मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 19 अगस्त, 2025 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिण ओडिशा के तटों पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़कर डिप्रेशन में तब्दील हो गया है। मानसूनी ट्रफ देश के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए डिप्रेशन वाले इलाकों तक पहुंच रही है। कुछ हिस्सों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार भी जारी है।
उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश अपने चरम पर है। आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
यहां बारिश मुसीबत बनकर उभर रही है, विभाग ने भी रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते आज, 19 अगस्त, 2025 को स्कूलों को बंद किए जाने की खबर है। वहीं पहाड़ी राज्य जम्मू में भी मौसम विभाग के द्वारा भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, यहां भी एहतियातन स्कूल बंद किए गए हैं।
मौसमी गतिविधियों का असर आज, 19 अगस्त, 2025 को तटीय कर्नाटक, गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों पर भी दिखेगा। इन राज्यों के कुछ इलाकों में गरज के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ हिस्सों में भीषण बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। इन राज्यों में बारिश के लिए रेड अलर्ट तथा यहां 204.5 मिमी से अधिक पानी बरस सकता है।
वहीं आज, छत्तीसगढ़, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, 19 अगस्त, 2025 को पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद तथा उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है। इन राज्यों में विभाग ने बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ भारी वर्षा तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में भी 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में अचानक बाढ़ व जलभराव की चेतावनी
मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले 24 घंटों के दौरान भयंकर बारिश के कारण, गुजरात के दादर और नगर हवेली, दमन, भरूच, नवसारी, सूरत, तापी और वलसाड जिलों तथा सौराष्ट्र और कच्छ के अमरेली, भावनगर, बोटाद, देवभूमि द्वारका, दीव, गिर सोमनाथ, जामनगर, जूनागढ़, पोरबंदर, राजकोट, सुरेंद्रनगर और मोरबी जिलों में जलभराव तथा अचनाक बाढ़ आने का अंदेशा जताया गया है।
वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ जिलों तथा कोंकण और गोवा के उत्तरी गोवा, दक्षिण गोवा, मुंबई शहर, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, उपनगरीय मुंबई और ठाणे जिलों में अचानक बाढ़ व जल भराव का खतरा है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 18 अगस्त, 2025 को राजस्थान के बीकानेर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में कर्नाटक के शिमोगा में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 18 अगस्त, 2025 को ओडिशा, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक, विदर्भ, तेलंगाना, मराठवाड़ा, केरल और माहे और तटीय आंध्र प्रदेश तथा यनम के अधिकतर इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई।
वहीं कल, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम राजस्थान, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सौराष्ट्र और कच्छ, तमिलनाडु पुडुचेरी और कराईकल, पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई।
कल कहां हुई चार सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 18 अगस्त, 2025 को कोंकण और गोवा के माथेरान में 15 सेमी, विक्रोली में 14 सेमी, मुंबई-सांताक्रूज, टाटा पावर चेंबूर और जुहू प्रत्येक जगह 12 सेमी एफ.बी.आई. और बांद्रा प्रत्येक जगह 10 सेमी, भायखला में 9 सेमी, हरनाई में 8 सेमी, कोलाबा और महालक्ष्मी प्रत्येक जगह 5 सेमी, दहानू, मुंबई-कोलाबा, अलीबाग प्रत्येक जगह 4 सेमी, तेलंगाना के आदिलाबाद में 8 सेमी, कोठागुडेम में 2 सेमी, छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 7 सेमी, विदर्भ के चंद्रपुर में 7 सेमी, अमरावती में 4 सेमी, वाशिम में 3 सेमी, अकोला व यवतमाल प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं कल, मध्य महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में 7 सेमी, पुणे के शिवाजी नगर में 3 सेमी, कोल्हापुर में 2 सेमी, हिमाचल प्रदेश के शिमला-हवाई अड्डे में 7 सेमी, शिमला-शहर में 4 सेमी, कांगड़ा में 2 सेमी, तटीय कर्नाटक के कारवार में 4 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अल्लूरी सीतारमा राजू मारेड मिली, श्रीकाकुलम नंदीगाम, श्रीकाकुलम सेंथमराई और विजयनगरम संतगति गुल्लासीतारामपुरम प्रत्येक जगह 7 सेमी, विशाखापत्तनम और कलिंगपटनम प्रत्येक जगह 4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मुंबई में जलभराव से यातायात ठप, कई निचले इलाकों में पानी भर गया।
स्कूलों को बंद रखा गया और रेड अलर्ट जारी किया गया।
जम्मू में भी भारी बारिश की चेतावनी के चलते स्कूल बंद कर दिए गए।
रेड अलर्ट : तटीय कर्नाटक, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक।
यहां 204.5 मिमी से ज्यादा बारिश की आशंका।
ऑरेंज अलर्ट : छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, विदर्भ—यहां 115.6–204.4 मिमी तक बारिश संभव।
येलो अलर्ट : राजस्थान, हिमाचल, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, उत्तराखंड—64.5–115.5 मिमी बारिश।
पूर्वोत्तर के अरुणाचल, असम, मेघालय समेत कई राज्यों में भी भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी।
गुजरात के सूरत, नवसारी, वलसाड समेत कई जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी।
महाराष्ट्र के पालघर, रायगढ़, ठाणे, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में जलभराव का खतरा।
तटीय कर्नाटक के उडुपी, दक्षिण और उत्तर कन्नड़ जिलों में भी बाढ़ की आशंका।
बीकानेर (राजस्थान) में सबसे ज्यादा तापमान – 40.1 डिग्री सेल्सियस
शिमोगा (कर्नाटक) में सबसे कम तापमान – 18.6 डिग्री सेल्सियस