजा दिलाने में मदद मिली है।
शेफील्ड विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बायोसाइंसेज की शोधकर्ता डॉक्टर डेबोरा डॉसन के मुताबिक, इस परियोजना का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास रहा है। उनका कहना है कि पेरेग्रीन बाज लंबे समय से अवैध शिकार और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं।
ऐसे में यह नई आनुवंशिक पहचान प्रणाली अपराधियों को सजा दिलाने और इन खूबसूरत पक्षियों को सुरक्षित रखने में मदद करेगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इन्हें देख सकें।
शेफील्ड विश्वविद्यालय में भी पेरेग्रीन बाजों का खास महत्व है। 2012 से अब तक सेंट जॉर्ज चर्च के एक घोंसले से 41 बच्चे उड़ान भर चुके हैं। विश्वविद्यालय के कर्मचारियों, छात्रों, स्थानीय निवासियों और वन्यजीव विशेषज्ञों के साझा प्रयासों से इन पक्षियों को सुरक्षित माहौल मिला है।
इस काम में स्थानीय पक्षी विशेषज्ञों और स्वयंसेवकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोरबी ब्रेक रिंगिंग ग्रुप की डॉक्टर एम्मा ह्यूजेस बताती हैं कि वह हर साल सेंट जॉर्ज चर्च में पैदा होने वाले पेरेग्रीन बाज के बच्चों की रिंगिंग और डीएनए नमूने जुटाने में मदद करती हैं।
उनके मुताबिक, इन नन्हे पक्षियों को करीब से देखना अपने आप में बेहद अनोखा है। लेकिन इससे भी बड़ी खुशी इस बात की है कि उनके छोटे-से योगदान से ऐसी वैज्ञानिक तकनीक तैयार करने में मदद मिली है, जो जंगल से चोरी किए गए पक्षियों की पहचान कर सकती है।
इस रिसर्च के नतीजे प्रतिष्ठित जर्नल फोरेंसिक साइंस इंटरनेशनल: जेनेटिक्स में प्रकाशित हुए हैं। इसमें डीएनए आधारित फॉरेंसिक तकनीक की विश्वसनीयता और स्कॉटलैंड के एक बड़े मामले में इसके सफल इस्तेमाल का भी विवरण दिया गया है।