दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई।
उत्तर भारत में तापमान बढ़ने से लू का असर तेज, कई राज्यों में 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा।
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश, कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर, कर्नाटक में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई।
मौसम विभाग ने किसानों को फसल बचाने, पानी निकासी रखने और खराब मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, 15 मई 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और देश के कई इलाकों में बने ऊपरी हवाओं के चक्रवात के कारण उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, ओले गिरने, आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं कुछ इलाकों में गर्मी और लू का असर भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उत्तर भारत में आंधी और बारिश के आसार
विभाग के मुताबिक, 15 और 16 मई को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अंदेशा जताया गया है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के दौरान लोग पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश का अलर्ट, अगले चार दिन भीषण गर्मी के आसार
दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने मध्यम स्तर की आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कल, 14 मई को दिल्ली में इस मई महीने का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले चार दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी का असर जारी रह सकता है। अधिकतम तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। वहीं रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर के राज्यों, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ राज्यों में भारी बारिश भी हो सकती है। खासकर 15 से 17 मई के बीच अरुणाचल प्रदेश तथा असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में बदलेगा मौसम
पूर्वी भारत के राज्यों बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी मौसम बदलने वाला है। यहां कई जगहों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान देखें तो बिहार में 20 मई तक बारिश का असर बना रह सकता है।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम के पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। इससे चाय बागानों और खेती पर असर पड़ सकता है। किसानों को खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का दौर
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के चलते केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी मौसम सक्रिय रहेगा। इन राज्यों में कई जगहों पर बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं आज, 15 मई, 2026 को उत्तर आंतरिक कर्नाटक में ओलावृष्टि का भी अंदेशा जताया गया है। विभाग ने किसानों को तैयार फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 17 मई तक अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 18 से 20 मई तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
मध्य भारत में 16 मई तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। वहीं पूर्वी भारत में भी 16 मई तक तापमान दो से चार डिग्री तक बढ़ सकता है।
हालांकि गुजरात में 15 से 17 मई के बीच तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। महाराष्ट्र में 16 मई तक तापमान बढ़ने के बाद 17 से 20 मई के बीच हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 14 मई, 2026 को महाराष्ट्र के अकोला में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में झारखंड के रांची में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई राज्यों में लू या हीटवेव का अंदेशा
बारिश, आंधी-तूफान के बीच देश के कई हिस्सों में गर्मी और लू का असर भी बना रहेगा। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र-कच्छ और कोंकण-गोवा में लू चलने की आशंका जताई गई है।
दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। पश्चिम मध्य प्रदेश में रात के समय भी गर्मी बनी रह सकती है।
किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को मौसम को देखते हुए खेती के काम सावधानी से करने की सलाह दी है। जिन इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं वहां खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था रखने को कहा गया है। तेज हवाओं से फसलों को नुकसान हो सकता है, इसलिए सब्जियों और बागवानी वाली फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है।
बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को फिलहाल कीटनाशक और उर्वरक का छिड़काव रोकने के लिए कहा गया है। जिन किसानों की फसल तैयार हो चुकी है उन्हें जल्द कटाई कर सुरक्षित भंडारण करने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। आंधी और बिजली के समय पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखें।
मानसूनी गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बन रही हैं। 16 मई के आसपास मानसून अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। इससे दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की शुरुआती गतिविधियां किसानों के लिए अच्छी खबर हैं। इससे खरीफ फसलों की तैयारी शुरू हो सकेगी।
कल कहां कितने बरसे बादल?
पिछले 24 घंटे में केरल के कोच्चि और कोझिकोड, अंडमान-निकोबार, सिक्किम के गंगटोक, तमिलनाडु के कुन्नूर, त्रिपुरा के अगरतला और मेघालय के शिलांग में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतें।