विश्व उच्च रक्तचाप दिवस 2025 की थीम "अपने रक्तचाप को सही तरीके से मापें, इसे नियंत्रित करें, लंबे समय तक जीवित रहें" है।  फोटो साभार: आईस्टॉक
स्वास्थ्य

विश्व उच्च रक्तचाप दिवस : 46 फीसदी वयस्क इस बात से अनजान हैं कि उन्हें यह बीमारी है

डब्ल्यूएचओ के अनुसार, उच्च रक्तचाप से हर साल 75 लाख से अधिक लोगों की मौत होती है और दुनिया भर में 1.28 अरब से अधिक लोग इससे प्रभावित होते हैं।

Dayanidhi

हर साल 17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया जाता है, ताकि इस बीमारी के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाई जा सके। उच्च रक्तचाप जिसे हाइपरटेंशन भी कहा जाता है, के कारणों और खतरों के अध्ययन पर अधिक ध्यान देना जरुरी हो गया है।

उच्च रक्तचाप एक गंभीर स्थिति है जो तब होती है जब हमारी रक्त वाहिकाएं अत्यधिक दबाव (140/90 एमएमएचजी या उससे अधिक) में होती हैं। इसका तुरंत इलाज किया जाना चाहिए क्योंकि अगर इसे नजरअंदाज किया गया तो यह हृदय रोग, दिल का दौरा या स्ट्रोक जैसी अधिक गंभीर और घातक स्थितियों में बदल सकता है।

विश्व उच्च रक्तचाप दिवस 2025 की थीम "अपने रक्तचाप को सही तरीके से मापें, इसे नियंत्रित करें, लंबे समय तक जीवित रहें" है। हर साल, विश्व उच्च रक्तचाप दिवस एक थीम के साथ मनाया जाता है जो उच्च रक्तचाप के प्रबंधन, रोकथाम या जागरूकता बढ़ाने के एक अहम पहलू पर प्रकाश डालता है।

विश्व उच्च रक्तचाप लीग (डब्ल्यूएचएल) ने उच्च रक्तचाप के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विश्व उच्च रक्तचाप दिवस की शुरुआत की। उन्होंने 14 मई, 2005 को पहला विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया। तब से, हर साल 17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया जाता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, उच्च रक्तचाप से हर साल 75 लाख से अधिक लोगों की मौत होती है और दुनिया भर में 1.28 अरब से अधिक लोग इससे प्रभावित होते हैं। उच्च रक्तचाप के बारे में जानकारी की कमी के कारण, बहुत से लोग इसके लक्षणों की पहचान नहीं कर पाते हैं।

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, उच्च रक्तचाप से पीड़ित 46 फीसदी वयस्क इस बात से अनजान हैं कि उन्हें यह बीमारी है। उच्च रक्तचाप से पीड़ित आधे से भी कम वयस्कों (42 फीसदी) का निदान और उपचार किया जाता है। उच्च रक्तचाप से पीड़ित लगभग पांच में से एक वयस्क (21 फीसदी) इसे नियंत्रण में रखता है।

उच्च रक्तचाप दुनिया भर में समय से पहले मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। गैर-संचारी रोगों के लिए वैश्विक लक्ष्यों में से एक 2010 से 2030 के बीच उच्च रक्तचाप के प्रसार को 33 फीसदी तक कम करना है।

क्या हैं उच्च रक्तचाप के लक्षण, कारण और उपचार?

अधिकांश लोगों में, उच्च रक्तचाप आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखाता है। हालांकि जिन लोगों का रक्तचाप बहुत अधिक होता है उनमें निम्नलिखित लक्षण हो सकते हैं: भयानक सिरदर्द, छाती में दर्द, सांस लेने में समस्या, चक्कर आना, चिंता, भ्रम, बेचैनी, उल्टी, दृष्टि में परिवर्तन, नाक से खून आना और असामान्य दिल की धड़कन।

रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार, उच्च रक्तचाप आमतौर पर धीरे-धीरे दिखाई देता है। इसे खराब जीवनशैली विकल्पों जैसे खराब खान-पान की आदतों और शारीरिक गतिविधि की कमी से जोड़ा जा सकता है। मोटापा और मधुमेह दो चिकित्सा स्थितियां हैं जो उच्च रक्तचाप के खतरे को बढ़ा सकती हैं। गर्भावस्था से संबंधित उच्च रक्तचाप कभी-कभी भी हो सकता है।

अत्यधिक रक्तचाप या हाइपरटेंशन का पता लगाने और उसे नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से रक्तचाप की निगरानी की जानी चाहिए, जो हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का मुख्य कारण है। यह स्वास्थ्य विकारों की पहचान करने और रक्तचाप पर जीवनशैली के प्रभाव का आकलन करने में भी सहायता करता है।