उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बहुत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। 
मौसम

मौसम का मिजाज: उत्तर भारत में बढ़ने लगी ठंड, दक्षिण में आंधी-बारिश का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण बदलेंगे मौसम का रुख, दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी; पूर्वोत्तर में आकाशीय बिजली का खतरा

Dayanidhi

  • उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बहुत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।

  • दिल्ली-एनसीआर में सुबह हल्की धुंध छाई रही, वहीं औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 299 दर्ज होने से प्रदूषण की चिंता बढ़ी है।

  • बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज हल्की बारिश तथा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका।

  • तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट।

  • पूर्वोत्तर भारत में 11 और 12 नवंबर को बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

देशभर में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। उत्तर भारत में ठंड की दस्तक तेज होने लगी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश के आसार हैं। दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में सुबह की हल्की धुंध और प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

मौसम विभाग के द्वारा आज, 11 नवंबर, 2026 को जारी अपडेट के मुताबिक, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश तथा गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि दक्षिण भारत में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग हिस्सों में बने चक्रवाती परिसंचरण की अहम भूमिका है।

पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ भी बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के साथ बारिश व अत्यधिक ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

आज, 11 नवंबर को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश व ऊंचाई वाले हिस्सों पर बर्फ गिर सकती है। हिमाचल प्रदेश में 11 से 16 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को मौसम बदल सकता है। पहाड़ों पर बारिश व ऊंचाई पर हिमपात के साथ तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर और बढ़ने की उम्मीद है।

दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण का दोहरा वार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम फिलहाल मिला-जुला बना हुआ है। दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

हालांकि राजधानी के लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता प्रदूषण बना हुआ है। सुबह से ही कई इलाकों में धुंध और धुएं की चादर दिखाई दी। 11 नवंबर की सुबह छह बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 299 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। आने वाले दिनों में भी सुबह-शाम धुंध और प्रदूषण से राहत मिलने के आसार कम हैं।

पूर्वी भारत में बारिश, अंडमान में आंधी-तूफान का खतरा

पूर्वी भारत में भी मौसमी गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। 11 नवंबर को बिहार, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 11 और 12 नवंबर को पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश के आसार हैं।

इस बीच, बंगाल की खाड़ी के पास और अंडमान-निकोबार क्षेत्र में सक्रिय मौसमी परिस्थितियों के कारण 11 से 16 नवंबर तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। यहां 11 से 14 नवंबर के दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पूर्वोत्तर में बिजली गिरने की चेतावनी

पूर्वोत्तर भारत में भी दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। एक परिसंचरण उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के आसपास, जबकि दूसरा मध्य असम और आसपास के इलाकों में ऊंचाई पर बना हुआ है।

इनके प्रभाव से 11 और 12 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 11 नवंबर को असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में वज्रपात की गतिविधियां अधिक तीव्र हो सकती हैं।

दक्षिण भारत में बारिश का लंबा दौर

दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। दक्षिण-पूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11 से 14 नवंबर तथा 16 नवंबर को बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 11 से 15 नवंबर तक बारिश के आसार हैं। लक्षद्वीप में 11 से 16 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 11 नवंबर को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा 11 और 12 नवंबर को गरज-चमक, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64,5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

राजकोट सबसे गर्म, मंडी में सबसे कम तापमान

देश में तापमान का उतार-चढ़ाव भी जारी है। 10 नवंबर, 2026 को गुजरात के राजकोट में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक रहा। वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों सहित कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।

कुल मिलाकर, नवंबर के दूसरे सप्ताह में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। कहीं ठंड बढ़ेगी, कहीं बारिश होगी और कहीं आंधी-बिजली लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। दिल्ली में फिलहाल ठंड से ज्यादा प्रदूषण चिंता का विषय बना रहेगा।