आज, पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने के आसार हैं  
मौसम

पूर्वोत्तर में सितंबर में गर्मी और उमस, जानें कहां से होगी मॉनसून की वापसी

Dayanidhi

मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार, आज 23 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पश्चिमी राजस्थान और कच्छ के कुछ हिस्सों से वापसी हो सकती है। मॉनसून की विदाई के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश घट गई है जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ उमस ने जीना मुहाल किया है। आज, पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम से निजात मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश तट से दक्षिण तटीय म्यांमार तक पूर्व-पश्चिम हवाओं का ट्रफ तथा चक्रवाती प्रसार जारी है। एक चक्रवाती प्रसार पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर और दूसरा दक्षिण तटीय म्यांमार और इससे सटे इलाकों के मध्य स्तरों तक फैला हुआ है। इन दोनों चक्रवाती प्रसारों की वजह से अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और इससे सटे इलाकों पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है

इन मौसमी गतिविधियों का मतलब है कि आज, यानी 23 सितंबर को भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप के दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 23 और 24 सितंबर को तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में, 23 से 25 सितंबर के दौरान तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बादलों के जमकर बरसने की आशंका जताई गई है, इन हिस्सों में 70 मिमी तक बारिश हो सकती है।

मध्य भारत का मौसम सबंधी अपडेट देखें तो यहां 23 से 26 सितम्बर के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तथा 24 से 27 सितम्बर के दौरान मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है, यहां भी 70 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में 23 से 29 सितम्बर के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में, 23 से 26 सितम्बर के दौरान ओडिशा में, 24 से 29 सितम्बर के दौरान अरुणाचल प्रदेश में 25 से 27 सितम्बर के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड में, 25 और 26 सितम्बर को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, 27 से 29 सितम्बर के दौरान बिहार में भारी बारिश होने के आसार हैं, इन सभी राज्यों में 70 मिमी तक बारिश हो सकती है।

पश्चिम भारत में मौसमी बदलाव की बात करें तो 23 से 26 सितंबर के दौरान कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, यहां 200 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल। वहीं 23 से 27 सितंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र में, 23-25 सितंबर के दौरान मराठवाड़ा में होगी भारी बारिश, यहां भी 200 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के पश्चिम राजस्थान में पूरे सप्ताह भर मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

चक्रवाती प्रसार व कम दबाव के चलते आज, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

वहीं आज, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

बंगाल की खाड़ी में हलचल जारी है इसके कारण आज, पूर्व मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, केरल और कर्नाटक के तटों, इससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, दक्षिण के कई इलाकों और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के निकटवर्ती हिस्सों, पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के पश्चिमी इलाकों और सोमालिया तट के पास तथा पश्चिम-मध्य अरब सागर के आसपास 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। तेज तूफानी हवाओं की रफ्तार के कारण आज, मछुआरों को इन हिस्सों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने के लिए आगाह किया है।

तापमान में उतार चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी अपडेट की बात करें तो कल, पश्चिम राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिम मध्य प्रदेश के धार में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 22 सितंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल और माहे के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, मराठवाड़ा, विदर्भ, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बादल बरसे।