देशभर में बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान, वज्रपात और कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी देखने को मिल रही है। 
मौसम

मानसून जैसा मौसम: जानें कहां हैं बारिश-बर्फबारी,ओलावृष्टि व आंधी-तूफान का अंदेशा

देशभर में बदला मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश-बर्फबारी, तेज हवाएं, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है

Dayanidhi

  • पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती प्रसार व जेट स्ट्रीम के कारण उत्तर भारत सहित कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान और ओले गिरने की आशंका

  • दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के आसार

  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी, तेज हवाओं के साथ जनजीवन प्रभावित होने की आशंका

  • पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में तेज आंधी, बिजली गिरने और 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा

  • किसानों को फसलों को बचाने के लिए सावधानी बरतने, जल निकासी और ओलावृष्टि से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह

भारत के कई इलाकों में मार्च के महीने मानसून की तरह का मौसम बन गया है। इसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है, जो उत्तर-पश्चिम दिशा से आकर भारत के मौसम पर असर डाल रहा है। साथ ही देश के कई हिस्सों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार व उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पछुआ जेट स्ट्रीम बह रही है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण देशभर में बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान, वज्रपात और कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी देखने को मिल रही है।

उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 20 मार्च, 2026 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि उत्तर भारत के कई राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम बदला हुआ रहेगा। इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा, ओलावृष्टि की भी आशंका है, जो फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी-ओलावृष्टि के आसार

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में आज भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी होने का अंदेशा है। इससे वहां के जनजीवन पर असर पड़ सकता है। वहीं उत्तराखंड में ओले गिरने व तेज आंधी भी चल सकती है, जिसमें हवा की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में भी बर्फबारी जारी रह सकती है, जिससे तापमान और गिर सकता है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। आज, 20 मार्च को भी आसमान बादलों से ढका रहेगा। दोपहर से लेकर शाम तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका है, जिससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। यानी मौसम ठंडा और सुहावना रहेगा।

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के मौसम का हाल

पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। यहां अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान का अंदेशा जताया गया है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज आंधी चल सकती है, जिसकी रफ्तार 60 से 80 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। इसके साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।असम और मेघालय तथा पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदला हुआ रहेगा। यहां हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ हवाएं चल सकती हैं। कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।

दक्षिण भारत में भी असर

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों जैसे कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां भी कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार हैं। हालांकि यहां मौसम का असर उत्तर भारत जितना ज्यादा नहीं होगा।

किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों के लिए कुछ जरूरी सलाह दी है जिसमें कहा गया है कि फसलों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए जाल (नेट) का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है। खेतों में पानी जमा न होने दें, पकी हुई फसलों की जल्द कटाई करें, फलों के पेड़ों को सुरक्षित रखें, बारिश से बचाने के लिए फसल को ढककर रखें ये उपाय फसलों को नुकसान से बचाने में मदद करेंगे।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। इससे मौसम ठंडा हो जाएगा। हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान के फिर से बढ़ने के आसार हैं। यानी यह ठंडक ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 19 मार्च, 2026 को झारखंड के डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कुल मिलाकर, आज का दिन मौसम के लिहाज से काफी सक्रिय रहने वाला है। देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, बिजली और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए बाहर निकलें और सावधानी बरतें। खासकर तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें। यह मौसम जहां एक तरफ गर्मी से राहत देता है, वहीं दूसरी तरफ कुछ नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए सतर्क रहना बहुत जरूरी है।