बांग्लादेश के 2011 के एक अध्ययन में पाया गया कि 2005 में सर्वेक्षण शुरू होने के बाद से पांच मादा ऑलिव रिडले समुद्री कछुओं को कुत्तों ने मार डाला था। फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स, बर्नार्ड स्प्रैग
वन्य जीव एवं जैव विविधता

समुद्री कछुओं को अपना शिकार बना रहे हैं कुत्ते, अध्ययन में खुलासा

Dayanidhi

कुत्ते अब कछुओं का शिकार करने लगे हैं। वे न केवल कछुओं के अंडे खा रहे हैं, बल्कि जिंदा कछुओं पर हमला करके उन्हें मार देते हैं या उन्हें घायल कर देते हैं। ऐसा एक अध्ययन में पता चला है।

साल 2010 से ब्राजील के उत्तर-पूर्वी तटरेखा के किनारे कछुओं से संबंधित हादसों का दस्तावेजीकरण कर रहे शोधकर्ताओं को समुद्र तट पर मृत समुद्री कछुए पड़े मिले। उनके पंख कटे हुए थे, उनके गले पर काटने के निशान थे, रेत पर खून फैला हुआ था। मृत या मरते हुए सरीसृपों के आस-पास पाए गए पंजे के निशान एकमात्र जानवर की ओर इशारा कर रहे थे, वे कुत्ते थे।

वैज्ञानिकों ने लंबे समय से कुत्तों द्वारा समुद्री कछुओं का शिकार करने उनके घोंसलों और यहां तक कि अंडे देने के लिए किनारे पर आने वाली वयस्क मादाओं पर हमला कर उनका शिकार करते देखा गया है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वे कितना बड़ा खतरा पैदा करते हैं, खासकर जगुआर और कोयोट जैसे अधिक खतरनाक कछुआ शिकारियों के मुकाबले।

अध्ययन करने वाली एक टीम ने इसे बदलना शुरू कर दिया है। सर्वेक्षणों ने दुनिया भर के अहम समुद्री कछुओं के घोंसले वाले समुद्र तटों पर कुत्तों के हमलों का पता लगाया है। अधिकांश पीड़ित कमजोर या लुप्तप्राय प्रजातियों के हैं, इसलिए विशेषज्ञों का कहना है कि एक भी वयस्क की मौत प्रजनन आबादी के लिए एक बड़ा झटका है।

क्या हम जानते हैं कि कुत्ते समुद्री कछुओं के लिए खतरा हैं?

कुत्तों द्वारा समुद्री कछुओं और उनके अंडों का शिकार करने की छिटपुट रिपोर्ट दशकों पहले सामने आने लगी थी। उदाहरण के लिए, 1979 के एक अध्ययन में पाया गया कि कोस्टा रिका के टोर्टुगुएरो नेशनल पार्क में पांच महीनों के दौरान शिकारियों द्वारा 38 फीसदी घोंसलों को नष्ट कर दिया गया था। अपराधियों में कोटिमुंडी और गिद्ध शामिल थे, लेकिन शोधकर्ताओं ने पाया कि कुत्तों ने सबसे ज्यादा नुकसान किया।

दुनिया के कुछ हिस्सों में, भटकते कुत्ते जीवन की एक सच्चाई हैं। उन्हें कभी-कभी स्थानीय लोग खाना खिलाते हैं, लेकिन अक्सर वे खुद भी भोजन की तलाश करते हैं। शोध के हवाले से कोस्टा रिकन एलायंस फ़ॉर सी टर्टल कंजर्वेशन एंड साइंस की समुद्री जीवविज्ञानी क्रिस्टीन फ़िगनर कहती हैं, "आमतौर पर आपके पास आधे रूप से जंगली या जंगली कुत्ते होते हैं, जहां पास में कोई गांव होता है।"

हालांकि, कुत्तों द्वारा कछुओं और उनके अंडों का शिकार करने की सीमा स्पष्ट नहीं है। अधिकांश प्रकाशित शोध केवल छोटी अवधि पर आधरित रहे हैं और घोंसले के शिकार के मामले में कभी-कभी कुत्तों पर आंकड़ों को अन्य जानवरों के प्रभावों के साथ मिला दिया गया है। लोग कुत्तों से प्यार करते हैं। वे इस बारे में बात नहीं करना चाहते कि कुत्ते क्या कर रहे हैं। यही एक कारण है कि इस विषय पर शायद उतना प्रकाशित शोध नहीं है।

क्या कहता है नया शोध?

अब तक प्रकाशित सबसे लंबी अवधि के आंकड़े मार्च में सामने आए। यूनाइटेड किंगडम के मरीन बायोलॉजिकल एसोसिएशन के जर्नल में, ब्राजील के शोधकर्ताओं ने बताया कि, 2010 से 2019 के बीच, कुत्तों ने 55 वयस्क समुद्री कछुओं को मार डाला। पीड़ित ऑलिव रिडले (लेपिडोचेलिस ओलिवेसिया), लॉगरहेड (कैरेटा कैरेटा) और लुप्तप्राय हरे (चेलोनिया मायडास) समुद्री कछुए थे।

