आज, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तराखंड और पश्चिम मध्य प्रदेश में 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। 
मौसम

10 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानें- दिल्ली में कब आएगा मॉनसून

मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिनों के दौरान देश के बाकी इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पूरी तरह छा जाने की संभावना है।

Dayanidhi

मौसम विभाग के आज सुबह, यानी 27 जून, 2025 के ताजा अपडेट में कहा गया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून राजस्थान और हरियाणा के कुछ और हिस्सों से होते हुए पंजाब के बाकी इलाकों में दस्तक दे चुका है। मॉनसून की उत्तरी सीमा जैसलमेर, बीकानेर, झुंझुनू, भरतपुर, रामपुर, सोनीपत और अनूप नगर से होकर गुजर रही है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिनों के दौरान देश के बाकी इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पूरी तरह छा जाने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी इलाकों और ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके उत्तर ओडिशा और इससे सटे पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड और छत्तीसगढ़ में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है। जबकि देश के कुछ हिस्सों में चक्रवाती प्रसार व हवाओं का ट्रफ लगातार जारी है, साथ ही मॉनसूनी गतिविधि भी अग्रसर है।

उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते आज, 27 जून, 2025 को तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तराखंड और पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों हिस्सों में बिजली कड़कने तथा गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है, इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, विदर्भ, पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ जमकर बरसेंगे बादल, इन सभी राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

जबकि देशभर में मॉनसून की झमाझम बारिश हो रही है। कुछ इलाकों में भारी बारिश व बादल फटने से हालात बिगड़ गए हैं, लेकिन दिल्ली-एनसीआर के लोग बारिश का अभी भी इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली में बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी ने परेशानी बढ़ा दी है, हालांकि मौसम विभाग ने आज भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है, यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

दिल्ली-एनसीआर में कब दस्तक देगा मॉनसून?

राजधानी दिल्ली में हर साल 29 या 30 जून तक मॉनसून पहुंच जाता है। इस बार आज 27 जून आ गई है, लेकिन अभी तक मॉनसून का इंतजार हो रहा है। बताया जा रहा है कि मौसमी बदलावों की वजह से मॉनसून को दिल्ली पहुंचने में देरी हो रही है। हालांकि अगले तीन से चार चार दिनों के अंदर मॉनसून के दिल्ली समेत देश के बचे हुए इलाकों में पूरी तरह कवर करने की संभावना है, जिसके बाद कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश होने का पूर्वानुमान है।

कहां है अचानक बाढ़ का अंदेशा?

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के कुछ राज्यों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है। इन राज्यों में हिमाचल प्रदेश का सिरमौर और शिमला जिला, उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौडी गढ़वाल, पिथौरागढ, रूद्रप्रयाग, टेहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिले शामिल हैं।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, आज सोमालिया, ओमान और इससे सटे यमन के तटों, पश्चिम-मध्य अरब सागर के अधिकतर इलाकों, पूर्व-मध्य, उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों और इसके निकटवर्ती दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 45 से 55 किमी की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

वहीं आज, पूर्व-मध्य और पश्चिम-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण अरब सागर के आसपास के अधिकतर इलाकों, लक्षद्वीप, दक्षिण गुजरात, कोंकण के तटों, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तटों, उत्तर-पश्चिम और आसपास के उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के अधिकांश इलाकों, पश्चिम-मध्य और आसपास के पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, मन्नार की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

आज, पूर्व मध्य और इससे सटे पश्चिम मध्य अरब सागर के पश्चिमी इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी भी अन्य तरह की गतिविधि से दूर रहने का सुझाव दिया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के अनुसार, कल 26 जून, 2025 को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आज, अधिकतम तापमान के 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, पश्चिम राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल, पश्चिम राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

कहां रहेगा गर्म और उमस भरा मौसम?

आज, 27 जून, 2025 को असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने की आशंका है

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल 26 जून, 2025 को पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, विदर्भ, पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकतर इलाकों, छत्तीसगढ़,असम और मेघालय, गुजरात, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, तेलंगाना, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां बरसे पांच सेमी या उससे अधिक बादल?

कल 26 जून, 2025 को पश्चिम मध्य प्रदेश के इंदौर में 7 सेमी, केरल और माहे के कोझिकोड में 7 सेमी, कन्नानोर में 6 सेमी, विदर्भ के अकोला में 7 सेमी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कन्याकुमारी में 5 सेमी, पश्चिम राजस्थान के जैसलमेर में 5 सेमी, सौराष्ट्र और कच्छ के राजकोट में 5 सेमी ओडिशा के पारादीप बंदरगाह में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई।