🟠 ऑरेंज अलर्ट – भारी से बहुत भारी बारिश: मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 115–204 मिमी तक बारिश के आसार।
🟡 येलो अलर्ट – भारी बारिश: बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जमकर बारिश के आसार।
⚡ बिजली गिरने का खतरा : तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, रायलसीमा और पश्चिम बंगाल में वज्रपात की आशंका, सतर्क रहने की सलाह।
🌪️ तेज हवाएं: आंध्र प्रदेश तट पर 40–50 किमी प्रति घंटा और पश्चिम बंगाल व कर्नाटक में 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
🌡️ दिल्ली-एनसीआर मौसम : बारिश के आसार नहीं, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, उमस जारी लेकिन दिन में तेज हवाएं चलेंगी।
भारत में मानसून की गति कुछ धीमी पड़ती दिखाई दे रही है, इसके बावजूद अभी भी कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश के आसार बने हुए है। इस समय देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह की मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनका असर आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह 12 सितंबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि उत्तर-पश्चिम अरब सागर पर बना हुआ कम दबाव का क्षेत्र अभी भी उसी इलाके में सक्रिय है। यह मौसमी गतिविधि पश्चिम भारत के मौसम पर असर डाल रही है और आने वाले दिनों में यहां बारिश में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मानसून की ट्रफ भी देश के विभिन्न हिस्सों से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। यह स्थिति दर्शाती है कि उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दक्षिण ओडिशा से लेकर आंध्र प्रदेश, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा असम और हिमाचल प्रदेश तक ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार जारी है।
इन मौसमी गतिविधियों के कारण आज, 12 सितंबर, 2025 को मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। विभाग ने यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। साथ ही यहां भारी बारिश के चलते जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति और यातायात में दिक्कतें आ सकती हैं।
वहीं आज, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तेलंगाना, उत्तराखंड, विदर्भ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। इन सभी राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है, साथ ही बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है।
आंधी-तूफान व वज्रपात के आसार
मौसम विभाग की मानें तो आज, 12 सितंबर 2025 को तटीय आंध्र प्रदेश में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
जबकि पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, ओडिशा, रायलसीमा और तमिलनाडु में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से तेज से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात का भी अंदेशा जताया गया है।
मौसम विभाग ने कहा है कि आज, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। साथ ही मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज?
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। विभाग की मानें तो दिल्ली में आज, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसके 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है। हालांकि दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
देश में इस साल मानसून की विदाई 25 सितंबर के बाद होने का पूर्वानुमान है। मानसून की विदाई राजस्थान में 22 या 23 सितंबर से शुरू हो सकती है जबकि दिल्ली में अक्टूबर के पहले सप्ताह तक ऐसा होने का अनुमान जताया गया है।
किसानों तथा आम जनता के लिए सलाह
विभाग ने लोगों से कहा है कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में निचले इलाकों से दूर रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें। बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान में न जाएं और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। किसान फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और जलभराव से बचाने के उपाय करें। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोग समुद्र के पास न जाएं और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतें।
आज, यानी 12 सितंबर 2025 को भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने जैसी स्थितियां बन रही हैं। खासकर महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर राज्यों, आंध्र प्रदेश और बिहार-ओडिशा जैसे इलाकों में अधिक सतर्कता बरतनी होगी। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना ही लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 11 सितंबर, 2025 को पश्चिम बंगाल के दीघा में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में कर्नाटक के धारवाड़ में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 11 सितंबर, 2025 को पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, असम और मेघालय, पश्चिम मध्य प्रदेश, झारखंड, मराठवाड़ा, बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई।
वहीं कल, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, सौराष्ट्र और कच्छ, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल, 11 सितंबर, 2025 को तेलंगाना के मेडक में 17 सेमी, झारखंड के रांची में 6 सेमी, जमशेदपुर में 3 सेमी, बिहार के गया में 4 सेमी, सुपौल में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के बापटला में 4 सेमी, विदर्भ के अमरावती में 3 सेमी, गोंदिया और वर्धा प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं कल, पूर्वी मध्य प्रदेश के मलाजखंड में 2 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कैलाशहर में 2 सेमी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के गंगटोक-ताडोंग में 2 सेमी, मराठवाड़ा के परभणी में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।