अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं।  फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

गोवा में बढ़ी गर्मी व उमस, उत्तर भारत में शुष्क तथा पूर्वोत्तर में बारिश, यह है हाल-ए-मौसम

24 से 26 फरवरी के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, यहां 70 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

Dayanidhi

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक हवाओं का एक ट्रफ जारी है। उत्तरी बंगाल की खाड़ी के निचले स्तरों पर एक उल्टा चक्रवाती प्रसार लंबे अरसे से बना हुआ है

मौसम संबंधी इन गतिविधियों के चलते आज, यानी 24 फरवरी, 2025 को ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात होने की आशंका जताई गई है

वहीं, सक्रिय पूर्वी लहर के कारण 24 से 26 फरवरी के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, यहां 70 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

पश्चिमी हिमालयी इलाकों में कल, यानी 25 फरवरी से एक बार फिर बदलेगा मौसम, क्योंकि एक पश्चिमी विक्षोभ के चक्रवाती प्रसार के रूप में सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। साथ ही 25 से 28 फरवरी, 2025 के दौरान अरब सागर से निचले स्तरों पर पश्चिमी हिमालयी इलाकों में भारी नमी आने का अनुमान लगाया गया है।

उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते 25 से 28 फरवरी के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बिजली गिरने तथा गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश व ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं। वहीं अलगे तीन दिनों के दौरान मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव की बात करें तो अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। वहीं, अगले दो दिनों के दौरान गुजरात में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, रायलसीमा के कुरनूल में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के नाहन में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के ताजा अपडे के अनुसार, 23 से 25 फरवरी के दौरान कोंकण और गोवा तथा तटीय कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

समुद्र में हलचल

मौसम विभाग के मुताबिक, मन्नार की खाड़ी और इससे सटे कोमोरिन के इलाकों, दक्षिण तमिलनाडु तट और दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। मौसम विभाग के द्वारा मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए जाने से परहेज करने को कहा गया है।

कल कहां हुई बारिश-बर्फबारी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 23 फरवरी को असम और मेघालय के कई इलाकों, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाकों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।