अगले एक हफ्ते तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।  
मौसम

मॉनसून अपडेट: बिहार, हिमाचल व उत्तराखंड सहित इन छह राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Dayanidhi

मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसूनी गतिविधि के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में चक्रवाती प्रसार जारी है। इनमें पहला दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और निकटवर्ती इलाकों में एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है और यह निचले स्तरों तक फैला हुआ है। वहीं दूसरा चक्रवाती प्रसार उत्तर-पूर्व राजस्थान और इससे सटे इलाकों पर जारी है।

वहीं, दक्षिण झारखंड और आसपास के इलाकों के ऊपर एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। मॉनसून ट्रफ लगातार सक्रिय है और औसत समुद्र तल पर अपनी सामान्य स्थिति के करीब है।

उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते आज, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, इन छह राज्यों में 12 सेमी (120 मिमी) से अधिक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा ओडिशा और झारखंड में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, इन राज्यों में सात सेमी (70 मिमी) से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

आज, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में घाट के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की आशंका है, इन सभी राज्यों में भी सात सेमी (70 मिमी) से अधिक बरस सकते हैं बादल।

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि अगले एक हफ्ते तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं इसी दौरान जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बादल बरस सकते हैं।

शनिवार 10 अगस्त 2024 को मौसम का पूर्वानुमान व चेतावनी

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

आज, उत्तर-पूर्व और उससे सटे उत्तर-पश्चिम अरब सागर, पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों और पश्चिम-मध्य अरब सागर के कई इलाकों, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के उत्तरी हिस्सों, गुजरात के तट, मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, पश्चिम मध्य और निकटवर्ती पूर्व मध्य अरब सागर तथा दक्षिण पश्चिम अरब सागर से सटे इलाकों, सोमालिया, यमन और ओमान के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

तापमान में उतार चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी अपडेट देखे तो कल, पश्चिम राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पूर्वी मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, नौ अगस्त को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, बिहार, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ, जम्मू और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।