उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड और बढ़ेगी। 
मौसम

पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बर्फबारी, बारिश व तेज हवाओं का अलर्ट

31 जनवरी, 2026 को जारी अपडेट के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के दौरान दिल्ली पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, अरुणाचल और मध्य प्रदेश में गरज के साथ बारिश और वज्रपात का अंदेशा है।

Dayanidhi

  • पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना बढ़ी।

  • उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड और बढ़ेगी।

  • दिल्ली-एनसीआर में 31 जनवरी और एक फरवरी को बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट संभव।

  • उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश, कोहरा और शीतलहर से लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।

  • मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।

हिमालयी इलाकों में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ जो भूमध्य सागर के आसपास से नमी लेकर भारतीय उपमहाद्वीप की ओर बढ़ता है। इसके सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश देखने को मिलती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, 31 जनवरी, 2026 को जारी अपडेट में कहा गया है कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल रहा है, जिससे ठंड, बारिश और कोहरे की स्थिति बन रही है।

उत्तराखंड में दोहरा मौसम

उत्तराखंड में इस बार मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। पहाड़ी जिलों में जहां बर्फबारी की संभावना है, वहीं मैदानी इलाकों में सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जैसे उच्च हिमालयी जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है

इससे चारधाम यात्रा मार्ग और सीमावर्ती क्षेत्र एक बार फिर बर्फ की चादर से ढक सकते हैं। बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आएगी और कई जगहों पर सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहा और धूप निकलने से कई इलाकों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान अभी भी शून्य से नीचे बना हुआ है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दो फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित करेगा।

इसके अलावा पांच फरवरी के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

जम्मू और कश्मीर में फिर बढ़ेगी ठंड

जम्मू और कश्मीर में हाल के दिनों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान बढ़कर 1.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि एक दिन पहले यह शून्य से नीचे था। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली।

एक से तीन फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान फिर गिर सकता है और ठंड बढ़ सकती है।

मैदानी राज्यों में बारिश का असर

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात होने का अंदेशा जताया गया है। बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से इन क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे ठंड का असर और अधिक महसूस किया जा सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाएं

दिल्ली-एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। 31 जनवरी और एक फरवरी को राजधानी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी की सुबह मध्यम से घना कोहरा छा सकता है, जबकि शाम और रात के समय बारिश के साथ तेज सतही हवाएं चलेंगी।

तापमान में गिरावट आने से ठंड और बढ़ जाएगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर

उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद ठंड और तेज हो गई है। राज्य के 30 से अधिक जिलों में कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो एक फरवरी से प्रदेश के कुछ जिलों में फिर से बारिश हो सकती है, जो दो से तीन दिन तक जारी रह सकती है। लगातार बारिश और बादलों के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन अहम

मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरी मध्य प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में और गिरावट की संभावना है। दो फरवरी तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, बादल और कोहरे का असर बना रह सकता है

सावधानी और सतर्कता जरूरी

बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरे और ठंड को ध्यान में रखते हुए वाहन चलाते समय सावधानी बरतनी चाहिए।

बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाना जरूरी है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर चेतावनी जारी कर रहा है। ऐसे में लोगों को अपने जिले के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार तैयारी कर सुरक्षित रहना चाहिए।