देशभर में आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने से तबाही, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी जान-माल का नुकसान हुआ।
दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में तेज हवाओं और हल्की बारिश का अनुमान, कई इलाकों में मौसम अचानक बदला।
पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में लू का खतरा बढ़ा, कई इलाकों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी।
दक्षिण भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर, केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान।
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में खराब मौसम के कारण जान-माल का नुकसान हुआ है। तेज हवाओं से कहीं पेड़ उखड़ गए तो कहीं दीवारें और कच्चे मकान गिर गए। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम 60 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में खराब मौसम का अनुमान जताया है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के संकेत
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 14 मई, 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 16 मई के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ने की संभावना है। वहीं बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इसके कारण समुद्री इलाकों और तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं और भारी बारिश हो सकती है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ लद्दाख और उसके आस-पास के इलाकों में सक्रिय है। साथ देश के कई इलाकों में चक्रवाती प्रसार जारी है। इन मौसमी प्रणालियों का असर उत्तर भारत समेत देश के कई इलाकों में देखा जा रहा है।
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग ने जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
वहीं मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। इन सभी राज्यों में हवाओं की रफ्तार के 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में बदल सकता है मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज, 14 मई, 2026 को मौसम के बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। यहां दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में सुबह और शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है। हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर यह 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कल, यानी 13 मई को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा
पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश के दौर के जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं आज, असम और मेघालय तथा अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत बारिश का अंदेशा जताया गया है। इन राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्वी और मध्य भारत में भी असर
विभाग ने बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान लगाया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 19 मई तक भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में किसानों को खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत है ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे।
दक्षिण भारत में आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी
तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कर्नाटक के कुछ इलाकों में हवा की गति 60 से 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। मौसम विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को बिजली गिरने और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
कई राज्यों में बढ़ेगा तापमान, उत्तर भारत में गर्मी और तेज होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 19 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।
मध्य भारत में भी 17 मई तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसके बाद 18 और 19 मई को तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
पूर्वी भारत में भी 17 मई तक तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गर्मी का असर बढ़ने की आशंका है। हालांकि 18 और 19 मई को तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
गुजरात में 14 मई तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन 15 से 19 मई के बीच तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र में 16 मई तक तापमान धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद 17 से 19 मई के बीच तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि देश के बाकी हिस्सों में 19 मई तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 13 मई, 2026 को राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के रोहतक में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई राज्यों में लू और उमस का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में लू या हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरे मौसम से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज पूर्वी राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में लू चलने का अंदेशा जताया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय तापमान काफी अधिक महसूस हो सकता है। लोगों को दोपहर के समय घरों से कम बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
पश्चिम राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में स्थिति अधिक गंभीर रह सकती है। यहां कुछ इलाकों में भीषण लू चलने का अनुमान है। इसके लिए मौसम विभाग ने यहां रेड अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे मौसम में लंबे समय तक धूप में रहने से हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है।लोगों को पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। अधिक नमी के कारण लोगों को ज्यादा गर्मी महसूस होगी। मौसम विभाग ने कहा है कि उमस के कारण थकान और बेचैनी बढ़ सकती है, इसलिए लोग शरीर को ठंडा रखने की कोशिश करें।
लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। आंधी और बिजली गिरने के समय पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान कमजोर दीवारों और कच्चे मकानों के पास खड़े नहीं होना चाहिए।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे पकी हुई फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थानों पर रखें। खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था रखें। तेज हवाओं और बारिश के दौरान कीटनाशक और खाद का छिड़काव न करें। पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं।
खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को सुबह या शाम के समय काम करने की सलाह दी गई है। दोपहर के समय धूप में काम करने से बचना चाहिए।
मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए सभी लोगों को समय-समय पर जारी होने वाले मौसम अपडेट पर ध्यान देना चाहिए।