उत्तर भारत में तापमान तेजी से गिरा, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी के आसार बढ़े।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती सर्दी के साथ प्रदूषण चरम पर, गाजियाबाद का एक्यूआई 400 पार।
मध्य भारत में 19 और 20 नवंबर को शीतलहर और गंभीर शीतलहर की चेतावनी।
दक्षिण भारत में दो कम दबाव क्षेत्र सक्रिय, तमिलनाडु-केरल-अंडमान में भारी बारिश का अलर्ट।
समुद्र में हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंची, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह।
देश के अधिकांश हिस्सों में नवंबर का तीसरा सप्ताह मौसम में बड़े बदलाव लेकर आया है। कहीं तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, तो कहीं बारिश, कोहरे और शीतलहर का कहर दिख रहा है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, यानी 19 नवंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि देश के कई हिस्सों में तापमान के सामान्य से और नीचे जाने के आसार हैं, जबकि दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर भारत: तापमान में गिरावट और कड़ाके की ठंड की दस्तक
उत्तर भारत के कई राज्यों, विशेषकर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो से तीन दिनों में उत्तराखंड में मौसम का मिजाज और बदलेगा।
पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आने का अंदेशा जताया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार बढ़ गए हैं, जिसके कारण कई जगहों पर सर्दी का प्रकोप में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई गई है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी ठंड का खासा प्रभाव झेलना पड़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में सर्दी ने अभी से अपना तेज रूप दिखाना शुरू कर दिया है। इस क्षेत्र में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। स्पीति घाटी के काजा में पिछले हफ्ते न्यूनतम तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
इसके अलावा केलांग में भी तापमान माइनस चार से माइनस 10 डिग्री के बीच बना हुआ है। हालांकि इस बार अभी तक बर्फबारी अपेक्षा से कम हुई है, लेकिन सूखी ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
दिल्ली-एनसीआर: प्रदूषण और सर्दी का दोहरा असर
देश की राजधानी दिल्ली व इससे सटे एनसीआर में सुबह और शाम के समय ठंड का सितम बढ़ गया है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमानों मंस से एक है। अधिकतम तापमान लगभग 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, हालांकि पिछले 24 घंटों में इसमें हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। वहीं आज दिल्ली में अधिकतम तापमान के 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम के साथ-साथ प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है। गाजियाबाद में आज भी बेहद खराब हवा का सामना कर रहा है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 से पार पहुंच गया है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने का खतरा बढ़ गया है।
मध्य भारत: शीतलहर की चेतावनी
मध्य भारत के कई हिस्सों में हाड़ कंपाने वाली शीतलहर चल रही है। मध्य महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज, 19 नवंबर को गंभीर शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 19 और 20 नवंबर को शीतलहर चलने के आसार बने हुए हैं।
इसके साथ ही पश्चिम और मध्य भारत में अगले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। उसके बाद तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
पूर्वी और उत्तर-पूर्व भारत: तापमान में हल्की बढ़ोतरी और कुछ हिस्सों में कोहरा
पूर्वी और उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। उसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, विशेषकर वाराणसी में भी सुबह के समय 500 मीटर तक की दृश्यता दर्ज की गई, जिससे यातायात पर हल्का असर पड़ा।
दक्षिण भारत: भारी बारिश, समुद्री हवाएं और दो कम दाब के क्षेत्र
दक्षिण भारत के मौसम में इस समय सबसे ज्यादा हलचल है। कोमोरिन क्षेत्र में कम दाब का क्षेत्र सक्रिय हो गया है और इससे पूरे क्षेत्र में हवाओं की गति बढ़ गई है। इसके अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।
इसके अलावा, 22 नवंबर के आसपास बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी में एक नए कम दबाव के क्षेत्र के बनने के आसार हैं। इसके अगले 48 घंटों में मजबूत होकर आगे बढ़ने का पूर्वानुमान है। इससे तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
वहीं आज, 19 नवंबर, 2025 को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक पानी बरस सकता है। विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण केरल तट से सटे लक्षद्वीप के इलाकों, कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व के निकटवर्ती इलाकों, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 60 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने का अंदेशा है। इस मौसमी गतिविधि को देखते हुए विभाग ने मछुआरों को समुद्र से दूर रहने का सुझाव दिया है।
कुल मिलाकर देश में मौसम इन दिनों काफी अलग-अलग रूप दिखा रहा है। कहीं कड़ाके की ठंड है, कहीं बारिश, तो कहीं धुंध और प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। उत्तर व मध्य भारत में ठंड तेजी से बढ़ रही है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी है। आगामी दिनों में तापमान और बारिश को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करते हुए सतर्क रहना जरूरी है, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 18 नवंबर, 2025 को कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिम मध्य प्रदेश के राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल 18 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अधिकतर इलाकों, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कल कहां कितना बरसा पानी?
कल 18 नवंबर, 2025 को केरल और माहे के कयामकुलम में 12 सेमी,थाइकट्टुसेरी में 5 सेमी, तिरुवनंतपुरम-शहर में 4 सेमी, तिरुवनंतपुरम-हवाई अड्डे में 3 सेमी, कोट्टायम में 2 सेमी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के तेनकासी में 7 सेमी, कन्याकुमारी और चेन्नई प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।