कल, ओडिशा के दरिंगबाड़ी में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के विशाखापत्तनम में 1 सेमी, केरल और माहे के कन्नूर में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लॉन्ग आइलैंड और हुट बे प्रत्येक जगह 2 सेमी बरसे बादल। 
मौसम

उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की बारिश, अंडमान और निकोबार में जमकर बरसेंगे बादल

Dayanidhi

उत्तर भारत के कुछ पहाड़ी हिस्सों में हल्की ठंड महसूस होने लगी है, वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में उमस भरी गर्मी का सितम जारी है।

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि मॉनसून ट्रफ का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर में है तथा पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण में है। जिसका मतलब है कि इस सप्ताह के दौरान मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश तथा कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि आज, मध्य भारत के छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बारिश तथा वज्रपात होने की भी आशंका जताई गई है

मॉनसूनी गतिविधि के चलते आज, यानी 20 सितंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में, 22 और 23 सितंबर को ओडिशा में, 22 से 25 सितंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में, तथा 23 से 25 सितंबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, इन सभी राज्यों में सात सेमी (70 मिमी) या उससे अधिक बरस सकते हैं बादल।

वहीं, पश्चिमी और भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप के हिस्सों के मौसम की बात करें तो कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, रायलसीमा, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं आज, यानी 20 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं, यहां भी सात सेमी (70 मिमी) या उससे अधिक बारिश हो सकती है।

वहीं दक्षिण-पूर्व राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों के निचले और मध्य स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार जारी है। जिसकी वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह के दौरान हल्की से मध्यम स्तर तक बरस सकते हैं बादल।

मॉनसून के विदाई का समय नजदीक है, इसलिए देश भर में बारिश की रफ्तार भी अब धीरे-धीरे कम हो गई है। कल यानी देश में बादलों के बरसने की बात करें तो, ओडिशा के दरिंगबाड़ी में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के विशाखापत्तनम में 1 सेमी, केरल और माहे के कन्नूर में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लॉन्ग आइलैंड और हुट बे प्रत्येक जगह 2 सेमी बरसे बादल।

बंगाल की खाड़ी में हल्की-फुल्की हलचल जारी है, मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक, आज मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के अधिकांश इलाकों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, सोमालिया तट के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के पश्चिमी हिस्सों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है। तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने आज, मछुआरों को इन हिस्सों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने का सुझाव दिया है।

तापमान में उतार चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी अपडेट की बात करें तो कल, तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में दिल्ली के रिज में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 19 सितंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में गरज के साथ में बारिश हुई।

वहीं कल, असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ हल्की-फुल्की बारिश हुई।