मौसम विभाग के द्वारा आज 25 अप्रैल, 2025 की सुबह जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि पश्चिमी विक्षोभ लगातार सक्रिय है इसकी वजह से 25 और 26 अप्रैल के दौरान पश्चिमी हिमालयी इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश व बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
वहीं उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में पारा ऊपर की ओर लगातार छलांगे मार रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तराखंड के पहाड़ी जनपदों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बूंदाबांदी के बाद गर्मी से मामूली राहत मिली है। जबकि मैदानी इलाकों में हालत पहले जैसे ही बने हुए हैं। शुष्क मौसम के चलते तापमान चढ़ रहा है। तीन जिलों के कई इलाकों में बारिश के बावजूद ज्यादातर हिस्सों में सूरज अपने चरम पर है।
देश की राजधानी में भी गर्मी का प्रकोप जारी है, आज भी यहां आसमान साफ रहेगा। कभी-कभी 10 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म और शुष्क हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान के 42 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान के 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट की मानें तो आज दिल्ली वासियों को गर्म हवाओं का प्रकोप झेलना पड़ सकता है।
देश के विभिन्न हिस्सों में चक्रवाती प्रसार व हवाओं के ट्रफ के चलते अगले एक हफ्ते के दौरान पूर्वोत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे तक की गति से तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने का दौर जारी रहेगा।
वहीं, 25 से 27 अप्रैल के दौरान असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, यहां 70 मिमी या उससे अधिक बारिश हो सकती है। जबकि 25 और 26 अप्रैल के दौरान नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में तथा 26 अप्रैल को असम और मेघालय में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, यहां भी 70 मिमी या उससे अधिक बरस सकते हैं बादल।
दक्षिण भारत में मौसमी बदलाव देखें तो अगले एक हफ्ते के दौरान कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ हल्की बारिश व वज्रपात होने के आसार हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में तापमान में उतार-चढ़ाव की बात करें तो अगले छह दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं। वहीं, अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत और आसपास के मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद के चार दिनों में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
वहीं, देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 24 अप्रैल, 2025 को विदर्भ के ब्रह्मपुरी में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
कहां रहेगा गर्म व उमस भरा मौसम, कहां चलेगी हीटवेव?
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आज 25 अप्रैल, 2025 को पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में गर्म हवाएं चलने के आसार हैं।
बिहार भीषण गर्मी के प्रकोप से गुजर रहा है। पटना समेत 22 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि 26 अप्रैल से मौसम के मिजाज के बदलने का पूर्वानुमान है। 26 से 30 अप्रैल के बीच कुछ जिलों में आंधी-तूफान व वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, झारखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और रायलसीमा में लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम से निजात मिलने के आसार नहीं हैं।
जबकि आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में रात के मौसम के गर्म रहने का अंदेशा जताया गया है।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल 24 अप्रैल को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल 24 अप्रैल को मेघालय के चेरापूंजी में 2 सेमी, केरल और माहे के पुनालुर में 2 सेमी तथा तमिलनाडु के उधगमंडलम में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।