गुजरात में रेड अलर्ट – 204.5 मिमी से अधिक बारिश के आसार, बाढ़ का खतरा। 
मौसम

मानसून अपडेट: देश के कई इलाकों में बारिश, जानें कहां कितने बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने आज, पांच सितंबर, 2025 के लिए कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

Dayanidhi

  • 🔴 गुजरात में रेड अलर्ट – 204.5 मिमी से अधिक बारिश के आसार, बाढ़ का खतरा।

  • 🟠 ऑरेंज अलर्ट – पूर्वी राजस्थान, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र-कच्छ, पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा (115.6–204.4 मिमी)।

  • 🟡 येलो अलर्ट – असम-मेघालय, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तराखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिमी राजस्थान में 64.5–115.5 मिमी तक बारिश।

  • 🌩️ आंधी-तूफान और वज्रपात – बिहार, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं।

  • 🌧️ लोगों के लिए सलाह- अनावश्यक यात्रा से बचें, पेड़ व बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। निचले इलाकों में जलभराव से सतर्क रहें। किसान फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

सितंबर के शुरुआती दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, पांच सितंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आंधी-तूफान व वज्रपात के आसार हैं।

फिलहाल एक कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश से खिसककर अब उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बन गया है। इसके अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए मध्य प्रदेश के अन्य हिस्सों में सक्रिय होने का पूर्वानुमान है।

इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और उसके आसपास एक और चक्रवातीय प्रसार बना हुआ है। मानसून ट्रफ कम दबाव से जैसलमेर, कोटा, गुना, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, पेंड्रा रोड और चांदबली से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। उधर, पश्चिमी विक्षोभ भी ऊपरी स्तरों पर सक्रिय है

इन सभी मौसमी गतिविधियों के चलते आज, पांच सितंबर, 2025 को गुजरात के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश होने की आशंका जताई गई है। यहां 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है, जबकि गुजरात में बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसमी गतिविधियों का असर आज, पूर्वी राजस्थान, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र व कच्छ और पश्चिमी मध्य प्रदेश पर भी पड़ेगा। इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

मौसम विभाग की मानें तो आज, असम और मेघालय, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान में बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है। इन राज्यों 64.5 से 115.5 मिमी तक पानी बरस सकता है व येलो अलर्ट जारी है।

आज, पांच सितंबर, 2025 को बारिश के अलावा, कई राज्यों में गरज-चमक तथा तूफानी हवाओं के साथ मौसम बिगड सकता है। इन राज्यों में बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और तेलंगाना शामिल हैं, यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के चलने तथा वज्रपात व बौछारें पड़ने का अनुमान है।

विभाग के अनुसार, आज आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जो आम जीवन और समुद्री गतिविधियों को प्रभावित कर सकती हैं। मछुआरों और नाविकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

विभाग ने कहा है कि भारी बारिश वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें। गरज-चमक के समय पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। निचले इलाकों में जलभराव से सतर्क रहें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करें और खेतों में अधिक समय तक न रुकें।

कुल मिलाकर, आज देश के कई हिस्सों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा है, जबकि उत्तर भारत और तटीय इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर ध्यान देने को कहा गया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, चार सितंबर, 2025 को तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में मध्य प्रदेश के खंडवा में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल, चार सितंबर, 2025 को तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, चार सितंबर, 2025 को गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के अधिकतर इलाकों, पश्चिम उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश, पंजाब, पश्चिम राजस्थान, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई।

वहीं कल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, असम और मेघालय, मध्य महाराष्ट्र, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, सौराष्ट्र और कच्छ, विदर्भ तथा लक्षद्वीप के इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां बरसे चार सेमी या उससे अधिक बारिश?

कल, चार सितंबर, 2025 को असम और मेघालय के उत्तर लखीमपुर में 11 सेमी, पश्चिम मध्य प्रदेश के इंदौर में 6 सेमी, राजस्थान के अजमेर में 5 सेमी, पश्चिम उत्तर प्रदेश के झांसी में 5 सेमी, गुजरात बड़ौदा में 5 सेमी, केरल और माहे के कोझिकोड में 4 सेमी बारिश दर्ज की गई।