इसी तरह के आंकड़े अन्य जगहों से भी सामने आए हैं। 2022 के एक अध्ययन में कोस्टा रिका में समुद्री कछुओं पर कुत्तों के शिकार का दस्तावेजीकरण किया गया। दो ऑलिव रिडले समुद्री कछुओं के कवच कुत्तों द्वारा तोड़ दिए गए थे और कंधों और कमर के कुछ हिस्से खा लिए गए थे। ग्रीस में, 2014 और 2015 में कुत्तों द्वारा 18 लॉगरहेड समुद्री कछुए घायल पाए गए, जिनमें से दो की मृत्यु हो गई। 2018 और 2023 के बीच उत्तरी साइप्रस में कुत्तों द्वारा सात हरे और लॉगरहेड समुद्री कछुए घायल पाए गए।

इस बीच, बांग्लादेश के 2011 के एक अध्ययन में पाया गया कि 2005 में सर्वेक्षण शुरू होने के बाद से पांच मादा ऑलिव रिडले समुद्री कछुओं को कुत्तों ने मार डाला था। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में, 2006 के एक अध्ययन के अनुसार, नौ ऑलिव रिडले को कुत्तों ने मार डाला गया।

द्वीप समूह पर आधारित संरक्षण संगठन प्रोजेक्ट बायोडायवर्सिटी के अनुसार, 2021 और 2022 में कैबो वर्डे द्वीपसमूह के साल द्वीप पर कुत्तों ने दर्जनों कछुओं पर हमला किया। एक अन्य घटना में, उनकी टीम को एक कछुआ मिला जिसका सिर फट गया था, जिससे मस्तिष्क बाहर आ गया था।

2021 में 12 कछुए मर गए और 2022 में नौ। कैबो वर्डे में स्थित एक अन्य संरक्षण संगठन बायोस्फ़ेरा के संरक्षण विभाग के मुताबिक, वे  जितने भी कछुओं को कुत्तों से बचाने में कामयाब रहे, वे सभी मर गए। उन्होंने शोध में बताया कि उन्होंने सर्जरी करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें जीवित रखने में कामयाब नहीं हुए।

फ्लोरिडा स्थित सी टर्टल कंजरवेंसी द्वारा साइंस को उपलब्ध कराए गए आंकड़ों से पता चलता है कि 2013 से 2023 तक, पनामा के चिरिकी तट पर गंभीर रूप से लुप्तप्राय हॉक्सबिल समुद्री कछुए के घोंसलों का शिकार संगठन द्वारा बार-बार हस्तक्षेप के बावजूद अपेक्षाकृत स्थिर रहा है। शिकार की दर 2014 में 49 फीसदी पर चरम पर थी, लेकिन वे आज भी और अधिक बनी हुई हैं: 2023 में, लगभग 30 फीसदी घोंसलों को कुत्तों ने नष्ट कर दिया।

अन्य स्थलीय शिकारियों की तुलना में कुत्ते कितने बड़े खतरा हैं?

समुद्री कछुए ज़मीन पर कई शिकारियों का सामना करते हैं। जगुआर मध्य और दक्षिण अमेरिका में वयस्क समुद्री कछुओं को मार देते हैं, जबकि छोटे मांसाहारी जानवर जैसे लोमड़ी, स्कंक, कोयोट, सियार और डिंगो दुनिया के विभिन्न हिस्सों में घोंसलों का शिकार करते हैं।

यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि इन अन्य शिकारियों की तुलना में कुत्ते कितने खतरनाक हैं, क्योंकि सभी प्रकार के शिकार के बारे में आंकड़े बहुत कम है। हजारों कछुए समुद्र तटों पर आते हैं और उनमें से केवल मुट्ठी भर का ही अध्ययन किया जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में कुत्तों के शिकार की वजह से समुद्री कछुओं की मृत्यु या घोंसलों का शिकार काफी हद तक होता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह महत्वहीन हो सकता है।

कभी-कभी, केवल कुत्ते ही कछुओं पर हमला नहीं करते हैं, कुत्ते दूसरे शिकारियों को भी शिकार बनाने में मदद कर सकते हैं। शोधकर्ता के मुताबिक, कुत्ते कोस्टा रिका के प्लाया ओस्टियोनल में घोंसलों को खोद देते हैं, उदाहरण के लिए, जिससे काले गिद्ध (कोरागिप्स एट्राटस) बचे हुए अंडे ले जाते हैं।

इस बारे में क्या कहते हैं वैज्ञानिक और संरक्षण विशेषज्ञ?

दुनिया भर में, संरक्षण में कछुओं के घोंसलों को पिंजरे में बंद करना या उनका स्थान बदलना शामिल है। 1990 के दशक में तुर्की के दो समुद्र तटों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि घोंसलों पर रखी गई धातु की जाली ने कई सालों तक कुत्तों और लोमड़ियों द्वारा शिकार को काफी हद तक कम कर दिया। इस बीच, 2019 के कोस्टा रिकन अध्ययन से पता चला है कि बांस की बाड़ ने 48 फीसदी मामलों में कुत्तों द्वारा घोंसलों का शिकार करने के प्रयासों को कम से कम आंशिक रूप से रोका।

हालांकि शोधकर्ताओं का कहना है कि कुत्ते हमेशा इन उपायों से नहीं डरते। उनकी टीम ने इंडोनेशिया में अंडों को संरक्षित क्षेत्र में पहुंचाया, लेकिन कुत्ते इसे तोड़ने में कामयाब रहे। शोधकर्ताओं ने बताया कि कुत्ते बाड़ के ऊपर चढ़ गए और अंडे खा गए।