साल 1990 के बाद वयस्कों में मोटापे की दर दोगुने से अधिक, जबकि किशोरों में चार गुना बढ़ चुकी है। फोटो साभार: आईस्टॉक
स्वास्थ्य

मोटापे से जूझ रहे हैं एक अरब से ज्यादा लोग, लगाम के लिए 21 देशों ने मिलाया हाथ

दुनिया में हर सातवां व्यक्ति मोटापे की चपेट में, बच्चों और किशोरों में तेजी से बढ़ रही समस्या; डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ ने शुरू की नई पहल

Dayanidhi

  • दुनिया में एक अरब से अधिक लोग मोटापे से प्रभावित हैं, यानी हर सात में से एक व्यक्ति मोटापे की चपेट में है।

  • साल 1990 के बाद वयस्कों में मोटापे की दर दोगुने से अधिक, जबकि किशोरों में चार गुना बढ़ चुकी है।

  • वर्ष 2025 में पहली बार 5 से 19 वर्ष के बच्चों में मोटापा, कम वजन से अधिक आम कुपोषण बना।

  • 21 देशों ने डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के साथ मिलकर 2030 तक राष्ट्रीय मोटापा दर पांच प्रतिशत घटाने का संकल्प लिया।

  • वैश्विक अभियान में स्तनपान, पौष्टिक आहार, स्वस्थ स्कूल, मीठे पेय पर कर और बच्चों को जंक फूड विज्ञापनों से बचाने पर जोर है।

मोटापा अब केवल शरीर का बढ़ता वजन नहीं, बल्कि दुनिया के सामने खड़ी एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। कभी कुपोषण की चर्चा भूख और कम वजन तक सीमित रहती थी, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। दुनिया में एक अरब से अधिक लोग मोटापे के साथ जी रहे हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्पेन समेत 21 देशों ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और यूनिसेफ के साथ मिलकर मोटापे के खिलाफ वैश्विक अभियान शुरू किया है। इस पहल का नाम है- 'बेंडिंग द कर्व बाय 2030' यानी 2030 तक मोटापे की बढ़ती रफ्तार पर लगाम लगाना।

इस अभियान के तहत भाग लेने वाली सरकारों ने वर्ष 2030 तक अपने देशों में मोटापे की व्यापकता में पांच प्रतिशत की कमी लाने का संकल्प लिया है। इसके लिए बचाव, समय रहते पहचान और बेहतर इलाज पर एक साथ काम किया जाएगा।

बच्चों में भी तेजी से फैल रहा मोटापा

मोटापे के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। दुनिया में अब हर सात में से एक व्यक्ति मोटापे से प्रभावित है। वर्ष 1990 के बाद से वयस्कों में मोटापे की दर दोगुने से अधिक हो चुकी है, जबकि किशोरों में यह चार गुना बढ़ गई है। सबसे चिंताजनक बात बच्चों से जुड़ी है। वर्ष 2025 में पहली बार 5 से 19 वर्ष की उम्र के बच्चों और किशोरों में मोटापा, कम वजन की तुलना में कुपोषण का अधिक आम रूप बन गया।

यह बदलाव बताता है कि अब कुपोषण की समस्या केवल भोजन की कमी नहीं है। गलत खानपान, शारीरिक गतिविधियों में कमी और अस्वस्थ जीवनशैली भी बच्चों के स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल रही है।

मोटापा कई बीमारियों का दरवाजा

डब्ल्यूएचओ मोटापे को केवल शारीरिक बनावट या सौंदर्य से जुड़ी समस्या नहीं मानता। यह एक दीर्घकालिक और जटिल बीमारी है, जो कई गंभीर गैर-संचारी रोगों का खतरा बढ़ाती है। इनमें हृदय रोग, मधुमेह और कुछ प्रकार के कैंसर शामिल हैं।

डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधनोम घेब्रेयेसस ने कहा कि मोटापा आज के दौर की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है, लेकिन इसका लगातार बढ़ना तय नहीं है। सरकारें स्वस्थ वातावरण तैयार करके, बच्चों को अस्वस्थ खानपान से बचाकर और मोटापे से प्रभावित लोगों को जरूरी इलाज उपलब्ध कराकर इस स्थिति को बदल सकती हैं।

स्कूलों से लेकर रसोई तक बदलनी होगी तस्वीर

इस वैश्विक अभियान की खास बात यह है कि इसमें मोटापे से लड़ने के लिए किसी एक उपाय पर निर्भर रहने के बजाय कई स्तरों पर काम करने की बात कही गई है। सरकारों को स्तनपान को बढ़ावा देने, छोटे बच्चों को उम्र के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने और स्कूलों में स्वस्थ भोजन का माहौल बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

इसके अलावा चीनी मिले पेय पदार्थों पर कर लगाने, पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर स्पष्ट पोषण संबंधी जानकारी देने और बच्चों को अस्वस्थ खाद्य पदार्थों के विज्ञापनों से बचाने जैसे कदम भी सुझाए गए हैं। लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में शारीरिक गतिविधियों के अधिक अवसर देने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मोटापे की रोकथाम तथा इलाज की सुविधाएं मजबूत करने पर भी जोर है।

जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय निगरानी में दवाओं के इस्तेमाल यानी फार्माकोथेरेपी को भी उपचार का हिस्सा बनाने की बात कही गई है।

मरीज नहीं, बदलाव के भागीदार होंगे मोटापे से जूझ रहे लोग

इस पहल का एक अहम संदेश यह भी है कि मोटापे से प्रभावित लोगों को केवल इलाज पाने वाला मरीज नहीं समझा जाना चाहिए। उन्हें नीतियां बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की प्रक्रिया में भागीदार बनाया जाना चाहिए। मोटापे से जुड़ी सामाजिक झिझक और भेदभाव को दूर करना भी जरूरी है।

स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया गोमेज ने कहा कि वर्ष 2030 तक बचपन के मोटापे में पांच प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य है। इसकी सफलता इस बात से तय होगी कि नीतियों का लाभ स्कूलों, मोहल्लों और खासकर उन परिवारों तक पहुंचे, जिन्हें स्वस्थ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हासिल करने में सबसे ज्यादा मुश्किल होती है।

बदलाव संभव, अब अमल की बारी

दुनिया के कुछ देशों से मोटापे की दर में शुरुआती गिरावट के संकेत मिले हैं। डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ इन रुझानों का अध्ययन कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि किन उपायों से सकारात्मक बदलाव आया और उन्हें दूसरे देशों में कैसे अपनाया जा सकता है।

त्रिनिदाद और टोबैगो की चिकित्सक तथा वर्ल्ड ओबेसिटी फेडरेशन की बोर्ड सदस्य डॉ. करेन सीली ने भी डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और मोटापे के क्षेत्र में काम कर रहे संगठनों के साझा प्रयासों को जरूरी बताया है।

साफ है कि मोटापे के खिलाफ लड़ाई केवल अस्पतालों और दवाइयों तक सीमित नहीं रह सकती। इसकी शुरुआत घर की थाली, बच्चों के टिफिन, स्कूल के मैदान और शहरों की सड़कों से होती है। स्वस्थ भोजन, नियमित शारीरिक गतिविधि और समय पर इलाज को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। 2030 का लक्ष्य महज आंकड़ों में पांच प्रतिशत की कमी लाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अधिक स्वस्थ जीवन देने की दिशा में कदम बढ़ाना है।