मैदानी इलाकों, खासकर दिल्ली और उत्तर भारत में, फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास होने लगा है।   फोटो साभार: आईस्टॉक
मौसम

पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी से हल्की ठंड बढ़ी, मैदानों पर गर्मी का अहसास

10 फरवरी, 2026 को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि पहाड़ी इलाकों में मौसम सक्रिय बना रहेगा, मैदानी इलाकों में तापमान में उछाल आने का पूर्वानुमान।

Dayanidhi

  • पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी, ठंड बढ़ी।

  • 10 फरवरी को पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने, 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने के आसार।

  • दिल्ली-एनसीआर में फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी का एहसास, अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान।

  • कमजोर हवाओं के कारण दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ा, सीपीसीबी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

  • पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम-मेघालय और तटीय आंध्र प्रदेश में सुबह घना कोहरा छाने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

फरवरी के शुरुआती दिनों में ही देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव साफ दिखाई देने लगा है। कहीं ठंड धीरे-धीरे कम हो रही है, तो कहीं बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड अभी बनी हुई है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 10 फरवरी, 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, इस समय उत्तर भारत में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) मौजूद है, जिसका असर आने वाले कुछ दिनों तक दिखेगा।

वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है। यह ऊंचाई पर चल रही पश्चिमी हवाओं के साथ मिलकर काम कर रहा है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बहुत तेज गति की हवाएं, जिन्हें उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम कहा जाता है, सक्रिय हैं। इन हवाओं की गति लगभग 125 नॉट तक है। ये हवाएं ऊपरी वातावरण में मौसम प्रणालियों को मजबूत करती हैं, लेकिन इसका सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान पर बहुत अधिक नहीं पड़ेगा।

उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते 10 और 11 फरवरी, 2026 उत्तर के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खासकर 10 फरवरी को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख के कई जगहों पर अच्छी बारिश और जमकर बर्फबारी हो सकती है। साथ ही यहां बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है और यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी का एहसास

दिल्ली और आसपास के इलाकों में फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास होने लगा है। हाल ही में दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 11 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह में दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होगी, खासकर दोपहर में।

प्रदूषण की समस्या

दिल्ली में हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषण की समस्या फिर से बढ़ने लगी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, कमजोर हवाओं की वजह से प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं। इससे वायु गुणवत्ता खराब हो सकती है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की जरूरत है।

कहां छाएगा कोहरा?

देश के कुछ हिस्सों में अभी भी कोहरे की समस्या बनी हुई है। 10 फरवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जगहों पर सुबह और रात के समय घने से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, बिहार और असम व मेघालय में भी सुबह के समय घना कोहरा पड़ने का अंदेशा है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में अलग-अलग तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं, मध्य भारत में भी अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का पूर्वानुमान है।

पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र में इसके उलट अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। जबकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, नौ फरवरी, 2026 को केरल के कोच्चि में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिम उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

कुल मिलाकर, देश में सर्दी अब धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में अभी भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। वहीं मैदानी इलाकों, खासकर दिल्ली और उत्तर भारत में, फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास होने लगा है। कोहरा और प्रदूषण कुछ क्षेत्रों में चिंता का कारण बने हुए हैं। ऐसे में लोगों को मौसम की जानकारी पर ध्यान देने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।