16 से 20 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल व उत्तराखंड में हल्की से भारी बारिश व ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 
मौसम

उत्तर भारत में बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बर्फबारी, ठंड, कोहरा व बारिश बढ़ाएंगे परेशानी

15 जनवरी, 2026 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ठंड, कोहरा, बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है

Dayanidhi

  • 16 जनवरी से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी।

  • उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू और कश्मीर में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित।

  • दिल्ली-एनसीआर में 18 से 20 जनवरी तक बारिश संभव, तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।

  • पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने के आसार।

  • कई राज्यों में शीतलहर, शीत दिवस और घने से बहुत घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की।

जनवरी के मध्य में उत्तर भारत का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। ऊपरी वायुमंडल में तेज हवाओं और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घना कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आज सुबह, यानी 15 जनवरी 2026 को जारी अपने पूर्वानुमान में पहाड़ी और मैदानी इलाकों के लिए कई चेतावनियां जारी की हैं।

इस समय उत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है। यह जेट स्ट्रीम लगभग 12.6 किमी की ऊंचाई करीब 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है। वहीं 16 जनवरी, 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी इलाकों के मौसम में एक फिर बदलाव करेगा, जिससे इन इलाकों में बारिश व बर्फबारी के दौर के शुरू होने का अनुमान है।

जम्मू और कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम?

कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है, क्योंकि पिछली रात ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। मौसम केंद्र के मुताबिक, श्रीनगर में रात को न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया।

वहीं, सर्दियों की राजधानी जम्मू, श्रीनगर, पहलगाम और यहां तक कि गुलमर्ग से भी ज्यादा सर्द हो गया, क्योंकि कल, जम्मू का दिन का तापमान सामान्य से 10.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि घने कोहरे की वजह से इस इलाके में हवाई और रेल यातायात पर असर पड़ा।

मौसम विभाग ने कहा है कि 16 से 20 जनवरी के बीच जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है

उत्तराखंड में कोहरा और कड़ाके की ठंड

उत्तराखंड में आज मौसम काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। राज्य के मैदानी इलाकों जैसे देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, काशीपुर और उधम सिंह नगर में घना कोहरा छाने का अंदेशा जताया गया है। सुबह के समय दृश्यता बहुत कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

लोग दिन में सूरज निकलने का इंतजार करते नजर आएंगे। नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते 16 से 20 जनवरी के दौरान उत्तराखंड में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है। इसी बीच राज्य के मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का असर ज्यादा रहेगा।

हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी बर्फ गिरने का पूर्वानुमान है। शिमला, कुल्लू और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन रात और सुबह के समय सर्दी का प्रकोप काफी तेज बना हुआ है।

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान बजौरा में 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

मैदानी इलाकों में बारिश और ठंड

पश्चिमी विक्षोभ का असर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 18 से 20 जनवरी के बीच देखने को मिलेगा। इन इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 19 और 20 जनवरी को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि राजस्थान और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधि सीमित रहेगी।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

दिल्ली में इस समय शीतलहर चल रही हैं, जिनकी रफ्तार 10 से 15 किमी प्रति घंटा रहने के आसार हैं। आज दिल्ली के अधिकतम तापमान के 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

आने वाले दिनों में मौसमी बदलाव की बात करें तो दिल्ली में 18 से 20 जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। 15 से 17 जनवरी के बीच सुबह और रात का तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

शीतलहर और शीत दिवस की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, आज 15 जनवरी को छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने के आसार हैं

इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में कहीं-कहीं शीत दिवस या बहुत ठंडा दिन रह सकता है, यानी दिन के समय भी तापमान सामान्य से काफी कम रहेगा।

कहा छाएगा घना और बहुत घना कोहरा

देश के कई हिस्सों में कोहरा बड़ी समस्या बना हुआ है। असम और मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है।

वहीं हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद के दो दिनों तक कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, फिर अगले चार दिनों में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

पूर्वी भारत में अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, इसके बाद दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। जबकि महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों तक तापमान सामान्य रहेगा, फिर दो से तीन डिग्री की गिरावट के बाद दोबारा धीरे-धीरे बढ़ेगा। गुजरात में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, इसके बाद दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल,14 जनवरी, 2026 को केरल के कोट्टायम में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दक्षिण भारत में राहत

दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश अब धीरे-धीरे थमने की ओर है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले तीन दिनों में मानसून के विदा होने की संभावना है। हालांकि विभाग ने केरल, लक्षद्वीप और निकोबार द्वीप समूह में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।

कुल मिलाकर आने वाले दिनों में उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम चुनौतीपूर्ण बना रहेगा। ठंड, कोहरा, बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों को सावधानी बरतने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।