कई राज्यों में आज भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक की आशंका जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में मानसून कमजोर पड़ा, तेज धूप, 38 डिग्री तापमान और उमस लोगों को परेशान करेगी।
असम, मेघालय, बिहार और सिक्किम में ऑरेंज अलर्ट, कई अन्य राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और मौसम में बदलाव के आसार हैं।
भारी बारिश वाले इलाकों में किसानों को जल निकासी, जबकि कम बारिश वाले इलाकों में जरूरत के अनुसार सिंचाई की सलाह।
देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग बना हुआ है। मौसम विभाग की और से आज सुबह 12 जुलाई, 2026 को जारी ताजा अपडेट के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं। इसके कारण रविवार को तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में धूप और उमस का असर
दिल्ली-एनसीआर में आज रविवार, 12 जुलाई को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन दिनभर तेज धूप निकलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना फिलहाल कम है। हवा की गति करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है, जबकि आर्द्रता 71 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। ऐसे मौसम में गर्मी के साथ उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।
मानसून की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल पर दक्षिण-पश्चिम मानसून ट्रफ फिरोजपुर, अंबाला, बरेली, गोरखपुर, पूर्णिया होते हुए मणिपुर तक बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। दक्षिण बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
वहीं, मध्य क्षोभमंडल की पश्चिमी हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों पर इसका असर सीमित रहेगा।
इन राज्यों में भारी बारिश का खतरा
मौसम विभाग ने आज, असम और मेघालय, बिहार तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इन राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर, छत्तीसगढ़, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में भी भारी बारिश के आसार हैं। इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 64.5 से 115.5 मिमी तक वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा है कि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
गरज-चमक और तेज हवाओं का असर
आज, 12 जुलाई, 2026 को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड तथा जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है। बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
समुद्र में भी मौसम खराब
मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि आज, अरब सागर के मध्य और उत्तरी हिस्सों तथा उत्तर गुजरात तट के आसपास तेज तूफानी हवाएं चलने का अंदेशा है। हवा की रफ्तार 45 से 55 किलोमीटर से लेकर 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
तापमान की स्थिति
देश के मैदानी इलाकों में शनिवार, 11 जुलाई, 2026 को सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजस्थान के श्रीगंगानगर में 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान मध्य प्रदेश के खरगोन में 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव या लू स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।
कई जगहों पर हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान असम और मेघालय में अच्छी बारिश दर्ज की गई। चेरापूंजी में 90 मिमी और गुवाहाटी में 80 मिमी बारिश हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच में 60 मिमी तथा गोरखपुर में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिम बंगाल के दमदम में 40 मिमी और जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में भी 40 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जलभराव वाले रास्तों से बचें और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें। दिल्ली-एनसीआर जैसे इलाकों में गर्मी और उमस को देखते हुए पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
किसानों को भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करने, पकी फसलों की समय पर कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखने तथा बारिश के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव टालने की सलाह दी गई है।
जिन इलाकों में बारिश कम हो रही है, वहां फसलों की आवश्यकता के अनुसार सिंचाई जारी रखने की जरूरत है। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और उनके लिए चारे तथा स्वच्छ पानी की व्यवस्था बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।