फोटो: आईस्टॉक 
वन्य जीव एवं जैव विविधता

श्रीलंका में हाथियों के सामाजिक संबंधों पर संकट, घटती आबादी से बढ़ रही चुनौतियां

विज्ञान पत्रिका साइंस में प्रकाशित इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने श्रीलंका के उदावालावे राष्ट्रीय उद्यान में 12 वर्षों तक 443 मादा हाथियों पर नजर रखी गई

Himanshu Nitnaware

एशियाई हाथी अपने मजबूत सामाजिक संबंधों और करीबी पारिवारिक समूहों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन श्रीलंका के कुछ हिस्सों में ये हाथी तेजी से अकेले पड़ते जा रहे हैं। एक नए अध्ययन में पाया गया है कि हाथियों की मौत, दूसरे क्षेत्रों में पलायन और उनके प्राकृतिक आवासों के नष्ट होने से उनके सामाजिक संबंधों का ताना-बाना बिखर रहा है।

12 नवंबर, 2026 को विज्ञान पत्रिका साइंस में प्रकाशित इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने श्रीलंका के उदावालावे राष्ट्रीय उद्यान में 12 वर्षों तक 443 मादा हाथियों पर नजर रखी। इस दौरान उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि हाथियों की आबादी में बदलाव का उनके आपसी संबंधों पर क्या असर पड़ता है।

शोधकर्ताओं ने पाया कि हाथियों की मौत, खासकर उन हाथियों की जो अलग-अलग सामाजिक समूहों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं, पूरे सामाजिक नेटवर्क को कमजोर कर देती है। इससे बचे हुए हाथियों के अपने पुराने साथियों से दोबारा मिलने और संबंध कायम करने की संभावना भी कम हो जाती है।

अध्ययन के निष्कर्ष इस बात को लेकर चिंता बढ़ाते हैं कि हाथियों की घटती आबादी के साथ उनके सामाजिक ढांचे के बिखरने से उनके सामने नए खतरे भी पैदा हो सकते हैं।

हाथियों के आपसी रिश्तों में कैसे आ रहा है बदलाव

जब 2006 में यह अध्ययन शुरू हुआ, तब शोधकर्ताओं ने हाथियों के 20 सामाजिक समूहों की पहचान की थी। प्रत्येक समूह में औसतन 14 हाथी थे।

2012 तक हाथियों की आबादी एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई। इस समय हाथियों की मौत और स्थायी रूप से दूसरे क्षेत्रों में चले जाने की संख्या, जन्म लेने वाले और नए आने वाले हाथियों से अधिक होने लगी।

शोधकर्ताओं ने 7,744 बार किए गए अवलोकनों के आधार पर पाया कि 2007 में आबादी में मौजूद हाथियों में से 69 प्रतिशत की या तो 2018 तक मौत हो चुकी थी या वे स्थायी रूप से उस क्षेत्र को छोड़ चुके थे।

हाथी 60 साल या उससे अधिक समय तक जीवित रह सकते हैं। इसके बावजूद इस दौरान हुई मौतों में प्राकृतिक कारणों से हुई मौतों के अलावा अवैध शिकार की आशंका वाली या पुष्ट घटनाएं और दूसरे क्षेत्रों में स्थायी रूप से चले जाना भी शामिल था।

हाथियों की संख्या घटने के साथ ही उनके सामाजिक संबंधों का नेटवर्क भी बदलने लगा।

हाथियों के अपने पुराने साथियों से दोबारा मिलने और संबंध कायम करने की संभावना कम हो गई। वहीं, अलग-अलग समूहों को आपस में जोड़ने वाले हाथियों की कमी से केवल करीबी पारिवारिक समूह ही नहीं, बल्कि उनके बाहर के सामाजिक संबंध भी कमजोर पड़ने लगे।

आबादी में गिरावट का निर्णायक मोड़ आने के बाद पहले से मजबूत सामाजिक संबंधों के भी बदलने की आशंका बढ़ गई।

हालांकि, हाथियों के सबसे करीबी पारिवारिक रिश्ते अपेक्षाकृत मजबूत बने रहे। शोधकर्ताओं ने पाया कि मादा हाथियों की वंश परंपरा से जुड़े मूल पारिवारिक समूह काफी हद तक बरकरार रहे, जबकि उनके व्यापक सामाजिक संबंध बिखरते चले गए।

आवास का नुकसान और इंसानों के साथ टकराव

अध्ययन में हाथियों के सामाजिक संबंधों के टूटने के पीछे प्राकृतिक आवासों का बिगड़ना भी एक संभावित कारण बताया गया है।

उदावालावे में पौष्टिक स्थानीय घासों की जगह कम स्वाद वाली या तेजी से फैलने वाली झाड़ियों ने ले ली है। इससे हाथियों के लिए भोजन की उपलब्धता कम हो सकती है और एक ही जगह पर बड़ी संख्या में हाथियों के इकट्ठा होने की संभावना भी घट सकती है।

इसके अलावा, भौतिक बाधाएं और इंसानों के साथ बढ़ता टकराव भी हाथियों की आवाजाही को सीमित कर सकते हैं। इससे उनके लिए दूसरे क्षेत्रों में जाना या नए हाथियों का मौजूदा समूहों में शामिल होना मुश्किल हो जाता है।

नतीजतन, हाथी अब व्यापक सामाजिक नेटवर्क से जुड़े रहने के बजाय अपने आसपास रहने वाले और पहले से परिचित हाथियों के साथ ही अधिक समय बिताने लगे हैं।

शोधकर्ताओं ने चेताया कि हाथियों के मजबूत पारिवारिक संबंध उन्हें एक-दूसरे से जोड़े रखने में मदद करते हैं, लेकिन अलग-अलग समूहों के बीच के सामाजिक संबंध भी उनके सामाजिक ढांचे को स्थिर बनाए रखने के लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं।

ये व्यापक संबंध हाथियों को तब परिस्थितियों के अनुरूप ढलने में मदद करते हैं, जब उनके समूह का कोई सदस्य गायब हो जाता है या पर्यावरण में बदलाव आता है।

इसलिए, इन सामाजिक संबंधों का टूटना हाथियों की आबादी को भविष्य में होने वाले बदलावों और अन्य खतरों के प्रति और अधिक संवेदनशील बना सकता है।

संरक्षण के लिए एक छिपा हुआ खतरा

शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि हाथियों की लंबी उम्र और धीमी प्रजनन दर के कारण उनकी घटती आबादी के असर का तुरंत पता नहीं चल पाता।

शिकार या इंसानों के साथ टकराव में हाथियों की मौत के मामले तो दर्ज हो सकते हैं, लेकिन पर्यावरणीय दबावों के अप्रत्यक्ष प्रभावों, जैसे भोजन की कमी, को पहचानना कहीं अधिक मुश्किल होता है।

हाथियों के सामाजिक व्यवहार में बदलाव भी धीरे-धीरे सामने आते हैं। इस वजह से उनकी घटती संख्या के परिणामों को तब तक समझना मुश्किल हो सकता है, जब तक उनके व्यापक सामाजिक संबंध पहले ही कमजोर न हो चुके हों।

अध्ययन के मुताबिक, हाथियों की घटती आबादी और उनके कमजोर होते सामाजिक संबंध एक-दूसरे को और प्रभावित कर सकते हैं। इससे आबादी में गिरावट की रफ्तार और तेज हो सकती है।