श्रीगंगानगर में तापमान 41.4 डिग्री पहुंचा, बारिश की गतिविधियों के बीच भी देश के कई इलाकों में गर्मी और उमस बनी हुई है। फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स
मौसम

श्रीगंगानगर में पारा 41 डिग्री पार, ओडिशा में बहुत भारी बारिश; पूर्वोत्तर समेत इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

बंगाल की खाड़ी में बन रही है नई मौसमी प्रणाली, ओडिशा में भारी बारिश के आसार; पूर्वोत्तर और यूपी में भी मौसम बिगड़ने के आसार

Dayanidhi

  • ओडिशा में बहुत भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई गई।

  • बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना, कई राज्यों में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां।

  • श्रीगंगानगर में तापमान 41.4 डिग्री पहुंचा, कई राज्यों में सामान्य से अधिक गर्म रहा मौसम।

  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश, हमीरपुर में 130 मिमी और संभल में 100 मिमी बारिश दर्ज।

  • बारिश के साथ आंधी और बिजली का खतरा, किसानों को फसलों की सुरक्षा व जल निकासी पर ध्यान देने की सलाह।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 28 अगस्त, 2026 को दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंच गया है। इसके कारण उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के राज्यों में गरज-चमक व बारिश की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान है। इस प्रणाली से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

वहीं, मानसून ट्रफ भी उत्तर भारत से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसका असर अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में भी नई प्रणाली की हलचल

उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तर ओडिशा के तटीय इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके प्रभाव से 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है।

इस नए मौसम प्रणाली के कारण ओडिशा समेत पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज, ओडिशा में कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। यहां बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। ओडिशा में 115.5 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज, 28 अगस्त, 2026 को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। विभाग ने इन सभी राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

आंधी और वज्रपात की चेतावनी

बारिश के साथ कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का भी अंदेशा जताया गया है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु-पुडुचेरी में कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं आज, बिहार, झारखंड, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है

ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। तेज बारिश और आंधी के दौरान घर के अंदर रहना सुरक्षित होगा।

कई राज्यों में सामान्य से अधिक रहा तापमान

देश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। इसके अलावा असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी

रात के तापमान में भी कई जगह असामान्य बढ़ोतरी देखने को मिली। आंकड़ों के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक रहा। असम और मेघालय, पूर्वोत्तर के कई राज्यों, बिहार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया।

श्रीगंगानगर सबसे गर्म

देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजस्थान के श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया। यहां पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान असम के हाफलोंग में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के इन आंकड़ों से साफ है कि बारिश की गतिविधियों के बीच भी देश के कई इलाकों में गर्मी और उमस बनी हुई है। लोगों को दिन के समय तेज गर्मी वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए और पर्याप्त पानी पीते रहना चाहिए।

कल कहां कितने बरसे बादल?

उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में 130 मिमी, संभल में 100 मिमी और कासगंज में 70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई जगह तेज बारिश हुई। त्रिपुरा और मिजोरम के कुछ हिस्सों में 100 से 150 मिमी तक बारिश दर्ज की गई।

किसानों के लिए सावधानी जरूरी

बारिश को देखते हुए किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करनी चाहिए। निचले इलाकों में पानी जमा होने से फसलों को नुकसान हो सकता है। जहां फसल पककर तैयार है, वहां मौसम को देखते हुए कटाई की योजना बनाना बेहतर होगा।

बारिश के दौरान खेतों में सिंचाई, कीटनाशक और खाद का छिड़काव करने से बचना चाहिए। तेज हवा वाले इलाकों में केले, सब्जियों और अन्य कमजोर पौधों को सहारा देना जरूरी है। काटी गई फसल को खुले में रखने के बजाय सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखना चाहिए।