पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश, बर्फबारी व ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी। प्रतीकात्मक छवि, साभार: आईस्टॉक
मौसम

पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बारिश-बर्फ-ओलों का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के संकेत

पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी-ओलों की चेतावनी, बंगाल की खाड़ी में 15 नवंबर तक डिप्रेशन बनने के आसार, दिल्ली में सुबह धुंध और प्रदूषण बरकरार।

Dayanidhi

  • पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी।

  • हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका, पहाड़ी इलाकों में मौसम बिगड़ने के आसार।

  • दिल्ली-एनसीआर में आसमान आंशिक बादलों से ढका रहेगा, सुबह हल्की धुंध छाएगी और अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंचेगा।

  • बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर को कम दबाव बनेगा, 15 नवंबर तक इसके डिप्रेशन में बदलने का अंदेशा।

  • अंडमान-निकोबार में भारी बारिश व तेज हवाओं का अलर्ट, केरल और तमिलनाडु में वज्रपात के साथ गरज-चमक के आसार।

देश के मौसम में इन दिनों दो अलग-अलग मौसमी प्रणालियों का असर दिखाई दे रहा है। एक ओर पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू और कश्मीर, लद्दाख तथा हिमाचल प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की आशंका है, तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में दक्षिण-पूर्वी समुद्री इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। उधर, दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। सुबह हल्की धुंध और दिन में धूप के बीच मौसम सुहावना रहने का अनुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग की ओर से आज, 12 नवंबर, 2026 को जारी ताजा अपडेट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इसी मौसमी हलचल के कारण जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में मौसम करवट ले सकता है।

इन राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है। साथ ही गरज-चमक के साथ ओले गिरने और बिजली चमकने के भी आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के भी कुछ हिस्सों में बिजली गिरने के साथ गरज-चमक का अंदेशा जताया गया है।

दिल्ली में हल्की धुंध, 29 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम का मिजाज अपेक्षाकृत शांत रहेगा। 12 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है, जिससे कुछ इलाकों में दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। शाम के समय भी धुंध और धुंधलके का असर दिखाई दे सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से पांच से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। फिलहाल अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

हालांकि मौसम से राहत के बीच प्रदूषण की परेशानी बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर की हवा अब भी खराब श्रेणी में है। कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार जरूर दर्ज किया गया है, लेकिन प्रदूषण से पूरी तरह राहत नहीं मिली है।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र

देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक नई मौसमी प्रणाली विकसित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के हिस्सों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। यह मध्य क्षोभमंडल तक फैला हुआ है। इसी के प्रभाव से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह प्रणाली उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी। 14 नवंबर तक इसके और मजबूत होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है, जबकि 15 नवंबर तक इसके डिप्रेशन बनने के आसार हैं।

अंडमान से केरल तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। यहां गरज-चमक, बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। अंडमान सागर में समुद्री मौसम भी खराब रह सकता है। यहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंकों के 60 किमी प्रति घंटे तक चलने का अनुमान है।

इसके अलावा केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ गरज-चमक हो सकती है।

कई राज्यों में सुबह की ठंड बढ़ी

देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। पूर्वी मध्य प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से माइनस पांच डिग्री सेअधिक नीचे रहा। ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

11 नवंबर, 2026 को तमिलनाडु के अदीरामपट्टिनम में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के मंडी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

फिलहाल पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। कुल मिलाकर उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ, जबकि दक्षिण-पूर्व में चक्रवाती परिसंचरण से बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र मौसम की दिशा तय करेगा।