आज, 22 मई, 2026 को गर्म हवाओं के साथ-साथ पंजाब और पश्चिम राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने का भी अंदेशा जताया गया है।  
मौसम

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, कई राज्यों में भीषण गर्मी

देशभर में मौसम का बदलता मिजाज, कहीं भीषण लू तो कहीं भारी बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में गर्मी से हाल बेहाल, मानसून के आगे बढ़ने के संकेत।

Dayanidhi

  • कई राज्यों में भीषण गर्मी जारी, दिल्ली समेत उत्तर भारत में लू और गर्म रातों ने बढ़ाई लोगों की परेशानी।

  • जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, पंजाब-राजस्थान में धूल भरी आंधी की आशंका।

  • पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, असम-मेघालय सहित कई इलाकों में बिजली गिरने और जलभराव का खतरा।

  • दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान, किसानों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह।

  • दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, अगले कुछ दिनों में कई समुद्री क्षेत्रों और तटीय इलाकों तक पहुंचने के संकेत।

देश के कई इलाकों में इस समय मौसम तेजी से बदल रहा है। एक तरफ उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी-तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अंदेशा है।

मौसम विभाग के द्वारा आज, 22 मई, 2026 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने तथा देश के कई हिस्सों में बने ऊपरी हवाओं के चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर-पश्चिम भारत समेत देश के कई राज्यों में मौसम खराब रह सकता है। विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जम्मू और कश्मीर में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

आज, 22 मई, 2026 को हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू और कश्मीर में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। पंजाब और पश्चिम राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में सबसे गर्म रात

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 21 मई की रात पिछले 14 सालों में सबसे गर्म रात रही। इससे पहले इतनी गर्म रात 27 मई 2012 को दर्ज की गई थी। राजधानी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 32 डिग्री रहने का अनुमान है।

दिल्ली में अगले सात दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गर्मी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं चलने से लोगों को भारी परेशानी हो सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

कई राज्यों में लू और गर्म रातों की चेतावनी

कई राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। वहीं, उत्तर प्रदेश के बांदा में सबसे अधिक 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका जताई है

मौसम विभाग के अनुसार, आज 22 मई, 2026 को तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में स्थिति और अधिक गंभीर रह सकती है। इन राज्यों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने इन राज्यों में गर्मी के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में गर्म रातों की स्थिति बने रहने की आशंका जताई है। रात में तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लोगों को नींद और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

वहीं आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। यहां तेज धूप के साथ नमी बढ़ने से लोगों को अधिक गर्मी महसूस होगी। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों को नदी और पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने को कहा गया है।

दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाएं

तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में तेज आंधी चल सकती है। कुछ इलाकों में हवा की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे मौसम में मछुआरों और किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं आज, 22 मई, 2026 को तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

पूर्वी भारत में भी मौसम रहेगा खराब

बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी लगातार बारिश हो सकती है।

पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है।

मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले तीन से चार दिनों के दौरान मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

इसके अलावा अंडमान सागर और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी मानसून के पहुंचने की संभावना है। समुद्री क्षेत्रों में बढ़ती नमी और अनुकूल हवाओं के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए कई जरूरी सुझाव दिए हैं। जिन क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है वहां किसान पकी हुई फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें ताकि पानी जमा न हो।

तेज गर्मी वाले इलाकों में किसान सुबह या शाम के समय सिंचाई करें। पशुओं को छांव में रखें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं। तेज आंधी और बारिश के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें। फल और सब्जी की खेती करने वाले किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं से फसलों को नुकसान हो सकता है। केले और अन्य ऊंचे पौधों को सहारा देकर बांधना जरूरी है।

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है। कहीं गर्मी लोगों को परेशान करेगी तो कहीं बारिश और आंधी मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देना चाहिए और जरूरी सावधानी बरतनी चाहिए।

अत्यधिक गर्मी और खराब मौसम स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक मौसम जानकारी पर भरोसा करें।