देशभर में मानसून सक्रिय, कई राज्यों में भारी से भीषण बारिश का अलर्ट, असम और केरल में बाढ़-भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित।
मौसम विभाग का अलर्ट, पूर्वोत्तर में अत्यधिक भारी बारिश के आसार, दिल्ली समेत कई राज्यों में आज गरज-चमक के साथ बारिश संभव।
असम में बाढ़ से 87 मौतें, केरल में बारिश और भूस्खलन से संकट गहराया, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी।
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट, पूर्वोत्तर में रेड अलर्ट, देशभर में सक्रिय मानसून से कई राज्यों में तेज बारिश के आसार।
भारी बारिश और आंधी-तूफान का खतरा, मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की दी सलाह।
देश के अधिकतर इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने चरम पर है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, चार अगस्त, 2026 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि मानसून ट्रफ इस समय अनूपगढ़, दिल्ली, लखनऊ, डाल्टनगंज, मुर्शिदाबाद होते हुए मणिपुर की ओर तक फैली हुई है। इसके साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय हुआ है। देश के कई इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार जारी है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण आने वाले दिनों में कई राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी जबकि कुछ राज्यों में भीषण बारिश होने का पूर्वानुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की गंभीर स्थिति
लगातार बारिश के कारण असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है। हाल ही में शिवसागर जिले में दो लोगों की मौत हुई है। राज्य के सात जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं और करीब 1.28 लाख लोग इस आपदा से जूझ रहे हैं। हजारों परिवारों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में रहना पड़ रहा है। कई गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क टूट गया है, जबकि खेतों में जलभराव के कारण खेती का काम भी प्रभावित हुआ है।
वहीं मौसम विभाग ने आज भी असम के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी तथा कुछ हिस्सों में भीषण बारिश का अंदेशा जताया है। विभाग ने यहां बारिश के लिए ऑरेंज से लेकर रेड अलर्ट तक जारी किया है। असम में आज 204.5 मिमी से अधिक बारिश होने के आसार हैं।
केरल में बारिश और भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें
केरल में भी लगातार बारिश का सिलसिला जारी है जिसके कारण यहां भूस्खलन ने जनजीवन को प्रभावित किया है। राज्य में अब तक 15 लोगों की जान गंवाने की खबर है, जबकि सात लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन संवेदनशील हिस्सों पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम हुआ सुहावना
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ हुई। देर रात हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज चार अगस्त, 2026 को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आज दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। कुछ जड़ों पर गरज-चमक और तेज हवा के साथ तेज बारिश भी हो सकती है।
कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई है। इन राज्यों में बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक पानी बरस सकता है। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा आज, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह सहित कई राज्यों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई है। कुछ हिस्सों में हवा की गति 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
तापमान में भी दिख रहा बदलाव
देश के कुछ हिस्सों में बारिश के बावजूद अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहा। तीन अगस्त, 2026 को देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान तमिलनाडु के कोविलंगुलम में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। कर्नाटक के मंगलुरु में 140 मिमी, ओडिशा के झारसुगुड़ा में 110 मिमी, पंजाब के पटियाला में 100 मिमी और कोलकाता के अलीपुर में 90 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा चेरापूंजी, लखनऊ, ग्वालियर, श्रीगंगानगर, पोर्ट ब्लेयर और पूर्णिया सहित कई स्थानों पर भी अच्छी बारिश हुई।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले रास्तों पर न जाने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित भवनों में रहें। बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के लोग सतर्क रहें तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
किसानों को सलाह दी गई है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार हैं वहां खेतों से पानी निकालने की उचित व्यवस्था करें। बारिश की संभावना को देखते हुए फिलहाल सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव टाल दें।
तैयार फसलों की समय पर कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें। पशुओं को सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखें तथा उनके लिए पर्याप्त चारा और स्वच्छ पानी की व्यवस्था करें। लगातार बारिश के बाद फसलों में रोग और कीटों की निगरानी करते रहें और कृषि विभाग की सलाह के अनुसार आवश्यक उपाय अपनाएं।