दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, गरज-चमक व 50 किमी प्रति घंटे की हवाएं तथा ओले गिरने की आशंका।
पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ तूफानी हवाएं व ओलावृष्टि का भी अंदेशा।
दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून की दस्तक, तमिलनाडु, केरल व पुडुचेरी में भारी बारिश, आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के आसार।
देश के शेष हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई जल्द, दक्षिणी प्रायद्वीप में पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय होने की संभावना।
गुजरात के डीसा में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज, जबकि हिमाचल प्रदेश के मंडी में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू और कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ मध्य और ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी हवाओं के बीच एक ट्रफ भी मौजूद है। देश के कई हिस्सों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी जारी है। इन मौसमीय प्रणालियों के चलते देश के कई इलाकों में मौसमी गतिविधियां सक्रिय हो सकती हैं।
विभाग की ओर से आज, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह जारी पूर्वानुमान में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश और तूफानी मौसम की आशंका जताई गई है। वहीं, दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के साथ बारिश का नया दौर शुरू होने के हालात बन रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, कुछ हिस्सों में 115.5 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। अगर इतनी बारिश होती है, तो सड़कों पर पानी भरने, यातायात धीमा पड़ने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं।
दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश के दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा ओले गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी इलाकों में भी बदलेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। विभाग ने इन सभी राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भी 115.5 से 204.4 मिमी तक बादलों के बरसने के आसार हैं। वहीं, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का भी अंदेशा जताया गया है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं हवाएं चलने के आसार हैं।
ऐसे मौसम में किसानों को फसलों की सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है। वहीं, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून की दस्तक
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर तेज होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, केरल और माहे के साथ तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में 115.5 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादलों के बरसने के आसार हैं।
वहीं आज, आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़, आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका है। विभाग ने आज, तटीय आंध्र प्रदेश में तेज सतही हवाएं चलने की भी आशंका जताई है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई, नए मौसम का आगाज
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई लगातार जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी की रेखा धुबरी, कोलकाता, अंगुल, खम्मम और होनावर समेत कई जगहों से होकर गुजर रही है। शेष हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
इसी के साथ दक्षिणी प्रायद्वीप में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू होने की संभावना है। यह बदलाव दक्षिण भारत के मौसम के लिए अहम माना जाता है, क्योंकि इस दौरान तमिलनाडु और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
कहीं गर्मी और उमस, तो कहीं तापमान में असामान्य बढ़ोतरी
देश के कई इलाकों में बारिश की संभावना के बीच गर्मी और उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने के आसार हैं। ऐसे में बारिश के बाद भी लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
तापमान के आंकड़े भी मौसम के बदलते मिजाज की कहानी बयां कर रहे हैं। तटीय कर्नाटक के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों पर भी अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। इसके अलावा विदर्भ, तेलंगाना, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
रात के तापमान में भी असामान्य बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश तथा मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया।
गुजरात में सबसे गर्म रहा डीसा, मंडी में सबसे कम न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के 14 अक्टूबर, 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, गुजरात के डीसा में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह देश में दर्ज किया गया सबसे अधिक अधिकतम तापमान रहा। दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के मंडी में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर, 15 अक्टूबर को देश के कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका है, जबकि कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है। आम लोगों और किसानों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है।