वन्य जीव एवं जैव विविधता

वैज्ञानिकों ने इक्वाडोर में खोजी सांपों की तीन दुर्लभ नई प्रजातियां

Dayanidhi

वैज्ञानिकों की एक टीम ने इक्वाडोर के एंडीज में दूरदराज के शहरों के कब्रिस्तानों और चर्चों के नीचे छिपे तीन नए क्रिप्टोज़ोइक अथवा जमीन के नीचे रहने वाले सांपों की खोज की है। नए सांप, छोटे, बेलनाकार और प्राचीन हैं, इनका नाम उन संस्थानों या लोगों के सम्मान में रखा गया है जो उष्णकटिबंधीय इलाकों के सुदूर जंगलों में खोज और संरक्षण का समर्थन करते हैं।

यह खोज द एक्सप्लोरर्स क्लब डिस्कवरी एक्सपेडिशन और खमई फाउंडेशन के शोधकर्ता एलेजांद्रो आर्टेगा के नेतृत्व में की गई है।

इक्वाडोर के एंडीज में, एट्रैक्टस वंश से संबंधित सांपों के जीवाश्म पाए गए हैं। ये जमीन के नीचे रहने वाले सांप दुनिया में सबसे अधिक प्रजाति-समृद्ध सांप हैं। दुनिया भर में इनकी अब तक 150 प्रजातियों की जानकारी हैं, लेकिन बहुत कम लोगों ने उनके अस्तित्व के बारे में देखा या सुना है।

यह शायद इसलिए है क्योंकि ये सांप शर्मीले और आम तौर पर दुर्लभ होते हैं और वे अपने जीवन के अधिकांश समय छिपे रहते हैं। इसके अतिरिक्त, उनमें से अधिकांश दूरस्थ वर्षा वनों में जमीन के नीचे या गहरी दरारों में रहते हैं।

तीन नई प्रजातियों की खोज ऐसे जगहों पर हुई जहां इन जीवों के मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती थी। डिस्कवरी ग्राउंड स्नेक (एट्रैक्टस डिस्कवरी) दक्षिण पूर्वी इक्वाडोर के एक सुदूर जंगलों तथा शहर में एक छोटे से कब्रिस्तान की जमीन के नीचे छिपा हुआ पाया गया, जबकि दो अन्य नई प्रजातियां एक पुराने चर्च के अलावा एक छोटे से स्कूल में पाई गईं। इस सबसे पता चलता है कि, कम से कम एंडीज में, सांपों की और अधिक नई प्रजातियां छिपी हो सकती हैं।

आर्टेगा द्वारा किए गए अध्ययन से पता चलता है कि नए सांपों के अधिकांश मूल निवास पहले ही नष्ट हो चुके हैं। लगातार घटते जंगलों के परिणामस्वरूप, जमीन के नीचे रहने वाले मृत और जीवित दोनों सांपों का लोगों द्वारा उपयोग किया जाता है, शरण लेने वाली जगहों पर वे आमतौर पर देखते ही मारे जाते हैं।

शिक्षक डिएगो पियान कहते हैं जब मैं पहली बार 2013 में एल चाको पहुंचा, तो मुझे सड़क पर कई मरे हुए सांप दिखाई दिए थे। अब, सांपों के महत्व के बारे में बात करने के वर्षों के बाद, बच्चों और उनके माता-पिता दोनों, अभी भी सांपों से सावधान रहते हुए, अब उनकी सराहना और रक्षा करते हैं।

डिएगो ने कहा उन्होंने कभी भी मृत सांपों को नहीं फेंका जो उन्हें मिले, उन्होंने उन्हें शराब से भरे जार में संरक्षित किया और बाद में इन्हें आर्टेगा द्वारा प्रजातियों को विज्ञान के लिए नए रूप में दर्ज करने के लिए उपयोग किया गया।

सांपों के महत्व के बारे में बताने के अलावा, प्रजातियों के नामकरण की प्रक्रिया एक नए जानवर के अस्तित्व और उसके विलुप्त होने के खतरे के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए महत्वपूर्ण है। इस विशेष मामले में, दो नए सांपों को निकट भविष्य में विलुप्त होने के सबसे अधिक खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

खोज प्रक्रिया वन्यजीवों की रक्षा के लिए काम कर रहे लोगों और संस्थानों के काम को पहचानने और सम्मान देने का अवसर भी प्रदान करती है।

एट्रैक्टस डिस्कवरी का नाम द एक्सप्लोरर्स क्लब डिस्कवरी एक्सपीडिशन ग्रांट्स पहल का सम्मान करने के लिए रखा गया था, जो मानवता और पृथ्वी तथा उससे आगे के सभी जीवन की बेहतरी के लिए वैज्ञानिक समझ को बढ़ावा देने वाला एक कार्यक्रम है।

यह कार्यक्रम दुनिया भर के शोधकर्ताओं और खोजकर्ताओं को जलवायु परिवर्तन को कम करने, प्रजातियों और संस्कृतियों के विलुप्त होने को रोकने और पृथ्वी और उसके निवासियों के स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने की उनकी खोज में सहायता करता है।

एट्रैक्टस जगैप का नाम जूलॉजिकल सोसाइटी फॉर द कंजर्वेशन ऑफ स्पीशीज एंड पॉपुलेशन (जेडजीएपी) के सम्मान में रखा गया था, जो एक कार्यक्रम है जो दुनिया भर में अज्ञात लेकिन अत्यधिक लुप्तप्राय प्रजातियों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण की मांग करता है। जेडजीएपी कार्यक्रम उन युवा वैज्ञानिकों के फील्डवर्क का समर्थन करता है जो अपने घरेलू देशों में संरक्षण परियोजनाओं को लागू करने और शुरू करने के लिए उत्सुक हैं।

एट्रैक्टस मिचैलसबीनी का नाम एक युवा प्रकृति प्रेमी, माइकल सबिन, अमेरिकी संरक्षणवादी एंड्रयू "एंडी" सबिन के पोते के सम्मान में रखा गया था। संरक्षण संगठन रे:वाइल्ड के माध्यम से, सबिन परिवार ने खतरे वाले सरीसृपों के क्षेत्र में शोध का समर्थन किया है और दुनिया भर में हजारों एकड़ महत्वपूर्ण आवास की रक्षा की है।

सह-अध्ययनकर्ता और यूनिवर्सिडैड सैन फ्रांसिस्को डी क्विटो के प्रोफेसर डॉ. जुआन एम. गुआयासामिन कहते हैं कि नामकरण प्रजाति जीव विज्ञान के मूल में है। एक भी अध्ययन वास्तव में पूर्ण नहीं है यदि यह प्रजातियों के नाम से जुड़ा नहीं है और अधिकांश प्रजातियां जो हमारे साथ रहती हैं, उनका वर्णन नहीं किया गया है।

आर्टेगा कहते हैं कि इन नए सांपों की खोज एक बहुत बड़ी संरक्षण परियोजना की दिशा में पहला कदम है। अब, जेडजीएपी के सहयोग से हमने पहले से ही जमीन के नीचे रहने वाले सांपों की रक्षा के लिए एक प्रकृति रिजर्व स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पहले इन अनोखे और गुप्त सरीसृपों के अस्तित्व का अनावरण किए बिना संभव नहीं होगी। यह शोध जूकेज नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।