मौसम विभाग की मानें तो अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 
मौसम

दिसंबर में भी नहीं आई सर्दी, ज्यादातर राज्यों में 3 से 5 डिग्री सामान्य से ऊपर है तापमान

केरल के कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, केरल में आज 204.5 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।

Dayanidhi

दिसंबर का पहला सप्ताह जारी है, अभी भी देश के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जा रहा है। वहीं, तेलंगाना और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस या उससे काफी ऊपर बना हुआ है।

पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, बिहार, पंजाब और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस यानी काफी ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।

वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और माहे तथा तेलंगाना के कुछ हिस्सों, पश्चिमी राजस्थान और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।

वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट की बात करें तो पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में यह सामान्य से -5 डिग्री सेल्सियस से -3 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ, कोंकण और गोवा तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे -3 डिग्री सेल्सियस से -1 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

जबकि, अगले तीन दिनों के दौरान मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं। इसी दौरान पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

वहीं देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि रिकॉर्ड की गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। अधितर इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

उत्तराखंड में तापमान में उतार-चढ़ाव देखें तो, देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है। पंतनगर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, तटीय कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिम मध्य प्रदेश के नौगांव में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली और एनसीआर में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है, आज भी आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार के चार किमी प्रति घंटे से कम रहने का अनुमान है। सुबह के समय धुंध व मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार हैं

दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार के आठ किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। शाम और रात होते-होते उत्तर दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार के चार किमी प्रति घंटे से कम होने के आसार हैं, जिसके चलते शाम और रात में धुंध व हल्का कोहरा छाए रहने की आशंका है।

वहीं उत्तराखंड में मौसमी बदलाव को लेकर देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, एक दिसंबर से लेकर छह दिसंबर तक उत्तराखंड में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। वहीं दो दिसंबर यानी आज से सुबह-शाम पाला पड़ने और कोहरा छाये रहने के आसार हैं जताए गए हैं। इसके चलते रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान है, जिससे ठिठुरन के बढ़ने की आशंका जताई गई है।

तूफानी गतिविधि के चलते भयंकर बारिश के आसार

चक्रवाती तूफान फेंगल की वजह से आज, केरल के अधिकतर इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश, कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, केरल में आज 204.5 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।

वहीं आज, आंतरिक तमिलनाडु, रायलसीमा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, इन हिस्सों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, यानी बादलों के 115.6 से 204.4 मिमी तक बरसने के आसार हैं। वहीं आज, तटीय कर्नाटक के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है, यहां 64.5 से 115.5 मिमी बारिश हो सकती है।

समुद्र में हलचल

तूफानी गतिविधि के कारण आज, दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी से सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के दक्षिण तमिलनाडु तट और मन्नार की खाड़ी, पूर्वी श्रीलंका के तटों के साथ-साथ, उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी और उससे सटे दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों तथा पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में इजाफा होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, एक दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे के अधिकतर इलाकों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कई हिस्सों, रायलसीमा के कुछ हिस्सों, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।