चक्रवात अकवान कमजोर पड़ा, लेकिन ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बरकरार।
ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट, गोपालपुर में 180 मिमी बरसात से चक्रवात का असर पहले ही दिखा।
तटीय आंध्र प्रदेश में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकते हैं तूफानी हवाओं के झोंके।
हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में 20 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी, सुबह दृश्यता होगी प्रभावित।
राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में रातें सामान्य से ठंडी।
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ भले ही कमजोर होकर सामान्य चक्रवाती तूफान में बदल गया हो, लेकिन इसका खतरा अभी टला नहीं है। मौसम का मिजाज ऐसा है कि पूर्वी भारत में चक्रवात और मूसलाधार बारिश का डर है, तो उत्तर भारत में ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी ताजा अपडेट के अनुसार, चक्रवात के आज, यानी 20 नवंबर, 2026 की दोपहर से पहले गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने के आसार हैं।
कमजोर पड़ा चक्रवात, फिर भी 90 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ‘अकवान’ 20 नवंबर की रात 2:30 बजे गंभीर चक्रवाती तूफान से कमजोर पड़कर चक्रवाती तूफान में बदल गया। सुबह 5:30 बजे यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रित था। पिछले छह घंटों में यह 23 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा।
इसका केंद्र ओडिशा के गोपालपुर से करीब 110 किमी दक्षिण में था। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह आज दोहपर से पहले उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को गोपालपुर के पास पार करेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटा और झोंकों में 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
ओडिशा में आसमानी आफत, कई राज्यों में भारी बारिश
चक्रवात का सबसे ज्यादा असर ओडिशा में दिखने की आशंका है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है। विभाग ने यहां भारी का ऑरेंज से लेकर रेड अलर्ट तक जारी किया है। यहां 204.5 मिमी से अधिक पानी बरस सकता है।
वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
इन राज्यों के साथ-साथ आज असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।
ओडिशा में चक्रवात का असर पहले से दिखने लगा है। पिछले 24 घंटों में गोपालपुर में 180 मिमी, चांदबली में 100 मिमी, पारादीप पोर्ट में 90 मिमी और पुरी में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंके 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। कई राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की आशंका है। मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के उत्तरी और मध्य हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय, उत्तर भारत में बदलेगा मौसम, बढ़ेगी ठंड
पूर्वी भारत में चक्रवात का असर है तो उत्तर भारत में मौसम का मिजाज पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के साथ एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में बना हुआ है। यह करीब 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है।
हरियाणा-दिल्ली में तीन दिन कोहरे का पहरा
उत्तर भारत के लोगों को अब सुबह के समय घने कोहरे से जूझना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 20 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 23 नवंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 23 नवंबर तक घना कोहरा छा सकता है।
सीकर में 6.5 डिग्री पर पहुंचा पारा, पूर्वी भारत में भी ठंड का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर को मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजस्थान के सीकर में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं केरल के कोझिकोड (कालीकट) में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो देश में सबसे अधिक था। यानी एक तरफ राजस्थान में ठंड ने दस्तक तेज कर दी है, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में गर्मी का असर अभी कायम है।
पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अधिकतम तापमान सामान्य से माइनस 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। इससे दिन के समय भी ठंडक महसूस की जा रही है।
रात के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ इलाकों में देखने को मिली, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से माइनस पांच डिग्री से अधिक नीचे रहा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, विदर्भ, कोंकण-गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी रात का पारा सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर, देश के पूर्वी हिस्से में चक्रवात और भारी बारिश का खतरा बना हुआ है, जबकि उत्तर भारत में गिरता तापमान और घना कोहरा सर्दी का अहसास बढ़ाने लगा है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की जरूरत है।